कुछ हफ्ते पहले Bigg Boss 20 पर Salman Khan का शर्टलेस मोमेंट हर तरफ़ चर्चा का विषय बन गया था. तब उन्होंने उन ट्रोल्स को आड़े हाथों लिया था, जो इंटरनेट पर एक्टर्स को बॉडी शेम करते हैं. सलमान ने उन पर पेड नेगेटिव PR करने का आरोप लगाया था. लेकिन एक्टर और सिंगर Palash Sen इन सबका दोषी खुद सलमान खान को मानते हैं.
सलमान ने पेड ट्रोल्स को हड़काया, पलाश सेन बोले- "इसके जिम्मेदार आप हैं..."
सलमान पर पलाश सेन ने कहा, "जो लोग सालों से इंडस्ट्री का हिस्सा हैं, उन्होंने PR वालों के साथ मिलकर काम किया. बाद में कोई भी खुद को संत दिखाने के लिए ऐसी बातें कह सकता है."

पलाश, रॉक बैंड 'यूफोरिया' के फाउंडर हैं. साथ ही वो 'फिलहाल' और 'ऐसा ये जहां' जैसी मूवीज़ में बतौर एक्टर भी काम कर चुके हैं. हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस से हुई बातचीत में उन्होंने पेड नेगेटिव PR कैंपेन्स पर अपनी राय रखी. इस दौरान उन्होंने नाम लिए बिना नेपोटिज्म की बहस के बीच आए 'सड़क 2' के ट्रेलर का भी ज़िक्र किया. तब लोगों ने आलिया भट्ट को देखकर उस ट्रेलर को लाइक्स से ज्यादा डिस्लाइक्स दिए थे. इससे वो यूट्यूब इतिहास के मोस्ट डिस्लाइक्ड ट्रेलर्स में से एक बन गया था. इस बाबत पलाश कहते हैं,
“अब दिक्कत ये है कि किसी को पता ही नहीं था कि ये सब ऑर्गेनिक था या फंडेड. एक पॉजिटिव PR होता है और दूसरा नेगेटिव PR. इस वक्त हमें सच में नहीं पता कि हमारे बारे में जो बातें लिखी जा रही हैं, वो सच है या पैसे देकर लिखवाई गई है.”
इस बातचीत के दौरान सलमान खान का ज़िक्र छिड़. उन्होंने 'बिग बॉस 20' के मंच में इस मुद्दे को एड्रेस किया था. उनका नाम सुनते ही पलाश कहते हैं,
"वो (सलमान) भी इस चीज की शुरुआत करने वालों में शामिल थे. ये बात हमें भूलनी नहीं चाहिए. किसी भी समस्या की शुरुआत निचले स्तर से नहीं, बल्कि ऊपर बैठे लोगों से होती है. मैं किसी पर उंगली नहीं उठा रहा. लेकिन अगर आप तलवार के दम पर जीते हैं, तो एक दिन उसी तलवार से मारे भी जा सकते हैं."
पलाश ने आगे जोड़ा,
"फिल्म इंडस्ट्री में जो लोग सालों से अपनी जगह बनाए हुए हैं, उन्होंने PR वालों के साथ मिलकर काम किया है. ये बात हम सभी जानते हैं. बाद में कोई भी खुद को संत दिखाने के लिए ऐसी बातें कह सकता है. हालांकि, सलमान ने जो भी कहा, उसे कहने के लिए काफी हिम्मत चाहिए थी. लेकिन मैं आपको बता रहा हूं कि इस समस्या के लिए वो भी ज़िम्मेदार हैं. ये बात हम सभी जानते हैं."
चर्चा के दौरान पलाश ने ये सवाल भी उठाया कि 'बिग बॉस 20' में सलमान ने जो बातें कहीं, वो सच में उनका अपना ख्याल था या किसी स्क्रिप्ट का हिस्सा. उन्होंने कहा कि आज के समय में ये समझना मुश्किल हो गया है कि कोई बात ऑर्गेनिक है या स्क्रिप्टेड.
दरअसल, सलमान ने शो में उन लोगों को हड़काया था, जो बच्चे को जन्म देने के बाद महिलाओं के बढ़े हुए वजन का मज़ाक उड़ाते हैं. उस समय कटरीना कैफ को भी उनके वजन पर ट्रोल किया जा रहा था. सलमान ने किसी का नाम तो नहीं लिया मगर उनके बयान को कटरीना से जोड़कर देखा गया. इसके अलावा, उन्होंने वरुण धवन और अपने भाई सोहेल खान के लिए भी आवाज़ उठाई. वरुण को उनकी मुस्कुराहट और सोहेल को उनके वेट लॉस के लिए ट्रोल किया जा रहा था. सलमान ने टीवी पर सबके सामने उन्हें डिफेंड किया.
वीडियो: सलमान खान की 'मॉन्स्टर' का नयनतारा की 11 साल पुरानी फिल्म से क्या है कनेक्शन?










