Ajay Devgn की Maidaan पिछले चार-पांच सालों से फंसी हुई है. इतनी रिलीज़ डेट आई बस फिल्म ही नहीं आई. अब फाइनली ईद 2024 पर फिल्म सिनेमाघरों में उतारने जा रही है. रिलीज़ से पहले डायरेक्टर Amit R. Sharma ने बॉलीवुड हंगामा से बातचीत की. उन्होंने बताया कि रिलीज़ से दो महीने पहले फिल्म की स्क्रीनिंग क्यों रखी गई.
अजय देवगन की 'मैदान' पर इतने लोगों ने काम किया कि कंप्युटर ही बंद पड़ गया
Maidaan के डायरेक्टर Amit R. Sharma ने अपनी टीम से पूछा कि फिल्म के क्रेडिट्स खत्म क्यों नहीं हो रहे. सामने से जवाब आया कि आपकी फिल्म पर हज़ारों लोगों ने काम किया है.

बीती 28 फरवरी को फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के लिए ‘मैदान’ की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी. इनमें से ज़्यादातर ट्रेड ऐनलिस्ट थे. अमित से पूछा गया कि फिल्म की रिलीज़ से इतना पहले स्क्रीन करने का भरोसा कैसे आता है. उनका कहना था:
फिल्म के हर डिपार्टमेंट में लोगों ने बढ़िया काम किया है. इस फिल्म पर जितने लोगों ने काम किया है, वो अपने आप में अविश्वसनीय है. कुछ दिन पहले मैं अपनी टीम से पूछ रहा था कि एंड क्रेडिट्स में इतना टाइम क्यों लग रहा है. टीम के सदस्य ने कहा, ‘टाइम तो लगेगा. इतने सारे नाम जो हैं.’ मैंने पूछा, ‘कितने नाम हैं?’ तब उन्होंने मुझे बताया कि फिल्म पर 3500 लोगों ने काम किया है. और हमें उन नामों को उनकी सही जगह देनी ही होगी.
मैं मिक्सिंग स्टूडियो में था और कंप्युटर बार-बार बंद पड़ रहा था. मैंने इंजीनियर से पूछा कि ऐसा क्यों हो रहा है. उन्होंने कहा, ‘आपकी फिल्म बहुत, बहुत बड़ी है’. मैंने कहा, ‘मैं समझता हूं कि इस कंप्युटर को अपग्रेड करने की ज़रूरत है क्योंकि ये हेवी फाइल को सपोर्ट नहीं कर पा रहा है’. उन्होंने जवाब दिया, ‘कंप्युटर एकदम करेक्ट है. लेकिन आपकी फिल्म में 1300 आवाज़ों का इस्तेमाल किया गया है’.
अमित से पूछा गया कि फिल्म को रिलीज़ होने में इतना वक्त क्यों लग गया. उन्होंने बताया कि अप्रैल 2019 से फरवरी 2020 के बीच 65% शूटिंग पूरी हो चुकी थी. उसके बाद कोविड-19 आ गया. उन्होंने बताया कि ‘मैदान’ में इंटरनेशनल फुटबॉल प्लेयर्स भी हैं. इसलिए उन्हें लाने में भी वक्त लग गया. साल 2020 में आए चक्रवाती तूफान की वजह से स्टेडियम का सेट तबाह हो गया. उसके चलते शूटिंग डिले होती चली गई. किसी तरह शूटिंग पूरी होने के बाद VFX को भी पर्याप्त समय दिया गया. इन्हीं कारणों की वजह से फिल्म पोस्टपोन होती रही. लेकिन अब अप्रैल 2024 में ये रिलीज़ होने जा रही है.
वीडियो: अजय देवगन की मैदान फिल्म को बजट की वजह से बंद कर दिया गया? बोनी कपूर का जवाब













