The Lallantop

मंत्री ने स्टेज पर ही दलेर मेहंदी को लताड़ा, भाई मीका सिंह ने कहा- 'सिंगिंग छोड़ दूंगा अगर...'

उत्तराखंड के एक वीडियो में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सिंगर दलेर मेहंदी से उनकी परफॉर्मेंस पर सवाल करते दिखते हैं. उन पर शराब पीकर कार्यक्रम में आने के आरोप भी लगाए जाते हैं. इस पर अनुपम खेर समेत कई स्टार्स ने अपना विरोध जताया.

Advertisement
post-main-image
उत्तराखंड इवेंट वाले विवाद पर दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आए कई फिल्म स्टार. (courtesy: स्क्रीनग्रैब)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने 18 अक्टूबर को कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए और उन पर शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाया।
  • यह विवाद तब उत्पन्न हुआ जब मंत्री ने दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान उनकी सेहत और प्रदर्शन की真实性 को लेकर सवाल किया, जिससे सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया हुई।
  • दलेर मेहंदी के समर्थन में कई कलाकार सामने आए और मंत्री की टिप्पणियों पर सवाल उठाए, जबकि मंत्री ने कहा कि फिट न होने पर कलाकार को परफॉर्म नहीं करना चाहिए।

सिंगर दलेर मेहंदी के साथ स्टेज पर हुई एक बातचीत का वीडियो वायरल है. वीडियो में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल उनसे उनकी परफॉर्मेंस पर सवाल करते दिखते हैं. मंत्री सिंगर से कहते दिख रहे हैं कि उन्होंने शराब पीकर कार्यक्रम में परफॉर्म किया है. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सेलिब्रिटीज की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं. 

Advertisement

लेकिन अब इस विवाद में म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम सिंगर के समर्थन में उतर आए हैं. मीका सिंह से लेकर कपिल शर्मा, बादशाह और अनुपम खेर तक ने उनके साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए हैं. आखिर दलेर मेहंदी के समर्थन में कौन-कौन आया और इस पूरे विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल का क्या कहना है? समझते हैं पूरा घटनाक्रम.

पूरा मामला क्या है?

मामला 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले का है. यहां दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे. इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे और उनकी परफॉर्मेंस पर सवाल उठाने लगे.

Advertisement

वायरल वीडियो में मंत्री दलेर मेहंदी से पूछते दिखते हैं कि वो लाइव गा रहे हैं या रिकॉर्डेड ट्रैक पर परफॉर्म कर रहे हैं. इसी दौरान उन पर शराब पीकर कार्यक्रम में आने का आरोप भी लगाया गया. स्टेज पर हुई इस बातचीत और एक कलाकार की सार्वजनिक तौर पर आलोचना को लेकर विवाद खड़ा हो गया. इसके बाद दलेर मेहंदी के समर्थन में कई कलाकार सामने आए.

भाई मीका सिंह ने जारी किया वीडियो

सबसे पहले उनके भाई और सिंगर मीका सिंह ने एक वीडियो जारी कर दलेर मेहंदी पर लगाए गए शराब पीने के आरोपों को खारिज किया. मीका ने कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते. उन्होंने यहां तक कहा कि अगर कोई उन्हें शराब पीते हुए देख ले, तो वो सिंगिंग छोड़ देंगे.

मीका ने दलेर की सेहत को लेकर भी अहम जानकारी दी. उनके मुताबिक, दलेर मेहंदी पिछले करीब दो साल से बीमार हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है. मीका ने कहा कि कई बार कलाकार खराब तबीयत के बावजूद अपना कमिटमेंट पूरा करने के लिए स्टेज पर पहुंचते हैं. मीका का कहना था कि दलेर मेहंदी के साथ हुए इस व्यवहार को उनकी सेहत और हालात के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए.

Advertisement

मीका के इस वीडियो को कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया. वहीं, सिंगर शान ने मीका सिंह के वीडियो पर कमेंट करते हुए दलेर मेहंदी का समर्थन किया. उन्होंने दलेर को 'Original Rockstar' बताया और कहा कि उन्होंने पूरी दुनिया को रॉक और रोर करना सिखाया है.

अनुपम खेर भी आए सपोर्ट में

सिंगर और रैपर बादशाह ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर दलेर मेहंदी के समर्थन में पोस्ट किया. बादशाह ने उन्हें लीजेंड बताते हुए कहा कि किसी कलाकार की परफॉर्मेंस से निराशा हो सकती है. लेकिन, जिस इंसान ने म्यूजिक इंडस्ट्री को इतना कुछ दिया हो, उसकी सार्वजनिक तौर पर बेइज्जती करना दुखद है. 

सिंगर पलाश सेन ने भी इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखकर दलेर मेहंदी का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की एक खराब परफॉर्मेंस उसकी पूरी विरासत को खत्म नहीं कर सकती. एक्टर अनुपम खेर ने X पर पोस्ट कर दलेर मेहंदी के साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए. 

सिंगर हर्षदीप कौर ने भी मीका सिंह का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया. उन्होंने कहा कि दलेर आम तौर पर अपनी परफॉर्मेंस में जबरदस्त एनर्जी के लिए जाने जाते हैं.

ये भी पढ़ें: दलेर मेहंदी ने बताया कि वो एक गाना गाने के कितने पैसे लेते हैं

उत्तराखंड के मंत्री का रिएक्शन

द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में सुबोध उनियाल ने कहा कि अगर दलेर मेहंदी शारीरिक रूप से फिट नहीं थे, तो उन्हें कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था. मंत्री के मुताबिक, अगर कोई ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है, तो इस हालत में परफॉर्म करके वो खुद का मजाक बनवाता है. उन्होंने कहा कि कलाकार को कार्यक्रम के लिए कमिटमेंट करने से पहले अपनी स्थिति का ध्यान रखना चाहिए था.

फिलहाल, इस विवाद में दो अलग-अलग पक्ष सामने हैं. दलेर मेहंदी के समर्थन में आए कलाकार उनकी सेहत और उनके साथ हुए व्यवहार का हवाला दे रहे हैं. वहीं, मंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि अगर कोई कलाकार परफॉर्म करने की स्थिति में नहीं है, तो उसे कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए.

वीडियो: दलेर मेहंदी ने बताया, 1984 दंगों के बाद भारत लौटने चाहते थे, उनके साथ क्या हुआ?

Advertisement