Salman Khan स्टारर SVC63 को अनाउंस हुए कई महीने बीत चुके हैं. मगर मेकर्स ने अब तक इसका ऑफिशियल टाइटल रिवील नहीं किया. न ही फिल्म से जुड़ा कोई एसेट अब तक रिलीज़ किया गया है. बीच में इंटरनेट पर कई नाम सामने आते तो हैं. मगर उनकी पुष्टि नहीं हो पाती. मगर अब जो ताज़ा अपडेट बाहर आई है, उसके मुताबिक मेकर्स ने फिल्म का ऑफिशियल टाइटल फाइनल कर लिया है. और ये टाइटल है- Monster.
सलमान की SVC63 का टाइटल ऐसा खूंखार कि फैन्स खुशी से झूम जाएंगे
SVC63 के मेकर्स तीन नामों पर विचार कर रहे थे. अब फाइनल टाइटल लॉक कर चुके हैं. जल्द ही आएगा अनाउंसमेंट टीजर!

फिल्मफेयर ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि सलमान और डायरेक्टर वामसी पैडिपली की SVC63 को 'मॉन्स्टर' नाम दिया गया है. वैसे ये टाइटल शुरुआती दिनों से चर्चा में है. कुछ महीने पहले इंटरनेट पर ये कहा जा रहा था कि मेकर्स तीन नामों के बीच माथापच्ची कर रहे. इनमें से पहला था 'मॉन्स्टर'. दूसरा, 'द मैसेंजर'. और तीसरा 'रुद्र राज्यम्'.
ट्रेड सर्कल में इन नामों पर काफी समय से बात हो रही थी. चूंकि SVC63 एक स्पाय एक्शन थ्रिलर है, इसलिए 'द मैसेंजर' को पहली पसंद बताया जा रहा था. दूसरी तरफ़, इसमें सलमान का लुक काफी खूंखार होने वाला है. साथ ही वो फिल्म तोड़फोड़ एक्शन करते भी दिखेंगे. इसलिए फैंस चाहते थे कि मेकर्स इसे 'मॉन्स्टर' नाम दिया जाए. क्योंकि ये ज़्यादा कैची नाम है. जो फिल्म की मार्केटिंग में मददगार साबित होगा. अब जिस तरह की रिपोर्ट सामने आई है, उसके हिसाब से 'मॉन्स्टर' टाइटल को लॉक किया जा चुका है. लेकिन मेकर्स ने अब तक इस बारे में कोई अनाउंसमेंट नहीं की. मगर इस रिपोर्ट में बताया गया कि मेकर्स आने वाले हफ्ते में फिल्म का टाइटल अनाउंसमेंट टीजर रिलीज़ कर सकते हैं. 26 अगस्त को सलमान फिल्म इंडस्ट्री में अपने 38 साल पूरे कर रहे हैं. ऐसे में फैन्स को उम्मीद है कि SVC63 का पहला एसेट इस दिन रिलीज़ किया जा सकता है. हालांकि मेकर्स ने अब तक इस बाबत कुछ नहीं कहा है.
सलमान इस वक्त मुंबई के प्राइम फोकस स्टूडियो में SVC63 की शूटिंग कर रहे हैं. मेकर्स ने वहां अफगानिस्तान के एक गांव को रिक्रिएट किया है. मुंबई शेड्यूल में वो फिल्म के तीन बड़े एक्शन सीक्वेंस शूट करेंगे. चूंकि सलमान के बॉडी डबल को पिछले दिनों हार्ट अटैक आ गया था, इसलिए वो अपने हिस्से के एक्शन सीक्वेंस खुद ही शूट कर रहे हैं. क्योंकि सलमान नहीं चाहते कि किसी भी वजह से उनकी शूटिंग का फ्लो बिगड़े. उनके साथ नयनतारा, जैकी श्रॉफ, राहुल देव, अरविन्द स्वामी और अभिमन्यु सिंह भी इस शेड्यूल का हिस्सा होंगे. रिपोर्ट्स हैं कि फिल्म के आखिरी हिस्से की शूटिंग के लिए SVC63 की टीम यूरोप जाने वाल है. जहां ऑस्ट्रिया उनकी पहली पसंद बताई जा रही है.
प्रोड्यूसर दिल राजू ने बताया है कि SVC63 की शूटिंग अक्टूबर तक पूरी हो जाएगी. जहां तक रिलीज़ की बात है, ये मूवी अगले साल ईद यानी मार्च 2027 में रिलीज़ होगी. SVC63 का क्लैश प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ से होना है. मगर हालिया रिपोर्ट्स की मानें तो वांगा अपनी फिल्म को पोस्टपोन कर सकते हैं. हालांकि मेकर्स ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है. अब देखना है कि ‘स्पिरिट’ पोस्टपोन होती है या सलमान की फिल्म के साथ क्लैश करती है.
वीडियो: SVC63 का 16 मिनट का एक्शन ब्लूप्रिंट लीक? इंटरनेट पर वायरल हुआ मैप












