02 अक्टूबर को सिर्फ गांधी और शास्त्री जयंती के लिए ही नहीं, बल्कि Drishyam Day के रूप में भी याद किया जाता है. इसलिए Ajay Devgn इस फ्रैंचाइज़ के अंतिम चैप्टर यानी Drishyam 3 को इस साल 02 अक्टूबर पर ही रिलीज़ करेंगे. आज फिल्म का ट्रेलर आया है. इसमें क्या कुछ है, जानते हैं.
'दृश्यम 3' का ट्रेलर आया! अजय देवगन इस बार फंसेगे या फिर बचकर निकल जाएंगे
'दृश्यम 3' में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी नजर आ रहे. उनकी मौजूदगी में ये मूवी दमदार लग रही है.

'दृश्यम 3' की कहानी ठीक वहीं से शुरू होती है, जहां पिछले पार्ट का अंत हुआ था. तबु आज भी अपने बेटे समीर की डेड बॉडी ढूंढ रही है. फर्क सिर्फ इतना है कि पहले वो खुद को तसल्ली देने के लिए उसे तलाश रही थी. मगर अब उसे पता है कि विजय सलगांवकर यानी अजय ने ही उसके बेटे की जान ली है. इसलिए वो न्याय नहीं बल्कि बदला लेना चाहती है. सबूतों के अभाव में वो पिछले पार्ट्स में ऐसा नहीं कर पाई. मगर इस बार उसके हाथ कुछ ऐसा लगा है, जिसकी भनक भर से विजय का कॉन्फिडेंस पूरी तरह डोल गया.
यहां हम 'दृश्यम 3' की कहानी डिकोड करने की कोशिश नहीं करेंगे. क्योंकि ऐसा करने पर इस सस्पेंस थ्रिलर का असली मज़ा खराब हो जाएगा. फिर भी, ट्रेलर के कुछ पॉइंट्स पर बात करना जरूरी है. पहला तो ये कि इसे देखते हुए आपको हर समय टेंशन भरा माहौल महसूस होता है. साथ ही ये सवाल भी कौंधता है कि इस बार जीत अजय की होगी या तबु की.
इस बार मूवी में दो नए नाम जोड़े गए हैं. पहले हैं प्रकाश राज और दूसरे जयदीप अहलावत. प्रकाश ने तबु का पक्ष रखने वाले वकील का रोल किया है. वहीं जयदीप क्राइम ब्रांच के ऑफिसर बने हैं. पहले मेकर्स सेकेंड पार्ट में नज़र आए अक्षय खन्ना वाले कैरेक्टर को ही इस फिल्म में कन्टिन्यू करना चाहते थे. लेकिन अक्षय ने खुद को अचानक इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया. उनकी जगह जयदीप को ये केस मिला और कहना पड़ेगा, उनके आने से फिल्म दमदार नज़र आ रही है. जब वो अजय देवगन से सवाल-जवाब करते या उन्हें धमकाते हैं, तो काफी रियल लगते हैं. इससे आपको अक्षय खन्ना की कमी महसूस नहीं होती.
वैसे अगर आपने गौर किया हो तो 'दृश्यम' फ्रैंचाइज़ में विजय सलगांवकर और उसके परिवार को लेकर आम लोगों की धारणाओं में लगातार बदलाव आ रहा है. पहले पार्ट में पब्लिक उन्हें बेकसूर समझती थे. दूसरे पार्ट में कुछ लोगों को वो इनोसेंट लगे, वहीं कुछ को उन पर शक होने लगा. लेकिन 'दृश्यम 3' के ट्रेलर में आप पाएंगे कि हर कोई उनके खिलाफ़ है. पुलिस को पता है कि विजय ने सैम की लाश को ठिकाने लगाया है. आम जनता में भी उसे लेकर काफी नेगेटिव माहौल बन गया है. उन्हें विजय पर पहले से ज्यादा शक हो रहा. लेकिन कोई भी ये साबित नहीं कर पा रहा कि आखिर इस परफेक्ट क्राइम का पर्दाफ़ाश कैसे किया जाए.
'दृश्यम 3' इस फ्रैंचाइज़ का अंतिम चैप्टर है. यानी 11 साल बाद ही सही, विजय बचा या नहीं, फाइनली पता चल जाएगा. मेकर्स ने इस बार फिल्म की कहानी को मोहनलाल वाली 'दृश्यम 3' से अलग रखा है. दोनों के ट्रेलर्स में आपको ये फर्क नज़र भी आ जाएगा. मगर ये फैसला कितना सही साबित होता है, ये 02 अक्टूबर को फिल्म रिलीज़ होने के बाद ही पता चलेगा. 'दृश्यम 3' में अजय, तबु, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, रजत कपूर, इशिता दत्त, कमलेश सावंत और मृणाल जाधव ने काम किया है. फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर अभिषेक पाठक हैं.
वीडियो: मोहनलाल की वजह से बाल-बाल बच गई अजय देवगन की 'दृश्यम 3'?











