
इस फिल्म में अमिताभ बच्चन औऱ शाहरुख खान पहली बार एक साथ नज़र आए थे.
फिल्म बनी. रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस इंडिया की ओर से 'ब्लॉकबस्टर' का तमगा पा गई. 19 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 91 करोड़ रुपए कमाए. 'मोहब्बतें' भारत में सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे नंबर पर रही. पहले पर थी ऋतिक रोशन की डेब्यू फिल्म 'कहो ना प्यार है'. फिल्म के लीड में तो जो थे वो आज भी नज़र आ रहे हैं. बाकी छवों यानी- जिमी शेरगिल, जुगल हंसराज, उदय चोपड़ा, शमिता शेट्टी, किम शर्मा और प्रीति झंगियानी में से सिर्फ जिमी ही आज कल एक्टिव हैं. आइए जानते हैं कि गुरुकुल की परंपरा, प्रतिष्ठा और अनुशासन का पालन नहीं करने वाले ये स्टूडेंट्स आजकल कहां हैं और क्या कर रहे हैं.
#1. जिमी शेरगिल
सबसे पहली बात कि 'मोहब्बतें' जिमी की पहली फिल्म नहीं थी. ये फिल्म करने से पहले 1996 में जिमी, गुलज़ार की फिल्म 'माचिस' में काम कर चुके थे. उस फिल्म में इनकी परफॉरमेंस की बदौलत ही इन्हें फिल्म मिल गई थी. फिल्म में जो करन स्टेशन पर दिखने वाली एक लड़की के प्यार में पड़ जाता है, अब लाइफ में एकदम सेटल है. जिमी आज भी एक्टिंग में एक्टिव हैं और लगातार फिल्मों में नज़र आ रहे हैं. अभी हाल ही में हमने उन्हें 'तनु वेड्स मनु', 'मदारी' और 'शोरगुल' जैसी कई हिंदी फिल्मों में देखा है. इसके अलावा वो पंजाबी फिल्मों में भी खासे एक्टिव हैं. उन्होंने कई पंजाबी फिल्में प्रोड्यूस भी की हैं. 2001 में लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं प्रियंका से शादी कर ली. वीर नाम का एक बेटा भी है.

जिमी का करियर 'मोहब्बतें' से पहले ही शुरू हो चुका था.
#2. प्रीति झंगियानी
जिस किरन के प्यार में अपना करन पड़ जाता है, वो यही हैं. 'मोहब्बतें' प्रीति की पहली हिंदी फिल्म थी. लेकिन प्रीति इससे पहले तीन साउथ इंडियन फिल्मों में काम कर चुकी थीं. अलग-अलग भाषा की तकरीबन 35 फिल्मों में काम करने के बाद प्रीति ने फिल्मों से रिटायरमेंट ले लिया. 2008 में एक्टर परवीन डबास से शादी कर ली और अब दो बच्चों की मां हैं. आजकल मुंबई में ही रहती हैं.

प्रीति ने 'मोहब्बतें' से पहले अपना करियर साउथ इंडियन फिल्मों में शुरू कर दिया था.
#3. जुगल हंसराज
गाना सुना है 'घर से निकलते ही'. ये गाना 1996 में आई फिल्म 'पापा कहते हैं' का है. मतलब ये कि 'मोहब्बतें' इनकी भी पहली फिल्म नहीं थी. इनका डेब्यू 1983 में आई फिल्म 'मासूम' से ही हो गया था. बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट. बतौर हीरो जुगल की पहली फिल्म थी 1994 में आई 'आ गले लग जा'. एक्टिंग से लेकर डायरेक्शन तक सब कुछ किया है. 2008 में एनिमेशन फिल्म 'रोडसाइड रोमियो' के लिए बेस्ट डायरेक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी जीत चुके हैं. आखिरी बार 2016 में आई फिल्म 'कहानी 2' में नज़र आए थे. 2016 में ही अपनी गर्लफ्रेंड (न्यूयॉर्क बेस्ड बैंकर) जैसमीन ढिल्लों से शादी कर ली. फिलहाल स्क्रिप्ट राइटिंग और डायरेक्शन पर फोकस कर रहे हैं.

जुगल ने अपना करियर बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट शुरू किया था.
#4. किम शर्मा
किम यानी 'मोहब्बतें' में समीर की संजना. 'मोहब्बतें' के बाद 'तुम से अच्छा कौन है', 'नहले पे दहला', 'टॉम, डिक एंड हैरी' समेत तकरीबन 15 फिल्मों में काम किया. आखिरी बार 2009 में आई तेलुगू फिल्म 'मगाधीरा' में नज़र आई थीं. 2010 में केन्या बेस्ड हॉस्पिटैलिटी बिजनेस मैन (होटल कारोबारी) अली पंजानी से शादी कर ली. शादी के बाद किम केन्या शिफ्ट हो गईं और 'पंजानी चेंस ऑफ होटेल्स' की CEO बन गईं. फिलहाल अपने पति से अलग होकर मुंबई में ही हैं और कुछ कंपनीज़ के लिए ब्रांड स्ट्रेटे़जिस्ट की भूमिका निभा रही हैं.

किम शर्मा चेंस ऑफ पंजानी होटल्स की CEO रह चुकी हैं.
#5. उदय चोपड़ा
'मोहब्बतें' से शुरुआत करने के बाद 'धूम' फ्रैंचाइज़ी में उदय काफी पसंद किए गए. फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर से लेकर एक्टिंग तक सब कुछ किया. आजकल प्रोड्यूसर की कुर्सी संभाले बैठे हैं. यश चोपड़ा के बेटे और आदित्य चोपड़ा के भाई होने के नाते यश राज फिल्म्स के मैनेजर और यश राज एंटरटेनमेंट (यश राज की इंटरनेशनल प्रोडक्शन हाउस) के CEO हैं. अपनी इंटरनेशनल प्रोडक्शन हाउस के तहत दो फिल्में प्रोड्यूस भी कर चुके हैं. 2012 में Yomics नाम की खुद की कंपनी शुरू की, जो यश राज की फिल्मों पर कॉमिक्स बनाने का काम करती है. उम्मीद है 'धूम' सीरीज़ की अगली फिल्म में फिर से अली के किरदार में देखने को मिलेंगे.

उदय चोपड़ा यश दराज एंटरटेनमेंट के CEO हैं.
#6. शमिता शेट्टी
इनकी डेब्यू फिल्म थी 'मोहब्बतें' लेकिन आखिरी बार ढंग के रोल में 'कैश' फिल्म में दिखी थीं जो कुछ ज़्यादा कैश कमा नहीं पाई थी. उसके बाद से कैमियो और आइटम नंबर्स में ही नज़र आई हैं. टीवी शो 'बिग बॉस-3' और डांस रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' के 8वें सीज़न में भी आई थीं. आजकल एक्टिंग के साथ अपना इंटीरियर डिज़ाइनिंग वाला पैशन फॉलो कर रही हैं. कहीं दिखें तो बताइएगा!

शमिता आजकल इंटीरियर डिज़ाइनिंग वाला पैशन फॉलो कर रही हैं.
वीडियो देखें:
ये भी पढ़ें:
वो डायरेक्टर जिसने अपनी फिल्म बनाने के लिए हैरी पॉटर सीरिज़ की फिल्म ठुकरा दी














