Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana की रिलीज़ में अब केवल 15 दिन बाकी हैं. इसलिए मेकर्स ने ओवरसीज़ के अलावा भारतीय मार्केट में भी इसकी अडवांस बुकिंग शुरू कर दी. फॉरेन मार्केट में ये फिल्म 12 करोड़ से ज्यादा की टिकटें बेच चुकी है. वहीं भारत में इसने 24 घंटे के भीतर 5 करोड़ रुपए की सेल कर डाली.
भारत में 'रामायण' की अडवांस बुकिंग ने 24 घंटों में ही गर्दा उड़ा दिया
डिस्ट्रीब्यूटर्स और एग्जीबिटर्स के मतभेद की वजह से 'रामायण' की अडवांस बुकिंग देर से शुरू हुई.

'रामायण' का इंटरनेशनल प्रमोशनल कैम्पेन 15 अक्टूबर से शुरू हुआ था. उसी दिन इसकी ओवरसीज़ अडवांस बुकिंग भी खुल गई थी. फिल्म्स डिस्कोर्स के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले छह दिनों में इसने अमेरिका समेत चार विदेशी मार्केट में 87.9 हजार टिकटें बेची हैं. इससे करीब 1.3 मिलियन डॉलर की आमदनी हुई. भारतीय रुपयों में ये 12.3 करोड़ के आसपास होगा.
भारत में 'रामायण' की अडवांस बुकिंग दशहरा यानी 20 अक्टूबर को बीच रात से शुरू होनी थी. लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर्स और एग्जीबिटर्स के बीच रेवेन्यू शेयरिंग को लेकर मतभेद हो गया. आमतौर पर बड़ी फिल्मों के पहले हफ्ते में डिस्ट्रीब्यूटर्स को कमाई का 52.5% हिस्सा मिलता है. लेकिन बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' के डिस्ट्रीब्यूटर्स इससे ज्यादा शेयर की मांग कर रहे थे. वो चाहते थे कि पहले हफ्ते में उन्हें कमाई का 60 परसेंट, दूसरे हफ्ते में 50 परसेंट और तीसरे हफ्ते में 40 परसेंट हिस्सा मिले. इस बात पर दोनों पक्ष काफ़ी देर तक एकमत नहीं हो पाए. इसलिए अडवांस बुकिंग खुलने में देरी हो गई.
सैकनिल्क के मुताबिक, 'रामायण' ने ओपनिंग डे यानी 05 नवंबर के लिए भारत में 86.8 हजार टिकटें बेची हैं. इस तरह 24 घंटों के भीतर फिल्म ने 5 करोड़ की बिक्री कर ली. इसमें ब्लॉक सीट्स के आंकड़े भी शामिल हैं. देशी-विदेशी प्री-सेल को जोड़ें तो ‘रामायण’ अब तक 17.3 करोड़ का बिजनेस कर चुकी है. ऐसे में मेकर्स आने वाले दिनों में रिकॉर्ड तोड़ अडवांस बुकिंग एक्सपेक्ट कर सकते हैं. वैसे, 20 अक्टूबर को 'रामायण' का 'रामा रामा' गाना रिलीज़ होने वाला था. लेकिन फिल्म से जुड़े सितारवादक ऋषभ रिखीराम शर्मा ने बताया कि उसे अगले हफ्ते के लिए पोस्टपोन कर दिया गया है. उसके बदले मेकर्स ने यश का 'रावण तांडव' रिलीज़ किया है, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा.
वीडियो: रामायण ट्रेलर में कैसे लगे रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी?













