72वें National Film Awards को लेकर इन दिनों विवाद छिड़ा हुआ है. इस बार ये अवॉर्ड समारोह दिल्ली में नहीं, बल्कि गुजरात के एकता नगर में होने जा रहा है. 22 सितंबर, 2026 को होने वाले इस इवेंट में राष्ट्रपति Droupadi Murmu विजेताओं को सम्मानित करेंगी. इस अवॉर्ड शो को दिल्ली से गुजरात शिफ्ट करने के फैसले को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है. इसी बीच एक्टर Paresh Rawal ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. और गुजरात में समारोह आयोजित किए जाने के फैसले का बचाव किया है.
"गुजरात क्या पाकिस्तान में है?"- नेशनल अवॉर्ड्स कंट्रोवर्सी पर क्यों भड़के परेश रावल?
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड का आयोजन अब दिल्ली की जगह गुजरात में होगा.

न्यूज़ एजेंसी ANI से हुई बातचीत में परेश रावल से पूछा गया कि इस बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स दिल्ली की जगह गुजरात में आयोजित किए जाने पर लोग सवाल उठा रहे हैं. इस पर परेश का क्या टेक है. इसके जवाब में उन्होंने कहा,
"गुजरात क्या बांग्लादेश में है, पाकिस्तान में है? गुजरात तो हमारे ही देश का हिस्सा है. तो गुजरात में क्यों नहीं होना चाहिए? ज़रूर होना चाहिए."
परेश रावल से आगे पूछा गया कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स हमेशा दिल्ली में आयोजित होते रहे हैं. इस बार इसे गुजरात ले जाया गया. इस फैसले पर राजनीतिक पार्टियां सवाल उठा रही हैं. तो उन्होंने कहा,
"राजनीति का तो काम ही सवाल उठाना है. 26 जनवरी की परेड दिल्ली में होती है ना? मैं तो कहता हूं हर फंक्शन हर राज्य में होना चाहिए. कोई बुरी बात नहीं है."
बता दें कि नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की शुरुआत 1954 में हुई थी और पहली बार इसे दिल्ली के विज्ञान भवन में ऑर्गनाइज किया गया था. इसके बाद ज्यादातर बार ये इवेंट दिल्ली में ही हुआ. हालांकि, इससे पहले 1971 में 17वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का आयोजन चेन्नई में हुआ था. यानी इस साल दूसरी बार ये समारोह दिल्ली से बाहर ऑर्गनाइज किया जा रहा है.
इस साल के नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में कई बड़ी फिल्मों और कलाकारों को सम्मान मिला है. ‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म के लिए चुना गया है. जबकि उस फिल्म की लीडिंग लेडी यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला है. वहीं ममूटी और कार्तिक आर्यन को ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है. ‘कल्कि 2898 एडी’ को बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट चुना गया है.
वीडियो: 'हेरा फेरी 3' का मामला अब कोर्ट क्यों पहुंचा?











