The Lallantop

राजपाल यादव ने 1.5 करोड़ जमा किए, तब मिली जमानत, पर उसी दिन जेल से बाहर क्यों नहीं आए?

Rajpal Yadav cheque Bounce Case: कोर्ट ने राजपाल यादव की जमानत की याचिका को मंजूरी दे दी. राजपाल यादव ने ये याचिका अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए दायर की थी. लेकिन उन्हें जिस दिन जमानत मिली, उस दिन वो बाहर नहीं आ पाए.

Advertisement
post-main-image
चेक बाउंस केस आरोपी राजपाल यादव को मिली अंतरिम जमानत. (फोटो-आजतक)

बॉलीवुड एक्टर और चेक बाउंस केस में आरोपी राजपाल यादव की आज यानी 17 फरवरी को रिहाई हो रही है. उन्होंने अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए बेल की याचिका दायर की थी. जिसे मंजूर करते हुए कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है. आदेश के मुताबिक़, 16 फरवरी को राजपाल की रिहाई होनी थी इसके बाद भी उन्हें जेल में एक रात और बितानी पड़ी.

Advertisement

दरअसल, जेल का नियम है क‍ि सूर्यास्त के बाद जेल से रिहाई नहीं होती. ऐसा इसलिए क्योंकि तब कैदियों की गिनती होती है और फिर उसके बाद सभी को उनके बैरकों में बंद कर दिया जाता है. इसलिए उनकी रिहाई आज हो रही है. 19 फरवरी को उनकी भतीजी की शादी है. इसी फंक्शन में शामिल होने की याचिका पर कोर्ट ने मंजूरी दी है. जमानत से पहले कोर्ट ने कुछ शर्तें रखी हैं. कोर्ट ने उनसे डिमांड ड्राफ्ट की राशि जमा करवाने और पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा है.

राजपाल के वकील भास्कर उपाध्याय ने कहा,

Advertisement

अंतरिम बेल के ऑर्डर कोर्ट ने पास कर दिए हैं. कोर्ट में 1.5 करोड़ का डिमांड ड्राफ्ट जमा किया गया है. इसके पहले 75 लाख रुपये हाई कोर्ट में ड्राफ्ट अमाउंट के तौर पर जमा हैं. लगभग 5 करोड़ का अमाउंट अब तक जमा किया जा चुका है. 

केस की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी.

क्या है पूरा मामला?

राजपाल यादव ने 5 फरवरी को चेक बाउंस मामले में सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद से वो तिहाड़ जेल में बंद रहे. लेकिन इस केस की कहानी शुरू होती है साल 2010 से. इस साल राजपाल बतौर डायरेक्टर एक फिल्म बनाना चाहते थे. फिल्म का नाम था 'अता पता लापता'. ये फिल्म बनाने के लिए राजपाल ने दिल्ली बेस्ड कंपनी- मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. लेकिन जब फिल्म रिलीज़ हुई तो चली नहीं. इससे राजपाल पर बड़ा कर्ज़ आ गया.

Advertisement

उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स को जो सात चेक दिए, वो बाउंस हो गए. और लोन देने वाला पक्ष कोर्ट जा पहुंचा. 2013 में राजपाल यादव को कुछ दिनों के लिए जेल जाना पड़ा था. अक्टूबर 2025 में उन्होंने 75 लाख रुपये जमा किए, और जनवरी 2026 में पूरे पैसे लौटाने का वादा किया. मगर वादा पूरा नहीं किया. नतीजतन कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया. इस बीच बॉलीवुड जगत के कई सितारे राजपाल की मदद के लिए आगे आए. इस केस में सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद जैसे कई एक्टर ने उनकी आर्थिक मदद की है. 

वीडियो: सलमान खान, अनूप जलोटा के अलावा किस-किस ने राजपाल यादव की मदद की?

Advertisement