Ranveer Singh की Dhurandhar फ्रैंचाइज़ ने बॉक्स ऑफिस पर कोहराम मचा दिया था. इस वजह से लोग Aditya Dhar से Dhurandhar 3 बनाने की डिमांड करने लगे. लगता है कि आदित्य ने उनकी इस मांग को सुन लिया है. खबर है कि वो 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ के तहत एक और मूवी रिलीज़ करने वाले हैं. उस फिल्म की वजह से ही रणवीर और आदित्य ने अब तक कोई इंटरव्यू नहीं दिया है.
रणवीर सिंह-आदित्य धर इंटरव्यूज़ से बचकर चुप-चाप 'धुरंधर 3' लाने की फिराक में हैं?
रिपोर्ट के मुताबिक, 'धुरंधर' की ये नई फीचर फिल्म 2026 के लास्ट क्वार्टर में रिलीज़ होगी.


इससे पहले कि आपको ये लगे कि मेकर्स कोई नई कहानी दिखाने वाले हैं, तो हम बता दें कि ऐसा नहीं है. इस फिल्म में कोई नई स्टोरी नहीं, बल्कि पिछले दो पार्ट्स की मेकिंग दिखाई जाएगी. 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ को इसके प्रोडक्शन, मेकअप, एक्शन और डायरेक्शन जैसे तमाम टेक्निकल पहलुओं पर लोगों से खूब तारीफ़ मिली है. इंटरनेट पर उनसे जुड़े बिहाइंड द सीन फुटेज काफी वायरल भी हुए. ऐसे में आदित्य ने फैसला किया है कि वो उन्हें कम्पाइल कर एक अलग फिल्म की तरह सिनेमाघरों में रिलीज़ करेंगे. भारतीय सिनेमा में इस तरह का प्रयास पहले कभी नहीं हुआ. मेकर्स अक्सर अपनी मूवीज़ की मेकिंग को यूट्यूब वगैरह पर डाल देते हैं. मगर आदित्य ने उन BTS को भुनाने का भी तगड़ा जुगाड़ निकाल लिया है.
हिंदुस्तान टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"धुरंधर को लेकर लोगों में ज़बरदस्त क्रेज है. इसलिए मेकर्स ने फिल्म की मेकिंग को भी एक स्पेक्टेकल में बदलने का फैसला किया है. सभी बिहाइंड द सीन फुटेज और कास्ट के इंटरव्यूज़ को मिलाकर एक फुल-लेंथ फीचर फिल्म तैयार की जाएगी. उस फिल्म को 2026 के लास्ट क्वार्टर के दौरान थिएटर्स में रिलीज किया जाएगा. फिर उसे धुरंधर की बाकी फिल्मों की तरह ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी स्ट्रीम किया जाएगा."
'धुरंधर' के पहले पार्ट को आए अब चार महीने बीत चुके हैं. इस दौरान रणवीर और आदित्य धर ने एक भी इंटरव्यू नहीं दिया. अर्जुन रामपाल का भी कुछ यही हाल है. इसकी वजह भी अब सामने आ गई है. सूत्र के मुताबिक,
"फिल्म से जुड़े बड़े किरदार, जैसे रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल और डायरेक्टर आदित्य धर- अभी कोई भी मीडिया इंटरव्यू नहीं दे रहे. ऐसा इसलिए क्योंकि उनके फर्स्ट इंटरव्यूज़, थिएटर में रिलीज़ होने वाली इसी बिहाइंड द सीन फिल्म का हिस्सा होंगे. भारतीय सिनेमा में ऐसा पहली बार हो रहा है. मेकर्स ये भी ध्यान रख रहे हैं कि फिल्म रिलीज़ होने से पहले कोई भी BTS फुटेज सोशल मीडिया पर लीक न हो."
कुलमिलाकर, आदित्य पुरानी कहानी के BTS के साथ नई फिल्म लाने की तैयारी कर रहे, जो एक तरह से ‘धुरंधर 3’ भी है. यदि ऐसा हो पाया, तो ये सिनेमा के लिहाज़ से काफी अनोखा होगा. इससे पहले 'बाहुबली' के BTS भी खूब पॉपुलर हुए थे. मगर उन्हें सिनेमाघरों में रिलीज़ नहीं किया गया था. 'धुरंधर' की मेकिंग से जुड़े कुछ वीडियोज़ इंटरनेट पर जरूर शेयर किए गए हैं. हालांकि मेकर्स उन्हें फिल्म में बदलने वाले हैं या नहीं, इस पर उन्होंने ऑफिशियली कुछ नहीं बताया है.
वीडियो: आदित्य धर अगली फिल्म सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य पर बनाएंगे?




















