The Lallantop

कपिल शर्मा की सिफ़ारिश पर शो से निकाले गए चंदन, उसके बाद दोनों की ज़िंदगी बदल गई!

चंदन की जगह ही उस शो में कपिल शर्मा को ले लिया गया.

Advertisement
post-main-image
कपिल शर्मा अब नेटफ्लिक्स पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' होस्ट करते हैं.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कपिल शर्मा को The Great Indian Laughter Challenge सीजन 3 में दो बार रिजेक्ट किया गया, लेकिन अंततः मेकर्स ने उन्हें शो में शामिल किया और वे विनर बने।
  • कपिल शर्मा के रिजेक्शन के बाद उनके दोस्त चंदन प्रभाकर ने लगातार मेकर्स से उनकी सिफारिश की, जिससे कपिल को अंतिम रूप से शो में जगह मिली।
  • शो में कपिल शर्मा के शामिल होने के बाद चंदन प्रभाकर को शो से बाहर कर दिया गया, जिसके बाद चंदन ने कुछ समय के लिए इंजीनियरिंग की पढ़ाई फिर से शुरू की।

Kapil Sharma आज देश के सबसे पॉपुलर कॉमेडियन्स में से एक हैं. 2007 में वो The Great Indian Laughter Challenge सीजन 3 के विनर रहे थे. यही वो मौका था, जिसकी बदौलत उन्हें देशभर में पहचान मिली. मगर कम लोगों को ही पता है कि उन्हें इसके ऑडिशन में दो बार रिजेक्ट कर दिया गया था. ऐसे में वो Chandan Prabhakar ही थे, जिनकी जिद्द कपिल को उस शो में ला पाई. मगर इसके बदले खुद चंदन को शो से बाहर कर दिया गया.

Advertisement

कपिल शर्मा के शो में चंदन अक्सर चंदू चायवाला के रोल में नज़र आते थे. दोनों दशकों से एक-दूसरे के अच्छे दोस्त भी हैं. करियर के शुरुआती दिनों में दोनों साथ में स्ट्रगल करते थे. हाल ही में LPU DSW चैनल से हुई बातचीत में चंदन 'लाफ्टर चैलेंज' से जुड़ा एक किस्सा सुनाया. वो किस्सा, जिसने कपिल और चंदन, दोनों के करियर को बदल दिया. चंदन के मुताबिक, उन्होंने कपिल और कॉमेडियन राजीव ठाकुर के साथ 'लाफ्टर चैलेंज' का ऑडिशन दिया था. चंदन और राजीव तो उसमें सेलेक्ट हो गए मगर कपिल को रिजेक्ट कर दिया गया. चूंकि तीनों बहुत अच्छे दोस्त हुआ करते थे, इसलिए कपिल के रिजेक्शन पर राजीव और चंदन बड़े दुखी हुए. उन्हें इस बात की हैरानी थी कि कपिल जैसा टैलेंटेड कॉमेडियन रिजेक्ट कैसे हो सकता है.

चंदन बताते हैं कि ऑडिशन के दौरान कपिल पंजाब राउंड में सेलेक्ट नहीं हो पाए थे. इसलिए उन्होंने दिल्ली राउंड में दोबारा ट्राय करने का फैसला किया. उस समय 'लाफ्टर चैलेंज' में चंदन की शूटिंग शुरू होने वाली थी. लेकिन कपिल ने उनसे कहा कि वो शूट छोड़कर उनके साथ दिल्ली चलें. चंदन इसके लिए तैयार हो गए और दोनों बिना किसी को बताए चुपचाप दिल्ली आ गए. दिल्ली में दोनों काफी देर तक ऑडिशन के लिए लाइन में लगे रहे. जब कपिल का नंबर आया, तो वो अंदर चले गए और चंदन बाहर उनका वेट करते रहे. बाद में कपिल ने बताया कि उनका ऑडिशन अच्छा हुआ है. बावजूद इसके उन्हें सेलेक्शन का कोई कॉल नहीं आया.

Advertisement

ख़ैर, दिल्ली ऑडिशन के बाद दोनों घर लौट आए. कुछ समय बाद चंदन और राजीव ठाकुर 'लाफ्टर चैलेंज' की शूटिंग करने चले गए. मगर वहां जाकर भी वो कपिल के लिए माहौल बनाते रहे. दोनों लगातार शो के असिस्टेंट डायरेक्टर्स से कहते कि उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है. उनका कहना था कि सबसे टैलेंटेड कॉमेडियन कपिल शर्मा हैं. मगर उन्हें शो में चुना ही नहीं गया. लेकिन हर बार उन्हें टका-सा जवाब मिलता था. फिर भी उन्होंने कोशिश बंद नहीं की और मेकर्स से कपिल की सिफारिश करते रहे.

आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और मेकर्स ने कपिल को शो में बुला लिया. मगर ये बात चंदन को काफी बड़ा झटका दे गई. कपिल तो लौट आए मगर मेकर्स ने चंदन को शो से बाहर जाने को कह दिया. दरअसल, 'लाफ्टर चैलेंज' में कपिल ने चंदन को रिप्लेस कर दिया. चंदन के लिए ये किसी सपने के टूटने जैसा था. फिर भी उन्होंने खुशी-खुशी इस फैसले को एक्सेप्ट किया और घर लौट आए. उनके जाने के कुछ समय बाद कपिल शर्मा 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' सीजन 3 के विनर बने.

दूसरी तरफ़, चंदन घर लौटकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने लगे. कॉमेडियन बनने से पहले वो मैकेनिकल इंजीनियर थे और एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते थे. मगर फिर उन्हें एहसास हुआ कि वो उस काम के लिए नहीं बने हैं. इसलिए सब कुछ छोड़ उन्होंने दोबारा कॉमेडी शुरू की. पिछले कई सालों से वो कपिल शर्मा शो के रेगुलर मेम्बर बने हुए थे. मगर नेटफ्लिक्स पर आने वाले ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ से वो बाहर रहे.   

Advertisement

वीडियो: कॉमेडियन कपिल शर्मा ने 6 महीने के अंदर दी दो बड़ी फ्लॉप फिल्में

Advertisement