The Lallantop

'मैदान' ट्रेलर: छह साल से लटकी ये अजय देवगन के करियर की बेस्ट फिल्म निकलेगी

Ajay Devgn की फिल्म Maidaan ने इमोशन और स्पोर्ट्स, दोनों का सही बैलेंस बना कर रखा है. ट्रेलर देखकर लग रहा है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दन-दनादन गोल करेगी.

Advertisement
post-main-image
फिल्म में अजय ने भारतीय फुटबॉल टीम के कोच सैय्यद अब्दुल रहीम का रोल किया है.

Ajay Devgn की फिल्म Maidaan लंबे समय से पोस्टपोन होती आ रही है. लेकिन अब ये फिल्म ईद 2024 पर रिलीज़ होने जा रही है. 07 मार्च की दोपहर फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ किया गया. फिल्म की कहानी 1952 से 1962 के बीच घटेगी, जिसे भारतीय फुटबॉल का स्वर्णिम काल माना जाता है. फिल्म में अजय ने भारतीय फुटबॉल टीम के कोच सैय्यद अब्दुल रहीम का रोल किया है. 

Advertisement

देश को आज़ाद हुए पांच साल हो गए थे. ऐसे में भारतीयों के सपने बिखरने लगे थे. आज़ादी के वक्त सपने देखे थे कि नया देश बना है. इस दुनिया में हम अपनी जगह बनाएंगे. लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल विपरीत निकली. ट्रेलर के शुरुआत में अजय का किरदार कहता है कि ना ही हम सबसे बड़े मुल्क हैं, और ना ही सबसे अमीर. वो जानता है कि पूरी दुनिया का ध्यान खुद की ओर खींचने का एक ही तरीका है, फुटबॉल का खेल. पूरी दुनिया फुटबॉल देखती है, वो गेम खेलती है. इसलिए सैय्यद रहीम ने 10 साल का टाइम मांगा है. इस वक्त में फुटबॉल की ऐसी टीम तैयार करेंगे जिसे कोई हरा नहीं पाएगा. फिर शुरू होती है ‘सड़क से उठाकर स्टार’ बनाने वाली जर्नी. अलग-अलग कोनों से खिलाड़ियों को ढूंढकर अपनी टीम बनाते हैं. 

ऐसे में उन लोगों के सामने चुनौती आती है. भारतीय राजनीति में बदलाव होते हैं. सरकारी अधिकारी रहीम के सपने पर तंज कसते हैं. हर तरह की नकारात्मकता से लड़ने के बाद ये टीम अपने मुकाम तक पहुंचती है. ‘मैदान’ के ट्रेलर को टिपिकल ढंग से काटा गया है. हम रहीम के पर्पस से लेकर उनके चैलेंज तक, सभी की झलक देखते हैं. स्पोर्ट्स की बायोपिक के साथ एक बड़ा मसला होता है. खेल और इमोशन के बीच सही बैलेंस नहीं बना पाते. ‘मैदान’ का ट्रेलर देखकर लग रहा है कि यहां वो केस नहीं होगा. रहीम की निजी ज़िंदगी में आने वाली मुश्किलों से हम रूबरू होते हैं. साथ ही फुटबॉल फील्ड वाला एक्शन भी एक्साइटिंग लग रहा है. ‘मैदान’ पांच-छह साल से लगातार पोस्टपोन होती आ रही है. बीच में प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने बताया था कि VFX की वजह से काम बढ़ रहा है. 

Advertisement

ट्रेलर देखकर लग रहा है कि VFX पर तफ़्सील से काम हुआ है. नकली या बनावटी किस्म के नहीं लग रहे. फिल्म की कहानी बीते दौर की है. उस समय का टच देने के लिए कलर पैलेट में भूरा, गहरा हरा और नीला रंग इस्तेमाल किए गए हैं. बाकी ए आर रहमान ने फिल्म के लिए म्यूज़िक दिया है. ट्रेलर में बस एक चीज़ खटकती है. कुछ मोमेंट्स को लार्जर दैन लाइफ बनने के चक्कर में बैकग्राउंड म्यूज़िक को लाउड रखा गया है. उससे डायलॉग दब जा रहे हैं. बाकी ट्रेलर में अजय देवगन रहीम के लहजे में अपने डायलॉग नहीं बोलते दिखते. वो अजय ही हैं और ये फिल्म के लिए काम कर रहा है. अजय को देखकर लग रहा है कि वो कंविक्शन के साथ काम कर रहे हैं. एक्टिंग की इंटेंसिटी से एक्सेंट जैसी चीज़ें ढक जा रही हैं. उनके अलावा फिल्म में प्रियमणि और गजराज राव भी हैं. गजराज राव और अमित शर्मा इससे पहले ‘बधाई हो’ में भी साथ काम कर चुके हैं. ‘मैदान’ अप्रैल 2024 में आ रही है. अभी मेकर्स ने रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की है, लेकिन ये अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की ‘बड़े मियां छोटे मियां’ से भिड़ने वाली है. इन दोनों में से कौन बड़ी ओपनिंग लेगा, ये समय आने पर पता चलेगा. बाकी ‘मैदान’ को देखकर लग रहा है कि ये फुटबॉल बॉक्स ऑफिस के नेट में बड़ा छेद करने वाली है.               
 

वीडियो: तीन साल से रिलीज़ नहीं हो पा रही अजय देवगन की मैदान अक्षय कुमार की BMCM से भिड़ेगी

Advertisement
Advertisement