The Lallantop

'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' के सिंगर सुनील लोधी के आंखों की रोशनी लौटेगी!

'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर और मध्य प्रदेश सरकार ने सुनील लोधी के इलाज का जिम्मा उठाया है.

Advertisement
post-main-image
'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर 404 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा लिए हैं.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • सुनिल लोधी द्वारा गाया गया "मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान" गाना फिल्मों में इस्तेमाल होने के बाद उनकी आँखों का इलाज कराने के लिए प्रयास शुरू किए गए हैं।
  • सुनिल लोधी बचपन से दृष्टिहीन हैं, लेकिन उनके गाने सोशल मीडिया पर वायरल होने और फिल्ममेकर पंकज VRK के माध्यम से प्रसिद्धि मिलने के कारण उनकी मदद का निर्णय लिया गया।
  • मुंबई के डॉक्टर्स से अपॉइंटमेंट ले लिए गए हैं और मध्य प्रदेश सरकार इलाज का खर्च उठाने का भरोसा दे चुकी है, लेकिन सफल इलाज की पुष्टि जांच के बाद होगी।

Hanuman Ansh का Maine Tere Hi Bharose Hanuman गाना गाने वाले Suneel Lodhi आंखों से देख नहीं सकते. मगर इस गाने ने लोगों के बीच ऐसी पहुंच बनाई कि अब मेकर्स और मध्य प्रदेश सरकार उनकी आंखों का इलाज करवाने वाले हैं. मुंबई के डॉक्टर्स से उनके लिए एपॉइंटमेंट ली जा चुकी है. अगर सब ठीक रहा, तो सुनील बहुत जल्द अपनी आंखों से देखने लगेंगे.

Advertisement

सुनील लोधी मध्य प्रदेश के बुन्देलखंड इलाके से हैं. वो बचपन से ही देख नहीं पाते. मगर इसे उन्होंने अपनी कमज़ोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने औरों को सुनकर गाना-बजाना सीखा. सुनील आमतौर पर बुन्देली भजन और लोकगीत गाते हैं. बेहद कम उम्र से ही वो ट्रेनों व बसों में गाने गाया करते थे. समय के साथ उनके गीत ‘बुंदेली दुनिया’ प्लेटफ़ॉर्म पर आने लगे. वहां से उन्होंने लोकल्स के बीच पहचान बनाई. मगर उन्हें असली पुश तब मिला, जब उनका गाया 'मोरे संकट के कटैया' गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

इंटरनेट के जरिए ये गाना फिल्ममेकर और म्यूजिक प्रोड्यूसर पंकज VRK तक पहुंचा. बड़ी मुश्किल से उन्होंने सुनील को ढूंढ निकाला. यही नहीं, पंकज ने उन्हें मुंबई इन्वाइट किया और अपने स्टूडियो में आठ गाने रिकॉर्ड करवाए. उनमें से एक 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भी है, जिसने सुनील को घर-घर में पहचान दिलवा दी. रोचक बात ये है कि गाना रिकॉर्ड करते वक्त सुनील को पता भी नहीं था कि एक दिन इसे 'हनुमान अंश' जैसी किसी फिल्म में इस्तेमाल किया जाएगा. मगर ऐसा हुआ और सुनील की जिंदगी ने बड़ी करवट ले ली.

Advertisement
hnauman ansh
सुनील लोधी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव.

'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' के कारण सुनील को कई नामी-गिरामी लोगों से मिलने का मौका मिला. उनमें से एक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी हैं. लगभग इसी दौरान 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने फैसला किया कि वो सुनील के आंखों की रोशनी लाने में मदद करेंगी. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मुंबई के डॉक्टर्स से एपॉइंटमेंट लिया है. 

hanuman ansh
अनुप्रिया नागर.

दूसरी तरफ़, मध्य प्रदेश सरकार ने भी इस इलाज का खर्चा उठाने का भरोसा दिलाया है. हालांकि अभी इस बात की गारंटी नहीं दी जा सकती कि वो पूरी तरह देख पाएंगे या नहीं. ये डॉक्टर से मिलने और जांच करवाने के बाद ही पता चलेगा. मगर अनुप्रिया ने उम्मीद जताई है कि इस कोशिश का कुछ ठोस नतीजा जरूर निकलेगा. रही 'हनुमान अंश' की बात तो 2 करोड़ में बनी इस मूवी ने वर्ल्डवाइड 404 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर ली है.

वीडियो: 'हनुमान अंश' ने कमाई के मामले में रणवीर सिंह की 'धुरंधर' को भी पीछे छोड़ दिया?

Advertisement

Advertisement