Ramayana के पहले पार्ट पर Namit Malhotra ने करीब 2000 करोड़ रुपए खर्चे हैं. इसमें से 1400 करोड़ फिल्म के प्रोडक्शन और बाकी पैसे मार्केटिंग पर लग रहे. मूवी की ये लागत मेकर्स के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है. वो इसलिए क्योंकि उन्हें पहले पार्ट के ब्रेक ईवन के लिए 5000 हजार करोड़ रुपए कमाने होंगे. दोनों पार्ट्स को जोड़ने पर ये आंकड़ा वर्ल्डवाइड 10,000 करोड़ तक पहुंच जाता है.
'रामायण: पार्ट 1' को मुनाफ़े के लिए कमाना पड़ेगा 5000 करोड़!
'रामायण' के दोनों पार्ट्स को जोड़ें तो इसे प्रॉफिट के लिए टोटल 10 हजार करोड़ कमाने होंगे.

इंडिया टुडे से हुई बातचीत में ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला ने कहा कि 'रामायण' को भारत में पहले दिन कम-से-कम 100 से 125 करोड़ रुपए कमाने होंगे. वहीं वर्ल्डवाइड ये आंकड़ा 175 से 200 करोड़ रुपए तक होना चाहिए. इसमें न केवल अडवांस बुकिंग बल्कि स्पॉट बुकिंग और वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी का भी बहुत बड़ा योगदान होगा. ये पूछे जाने पर कि क्या 'रामायण' अपना बजट रिकवर कर पाएगी, बाला ने फिल्म का पूरा गणित समझा दिया.
वैसे, फिल्म बिजनेस में ब्रेक ईवन का मतलब उस सिचुएशन से है, जब किसी फिल्म की कमाई उसकी लागत के बराबर हो जाती है. यानी फिल्म को न तो फायदा होता है और न ही नुकसान. इसमें उसके प्रोडक्शन और मार्केटिंग पर हुआ खर्च भी शामिल होता है. आमतौर पर ये कहा जाता है कि किसी भी फिल्म को असल प्रॉफिट के लिए अपने बजट से 2.5 गुना ज्यादा कमाना चाहिए. यानी अगर उस पर 100 करोड़ रुपए लगे हैं तो उसे 250 करोड़ कलेक्ट करना चाहिए.
'रामायण' के ब्रेक ईवन पर अपनी राय रखते हुए बाला कहते हैं,
"रामायण के 2000 करोड़ रुपए के बजट और 2.5 गुना वाले हिसाब को देखें, तो पहले पार्ट को दुनियाभर में करीब 5000 करोड़ रुपए कमाने होंगे. ये बहुत बड़ा टार्गेट है, जिसे हासिल करना ग्लोबल स्टैंडर्ड के हिसाब से भी आसान नहीं. इस फिल्म में काफी पोटेंशियल है. इसमें बड़ी स्टारकास्ट, यूनिवर्सल अपील और इंटरनेशनल पहुंच है. बावजूद इसके, 5000 करोड़ रुपए की कमाई कर पाना रामायण के लिए काफी मुश्किल होगा."
हालांकि बाला ने साफ़ कहा कि 'रामायण' का प्रॉफिट केवल इसके थिएट्रिकल बिजनेस पर निर्भर नहीं. बल्कि इसमें फिल्म के नेशनल और इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स, सैटेलाइट, म्यूजिक और OTT राइट्स, स्पॉन्सर्स, ऐड और तमाम अन्य फ़ैक्टर्स शामिल होंगे. उन सबको जोड़ने के बाद ये फिल्म प्रॉफिट के कितने करीब पहुंचती है, ये तो वक्त ही बताएगा. रही रिलीज़ की बात तो 'रामायण' का पहला पार्ट 05 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा.
वीडियो: 'रामायण' की रिलीज़ से पहले ही 'धुरंधर 2' के रिकॉर्ड्स की उल्टी गिनती शुरू?













