बीती 10 अप्रैल को Ajay Devgn की फिल्म Maidaan रिलीज़ हुई. क्रिटिक्स ने फिल्म की तारीफ की. ऑडियंस की तरफ से पॉज़िटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला. बस ये चीज़ बॉक्स ऑफिस नंबर में तब्दील नहीं हो पाए. इतनी तारीफ के बाद भी ‘मैदान’ अपेक्षित कमाई नहीं कर सकी. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक 32 दिनों में फिल्म सिर्फ 51 करोड़ रुपये ही बना सकी है. हाल ही में फिल्म के प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने इसकी नाकामयाबी पर बात की. उन्होंने कहा कि आज की ऑडियंस सिर्फ ‘जवान’ और RRR जैसी फिल्में देखना चाहती है.
"लोग सिर्फ 'जवान' और RRR जैसी फिल्में देखना चाहते हैं" - बोनी कपूर
Maidaan के डायरेक्टर ने वो किस्सा सुनाया जब उनकी फिल्म ने 60 साल की स्ट्रगलिंग एक्ट्रेस को हिम्मत दी.

PTI से बात करते हुए बोनी ने कहा,
हमने जो सब्जेक्ट चुना वो कमाल का था, और हमारे एक्टर (अजय देवगन) भी उम्दा थे, लेकिन किसी तरह हम ऑडियंस की डिमांड को समझ नहीं पाए. आज की ऑडियंस RRR, ‘जवान’ और ‘पठान’ जैसी एक्शन फिल्में देखना चाहती है.
फिल्म के डायरेक्टर अमित आर शर्मा ने भी हाल ही में बॉलीवुड हंगामा से बात की. उन्होंने कहा कि वो फिल्म के इम्पैक्ट से खुश हैं. बताया,
अगर मैं आपको लोगों के मैसेज दिखाऊं, तो आपको फिल्म पर बहुत गर्व होगा. मैं ये बात किसी घमंड के साथ नहीं कह रहा लेकिन मैं फुटफॉल नहीं गिन रहा. मैं फिल्म के असर को देख रहा हूं. कुछ दिन पहले मुझे 60 वर्षीय एक्ट्रेस स्वरूपा घोष का मैसेज आया. उन्होंने NSD से पढ़ाई की और उसके बाद से ही संघर्ष कर रही हैं. उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने अपने होमटाउन जाने का फैसला कर लिया था. फिर उन्होंने ‘मैदान’ देखी और मुंबई में ही रुक गईं. मुझे नहीं लगता कि मेरी फिल्म ने अंडर-परफॉर्म किया है. मैं फिल्म के प्रभाव से खुश हूं. मुझे इतने सारे मैसेज अपनी पहली फिल्म ‘बधाई हो’ की रिलीज़ के वक्त भी नहीं मिले थे. लोग कह रहे हैं कि ‘मैदान’ ने ज़िंदगी के प्रति उनका नज़रिया बदल दिया है. एक फिल्ममेकर इससे ज़्यादा क्या मांग सकता है.
अमित ने आगे अजय देवगन पर भी बात की. उन्होंने कहा कि अजय के बिना ये फिल्म वो नहीं बन पाती, जो ये आज बनकर निकली है. आगे कहा,
अजय सर कहते हैं कि ‘मैदान’ उनकी बेस्ट फिल्म और परफॉरमेंस है. मैं आपको बता नहीं सकता कि ये सुनकर मुझे खुद पर कितना गर्व महसूस होता है. अगर कोविड विलन बनकर ना आता तो हमारी फिल्म ओवर-बजट नहीं होती. साथ ही चक्रवात की वजह से हमारे सेट और शेड्यूल पूरी तरह साफ हो गए थे. उसके बाद वो दुनियाभर के फुटबॉल प्लेयर्स के साथ हुए मैच भी महंगे पड़े. इस सब में बहुत पैसा और समय खर्च हुआ. लेकिन जब मैं देखता हूं कि ‘मैदान’ ने लोगों को हिम्मत दी है, तब लगता है कि मैं एकदम सही रास्ते पर हूं. मैं सिर्फ वही फिल्में बनाऊंगा जिन पर मुझे भरोसा है.
‘मैदान’ में अजय देवगन ने भारतीय फुटबॉल टीम के कोच सैय्यद अब्दुल रहीम का रोल किया. उनके अलावा प्रियमणि, गजराज राव और रुद्रनील घोष जैसे एक्टर्स भी फिल्म का हिस्सा थे.
वीडियो: दी सिनेमा शो: Ajay Devgn की Maidaan के बाद मुंबई का मशहूर सिनेमाघर क्यों बंद हो गया?













