2006 में रिलीज़ हुई Malamaal Weekly को आज कल्ट स्टेटस मिल चुका है. फरवरी 2026 में इसका सीक्वल बनाए जाने की रिपोर्ट्स आई थीं. अगस्त तक इसके स्टारकास्ट पर अपडेट मिल गई. मगर अब खबर आ रही है कि फिल्म के ओरिजिनल एक्टर Riteish Deshmukh और डायरेक्टर Priyadarshan ही इस सीक्वल से अलग हो गए हैं.
20 साल बाद बन रहे 'मालामाल वीकली' के सीक्वल से ओरिजिनल एक्टर-डायरेक्टर ही बाहर हो गए!
'मालामाल वीकली 2' में परेश रावल और राजपाल यादव के अलावा एल्विश यादव भी नजर आएंगे.

वैरायटी इंडिया से हुई बातचीत में प्रियदर्शन ने कन्फर्म किया कि वो 'मालामाल वीकली 2' में काम नहीं कर रहे. 'हेरा फेरी 3' की तरह यहां भी उन्होंने साफ़ कह दिया कि वो किसी भी तरह के सीक्वल को डायरेक्ट नहीं करेंगे. उन्होंने बताया कि फिल्म से अलग होने का डिसीजन कोई अब का नहीं है. बल्कि वो कभी इस सीक्वल पर काम कर ही नहीं रहे थे. दूसरी तरफ़, पहले पार्ट के लीड एक्टर रितेश देशमुख भी इस फिल्म से बाहर हो गए हैं. उन्होंने ये मूवी क्यों छोड़ी, इस पर फिलहाल कुछ बताया नहीं गया है. ले-देकर 'मालामाल वीकली 2' अपने ओरिजिनल एक्टर और डायरेक्टर की गैर-मौजूदगी में आगे बढ़ रही है. इस फिल्म को अब अमित जोशी डायरेक्ट करेंगे. उन्होंने इससे पहले शाहिद कपूर और कृति सैनन स्टारर 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' बनाई थी. साथ ही वो 'ट्रैप्ड' और 'पंगा' जैसी फिल्में लिख चुके हैं.
अगस्त 2026 में खबर आई थी कि 'मालामाल वीकली 2' में परेश रावल और राजपाल यादव के अलावा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर एल्विश यादव भी नज़र आएंगे. बताया जा रहा है कि फिल्म की बाकी स्टारकास्ट भी फाइनल कर ली गई है, जिन्हें मेकर्स जल्द ही ऑफिशियली रिवील कर देंगे. इस सीक्वल की कहानी तो नई होगी, मगर ट्रीटमेंट पुराना रहेगा. यानी इस बार का प्लॉट भी छोटे कस्बे, वहां के लोग और उनकी आर्थिक स्थिति के इर्द-गिर्द घूमेगा. सालों पहले चर्चा उठी थी कि इस सीक्वल को 'कमाल धमाल मालामाल' नाम दिया जाएगा. मगर मेकर्स ने ये टाइटल ऑफिशियली अनाउंस नहीं किया है.
2006 में रिलीज़ हुई 'मालामाल वीकली' ने सीमित बजट और मिक्स्ड रिव्यू के बीच अच्छा कलेक्शन कर लिया था. समय के साथ लोगों ने इसे इतना पसंद किया कि फिल्म को कल्ट स्टेटस मिल गया. ये टीवी पर सबसे अधिक प्रीमियर होने वाली हिंदी फिल्मों में से एक है. महज 7 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर 42 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे.
फिल्म की कहानी एक ऐसे आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गांव का एकमात्र पढ़ा-लिखा इंसान है. एक दिन उसे पता चलता है कि गांव के एक शराबी की 1 करोड़ रुपए की लॉटरी लगी है. मगर जीतने वाला शख्स अचानक मर जाता है. इसके बाद गांव में पूरी तरह अफरा-तफरी मच जाती है. सभी अजीब तरकीबें सोचने लगते हैं ताकि लॉटरी इंस्पेक्टर को उस आदमी की मौत का पता न चले. इस चक्कर में क्या कुछ होता है, फिल्म में उसे दिखाया गया है. ‘मालामाल वीकली’ में परेश रावल, ओम पुरी, रितेश देशमुख, रीमा सेन, राजपाल यादव, असरानी और शक्ति कपूर जैसी तगड़ी स्टारकास्ट थी. फिल्म का नरेशन नसीरुद्दीन शाह ने दिया था.
वीडियो: फिल्म रिव्यू: कैसी ही रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी'









