ओरिजिनल फिल्म की कहानी से शुरू करते हैं
एक बेरोज़गार लड़का है राघव, जिसे अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने के अलावा कोई काम नहीं है. उसे भूत वगैरह से कुछ ज़्यादा ही डर लगता है. एक दिन किसी वजह से लड़कों को ऐसे क्रिकेट ग्राउंड में खेलने जाना पड़ता है, जिसे हॉन्टेड माना जाता है. क्रिकेट खेलते-खेलते मौसम और माहौल दोनों बिगड़ जाता है. लड़के भाग खड़े होते हैं. इसके बाद राघव कुछ अजीब बीहेव करने लगता है. घरवालों को शक होता है कि कुछ गड़बड़ ज़रूर है. तांत्रिक-वांत्रिक बुलाए जाते हैं. फिर पता चलता है कि राघव के शरीर में तीन अलग-अलग लोगों की आत्माओं का वास है. एक हिंदी बोलने वाली मुस्लिम महिला, एक हिंसक ट्रांसजेंडर और एक मानसिक रूप से बीमार बच्चा. ट्रांसजेंडर को छोड़कर सभी आत्माएं राघव का शरीर छोड़ देती हैं. इसके बाद 'कांचणा' नाम का ये किरदार अपनी कहानी सुनाता है. 'कांचणा' बताती है कि वो इलाके के एमएलए से बदला के लिए राघव के शरीर में घुसी है. क्योंकि उस एमएलए ने उसकी जमीन हथियाकर उसे मार दिया था. राघव उसकी कहानी सुनकर इतना इमोशनल हो जाता है कि उसे अपने शरीर में रहने की इजाज़त दे देता है और एमएलए से बदला लेने में उसकी मदद करता है. ये कहानी जितनी गंभीर लग रही है, उतनी गंभीरता से दिखाई नहीं गई थी. ये हॉरर कॉमेडी थी.

'कांचणा 2' के पोस्टर में राघव लॉरेंस. उन्होंने इस फिल्म में लीड रोल करने के साथ-साथ इसे डायरेक्ट भी किया था.
अक्षय की फिल्म इससे कितनी अलग होगी?
अक्षय कुमार इससे पहले 2007 में 'भूल भुलैया' नाम की हॉरर कॉमेडी फिल्म में काम कर चुके हैं. लेकिन दुर्भाग्य की बात ये कि वो भी 1993 में आई मलयालम फिल्म की 'मनिचित्रथाजु' की रीमेक थी. बदलाव के नाम पर फिल्म में बस ये है कि ओरजिनल फिल्म के लीड कैरेक्टर को जहां तीन भूत पकड़ते हैं, उसकी रीमेक को सिर्फ एक ही भूत ही पकड़ेगा. वो कैरेक्टर एक ट्रांसजेंडर भूत का होगा. 'कांचणा 2' से अलग इस फिल्म में अक्षय का किरदार रपोक नहीं होगा. इस किरदार के साथ समस्या ये है कि ये भूत-प्रेतों को फर्ज़ी बातें मानता है. बताया ये भी जा रहा है कि फिल्म की लीडिंग लेडी के किरदार पर काम कर उसे थोड़ा मजबूत किया जा रहा है. बाकी कहानी को आज के समय में लाने के अलावा कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जा रहा. बताया जा रहा कि ये फिल्म सोशली रेलेंवेट भी होगी. ट्रांसजेंडर्स के बारे में हमारी मानसिकता बदलने की कोशिश करेगी. समाज में उनके ट्रीटमेंट को लेकर भी ये फिल्म बात करेगी.
जहां तक फिल्म के नाम का सवाल है, तो कुछ दिन पहले नेटफ्लिक्स पर एक फिल्म आई थी 'टिकली एंड लक्ष्मी बम'. ये दो वेश्याओं की कहानी थी, जो सेक्स वर्कर्स के शोषण के खिलाफ खड़ी होती हैं और अपने धंधे को अपने हिसाब से करना चाहती हैं.

आने वाले दिनों में अक्षय कुमार 'गुड न्यूज़', 'हाउसफुल 4', 'सूर्यवंशी' और 'मिशन मंगल' जैसी फिल्मों में नज़र आने वाले हैं.
कौन-कौन काम कर रहा है?
फिल्म में अक्षय कुमार तो उस लड़के का रोल कर रहे हैं, जिसे भूत पकड़ेगा. 'मुनी 2: कांचणा' में ये रोल राघव लॉरेंस ने किया था. 'कांचणा' यानी जिस भूत का रोल पिछली फिल्म में सरत कुमार ने किया था, उसके लिए अमिताभ बच्चन का नाम सामने आ रहा है. डेक्कन क्रॉनिकल में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक 'कांचणा' रीमेक में ट्रांसजेंडर भूत 'लक्ष्मी' के रोल के लिए अमिताभ बच्चन को ले लिया गया है. फर्स्टपोस्ट के साथ एक इंटरव्यू में राघव लॉरेंस ने बताया था कि वो अपनी फिल्म के हिंदी रीमेक में अमिताभ बच्चन को कास्ट करना चाहते हैं. हालांकि फिल्म में बच्चन के कास्ट हो जाने की खबर फाइनल नहीं है. इन दोनों के अलावा फिल्म किआरा आडवानी और आर.माधवन भी नज़र आएंगे. किआरा फिल्म में अक्षय कुमार की पत्नी का रोल करेंगी. किआरा और अक्षय फिल्म 'गुड न्यूज़' में भी काम कर रहे हैं, लेकिन वो एक दूसरे के अपोज़िट नहीं हैं. माधवन आखिरी बार शाहरुख खान की फिल्म 'ज़ीरो' में गेस्ट रोल में दिखाई दिए थे.

