असम इस वक्त पिछले छह दशक की सबसे भयानक बाढ़ का सामना कर रहा है. ऐसे में सरकार समेत कुछ सेलिब्रिटीज़ भी लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं. Randeep Hooda तो खुद ग्राउंड पर उतरकर बाढ़ पीड़ितों तक मदद पहुंचा रहे. जब Salman Khan को इस बारे में पता चला तो उन्होंने रणदीप से कॉन्टैक्ट किया. खबर है कि उनसे हालात का जायज़ा लेने के बाद सलमान ने लोगों के लिए 500 टेम्पररी घर बनवाने का फैसला किया है.
सलमान और रणदीप हूडा असम बाढ़ पीड़ितों के लिए 500 घर बनाएंगे!
रणदीप हूडा बाढ़ ग्रस्त इलाकों में जाकर लोगों की मदद कर रहे हैं. वहीं सलमान उन्हें लगातार राशन भेज रहे.

सलमान पिछले कई दिनों से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भिजवा रहे थे. इसमें बीइंग ह्यूमन और उनका असम फैन क्लब साथ मिलकर काम कर रहा था. पहले स्टेज में उन्होंने लोगों को जरूरत के हिसाब से इमरजेन्सी सुविधा पहुंचाई. दूसरे स्टेज में वो बाढ़ से अपना घर खोने वाले लोगों को दोबारा बसाने की तैयारी कर रहे हैं. इसका ख्याल उन्हें तब आया, जब उन्होंने रणदीप हूडा को ग्राउंड पर लोगों की मदद करते देखा.
बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से बताया, सलमान ने रणदीप के वीडियोज़ देखने के बाद उनसे कॉन्टैक्ट किया था. तब रणदीप ने उन्हें बाढ़ का आंखों देखा हाल बताया. साथ ही ये भी कहा कि वो ग्लोबल सिख संस्था के 70 वॉलन्टियर्स के साथ लोगों तक लगातार मदद पहुंचा रहे हैं. बातचीत के दौरान सलमान को पता चला कि रणदीप और बाकी टीम बांस और टीन से बने सेमी-परमानेंट घर बनाने की तैयारी में है. इसमें हर घर पर 35 से 40 हजार का खर्च आएगा. इतना सुनते ही सलमान ने उनका साथ देने का फैसला कर लिया.
रिपोर्ट के मुताबिक, बीइंग ह्यूमन और ग्लोबल सिख साथ मिलकर 500 घर बनवा रहे हैं. इसमें टेम्पररी रूप से उन लोगों को बसाया जाएगा, जिनका घर बाढ़ से पूरी तरह बर्बाद हो गया है. खास बात ये है कि 220 घर पहले ही बनकर तैयार हो चुके हैं. ग्लोबल सिख रोजाना 8-10 घर बनाकर उन्हें जरूरत के हिसाब से डिस्ट्रीब्यूट कर रहे हैं. सलमान इस वक्त SVC63 की शूटिंग कर रहे. बावजूद इसके, वो लगातार हर मूवमेंट पर नज़र रखे हुए हैं.
कुछ दिन पहले सलमान अपने फैन क्लब के ज़रिए असम के शिवसागर इलाके में रेडी-टू-ईट खाने का पैकेट पहुंचा रहे थे. हर पैकेट में बिस्किट, गुड़, पोहा, चिवड़ा, ब्रेड और जैम जैसी चीजें शामिल थीं. उन्होंने लोगों को तीन दिन का राशन, दवाई, सैनिट्री पैड्स, मॉसक्विटो कॉइल और पानी की बोतलें भेजी हैं. बताया जा रहा है कि तीसरे चरण में वो बाढ़ से तबाह हुए स्कूल्स और हॉस्पिटल्स की मरम्मत करवाना शुरू करेंगे.
वीडियो: परेश रावल ने सलमान खान के फिल्म सेट पर लेट आने पर क्या बता दिया?













