The Lallantop

'डियर सूर्यकांत इस्तीफा दें, हम किसी और को ढूंढ लेंगे', केरल कांग्रेस के पोस्ट पर बवाल

केरल कांग्रेस ने CJI सूर्यकांत के कानून-व्यवस्था को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताने वाले बयान पर सवाल उठाते हुए उनसे इस्तीफा देने को कहा. बीजेपी ने इसे न्यायपालिका को धमकाने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने वाला बयान बताया.

Advertisement
post-main-image
केरल कांग्रेस के सीजेआई पर पोस्ट को लेकर विवाद हो गया. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • केरल कांग्रेस ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से उनके कानून-व्यवस्था संबंधी बयान के खिलाफ इस्तीफा देने की मांग करते हुए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट किया था।
  • यह विवाद तब उत्पन्न हुआ जब CJI सूर्यकांत ने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था का मामला उनका अधिकार क्षेत्र नहीं है, और केरल कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध जताया था।
  • बीजेपी और केंद्रीय मंत्रियों ने कांग्रेस की इस मांग की आलोचना की, तथा कांग्रेस ने विवाद बढ़ने पर विवादित पोस्ट को सोशल मीडिया से हटा दिया।

केरल कांग्रेस ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से इस्तीफा ही मांग लिया है. 12 अक्टूबर को कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट से ऐसा पोस्ट किया कि बीजेपी ने सीधा कांग्रेस आलाकमान को घेर लिया. बीजेपी के जोरदार तरीके से विरोध जताने पर केरल कांग्रेस को पोस्ट डिलीट करनी पड़ी. 

Advertisement

बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस CJI को 'धमकाने' लगी है. वह भारत के सभी संवैधानिक संस्थाओं से नफरत करती है. बीजेपी ने ये आरोप भी लगाया कि कांग्रेस को लगता है कि ‘गांधी-वाड्रा परिवार संविधान से ऊपर’ हैं.

क्या मामला है? केरल कांग्रेस ने अपने डिलीटेड पोस्ट में क्या लिखा था? बीजेपी ने उस पर क्या-क्या प्रतिक्रिया दी. सबके बारे में बारी-बारी से जानते हैं.

Advertisement
कांग्रेस ने CJI पर क्या लिखा?

पहले ये जानते हैं कि केरल कांग्रेस ने अपने विवादित पोस्ट में लिखा क्या था? जाहिर है ये मामला चुनाव आयोग और सीईसी ज्ञानेश कुमार विरोधी आंदोलन से जुड़ा है. 12 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनों की वजह से दिल्ली में लगी पाबंदियों के बारे में सवाल आने पर CJI ने कहा था कि ये कानून व्यवस्था का मुद्दा है, ये उनका विषय नहीं है.

CJI के इस स्टेटमेंट पर केरल कांग्रेस ने काफी उग्र प्रतिक्रिया दी. पार्टी के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया गया. इसमें लिखा था, 

डियर सूर्यकांत, अगर कानून-व्यवस्था आपके अधिकार क्षेत्र में नहीं है तो अभी इस्तीफा दे दीजिए. हम आपकी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को ढूंढ लेंगे, जो इसे संभाल सके.

Advertisement
kerala
केरल कांग्रेस का पोस्ट बाद में डिलीट कर दिया गया.
बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला हमला

कांग्रेस का ये पोस्ट आते ही बीजेपी ने मुद्दा लपक लिया. बीजेपी के बड़े नेता और मंत्रियों ने कांग्रेस के इस स्टेटमेंट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अराजकता फैलाने वाली कांग्रेस इस हद तक गिर गई है, जो भारत के राजनीतिक इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया. केरल कांग्रेस ने अपने एक्स पोस्ट में ‘बेहद कायरतापूर्ण’ बात कही कि अगर कानून-व्यवस्था CJI के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती तो अपने पद से हट जाइए. हम किसी और को नियुक्त करने का इंतजाम कर लेंगे.

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा,

कांग्रेस पार्टी की एक राज्य इकाई, वह भी केरल जैसे राज्य में, जहां उसकी मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन की सरकार है, कैसे कह सकती है कि वह नए चीफ जस्टिस का फैसला कर सकती है और मौजूदा चीफ जस्टिस का इस्तीफा चाहती है. अब मुस्लिम लीग, माओवादी कांग्रेस और उनकी ‘दिमागी नक्सल’ मानसिकता का असली चेहरा सबके सामने आ गया है.

त्रिवेदी ने कहा कि केरल कांग्रेस मुख्य न्यायाधीश के लिए ‘डियर सूर्यकांत’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर रही है. उनके इस्तीफे की मांग कर रही है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि कभी मुख्य चुनाव आयुक्त, कभी गृह मंत्री, कभी प्रधानमंत्री और अब मुख्य न्यायाधीश. आखिर कांग्रेस चाहती क्या है? राजनीतिक विरोध के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना और देश में अराजकता का माहौल बनाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है.

सुधांशु त्रिवेदी के अलावा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस बयान पर कांग्रेस को घेरा और कहा, 

मैंने पहले ही कहा था कि कांग्रेस पार्टी का अगला निशाना न्यायपालिका है. कांग्रेस भारत के सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थानों को खत्म करना चाहती है. भारत विरोधी सभी गिरोह एक साथ आ रहे हैं.

ये भी पढ़ेंः 'इस तरह शब्दों को न पकड़ें', चुनाव आयोग के फॉर्म-6 पर सुप्रीम कोर्ट ने अब क्या कहा?

कांग्रेस का ‘चलो दिल्ली’ मार्च

हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद केरलम कांग्रेस ने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया. पार्टी के हैंडल पर ये पोस्ट अब दिखाई नहीं दे रही है. ये पोस्ट ऐसे वक्त में आई जब दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने बड़ा मार्च निकाला. इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक शामिल हुए.

सुप्रीम कोर्ट तक चले इस मार्च में अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, सुप्रिया सुले, संजय राउत, शशि थरूर, सचिन पायलट समेत कई विपक्षी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इसके बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में एक रिट याचिका दायर की, जिस पर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने साइन किए थे.

वीडियो: राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को सीजेआई ने मिलने का समय क्यों नहीं दिया? क्या कहा सुप्रीम कोर्ट ने?

Advertisement