'लस्ट स्टोरीज़' के एक सीन में किआरा आडवानी और फिल्म 'शमिताभ' के एक दृश्य में अमिताभ बच्चन.
पिछले कुछ समय में हॉरर कॉमेडी और ट्रांसजेंडर किरदार
पिछले एक-दो साल से हॉरर कॉमेडी धीरे-धीरे ही सही लेकिन ट्रेंड में आ रही है. पिछले कुछ समय में 'नानू की जानू', 'गोलमाल अगेन' और 'स्त्री' जैसी फिल्में आ चुकी हैं. 'गोलमाल' जहां अपनी फ्रैंचाइज़ी के नाम पर खूब बिका, तो 'स्त्री' को उसके कॉन्टेंट की वजह से पसंद किया गया. 'नानू की जानू' ठीक-ठाक फिल्म होने के बावजूद स्टार की कमी की वजह से नहीं चली.
जहां तक रही ट्रांसजेंडर्स की बात, तो हम चाहे कितना भी मॉडर्न होने का दिखावा कर लें, अटके उसी दिमागी झोल में हुए हैं. अगर हम अपनी फिल्मों में ट्रांसजेंडर किरदार दिखाते भी हैं, तो उसका शेड ग्रे या कॉमिक रहता है. हमने कभी उन्हें नॉर्मल नहीं दिखाया. संजय दत्त की 'सड़क' में महारानी (सदाशिव अमरापुरकर), 'संघर्ष' में लज्जा शंकर पांडे (आशुतोष राणा) और मर्डर 2 में धीरज पांडे (प्रशांत नारायणन) फिल्म के विलेन थे. वहीं 'मस्ती' सीरीज़ की फिल्मों से तो क्या ही उम्मीद की जाए. हालिया समय में 'सेक्रेड गेम्स' की कुक्कू (कुब्बरा सेत) और 'सुपर डीलक्स' की शिल्पा (विजय सेतुपती) के साथ हम थोड़ा बदलाव महसूस कर रहे हैं. लेकिन 'लक्ष्मी बम' उसे आगे ले जा पाती है या घसीटकर उसी स्टीरियटाइप में ले आती है, ये देखना बाकी रहेगा.

फिल्म 'सड़क' में महारानी के किरदार में सदाशिव अमरापुर और 'संघर्ष' के लज्जा शंकर पांडे के किरदार में आशुतोष राणा.
कौन बना रहा है?
पहले इस फिल्म को रीमेक करने पर सलमान खान और सोहैल खान की नज़र थी. लेकिन वो वर्कआउट नहीं हो पाया. इसके बाद मशहूर कोरियोग्रफर और प्रोड्यूसर शबीना खान ने इस फिल्म की राइट्स खरीद लिए. वो इसे अजय देवगन के साथ बनाना चाहती थीं लेकिन अब ये अक्षय के साथ बन रही है. 'लक्ष्मी बम' को डायरेक्ट कर रहे हैं राघव लॉरेंस. इससे पहले राघव 'मुनी सीरीज़' की पिछली चार फिल्म समेत कुल सात फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. साथ ही साथ इन चारों ही फिल्मों में उन्होंने 'राघव' का लीड रोल भी किया था. लेकिन इस बार वो सिर्फ डायरेक्टर की कुर्सी संभालेंगे, 'कांचणा' की हिंदी रीमेक में उनका किरदार अक्षय कुमार निभाएंगे.

राघव लॉरेंस एक्टर के साथ-साथ फिल्म डायरेक्टर भी हैं. वो अपने करियर में कुल सात फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं.
कब आ रही है?
आने वाले दिनों में रीमेक फिल्मों झड़ी लगने वाली है. इस लिस्ट में सबसे पहले नाम है सलमान खान की 'भारत' का जो कोरियन फिल्म 'ओड टू माय फादर' की रीमेक है. इसके अलावा ब्लॉकबस्टर तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' की हिंदी रीमेक में शाहिद कपूर काम कर रहे हैं. सुनील शेट्टी के बेटे अहान तो अपना फिल्मी डेब्यू ही तेलुगू फिल्म 'आर.एक्स 100' के रीमेक से करने जा रहे हैं. और अब अक्षय की 'लक्ष्मी बम'. फिल्म की शूटिंग 22 अप्रैल से मुंबई में शुरू हो चुकी है. शूटिंग की शुरुआत हुई एक गाने से, जिसका नाम 'बिस्मिल्लाह' बताया जा रहा है. इसे ढेर सारे तांत्रिक और बाबाओं के साथ मुंबई के बोरिवली में शूट किया गया है. इस फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग के बाद अक्षय रोहित शेट्टी की 'सूर्यवंशी' में व्यस्त हो जाएंगे. उसे पूरा करने के बाद वो फिर से 'लक्ष्मी बम' पर दोबारा काम शुरू करेंगे. फिल्म की रिलीज़ डेट तो अनाउंस नहीं की गई है लेकिन इसके 2020 के मिड में रिलीज़ होने की संभावनाएं हैं.
वीडियो देखें: बोहेमियन रैप्सडी: वो फिल्म जिसे 2019 में सबसे ज्यादा ऑस्कर अवॉर्ड मिले












