Tom Holland स्टारर Spider-Man: Brand New Day ने तमाम बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स तोड़ने के लिए कमर कस ली है. 30 जुलाई को रिलीज़ हुई इस मूवी ने पहले Christopher Nolan की The Odyssey को पछाड़ा. फिर केवल छह दिनों में ही 10 हजार करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया. इस दौरान फिल्म ने भारत में भी 360 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा लिए हैं.
6 दिन में 11 हजार करोड़! 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने बॉक्स ऑफिस को दहला दिया
'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' सबसे तेज 10 हजार करोड़ रुपए कमाने के मामले में 'एवेंजर्स: एंड गेम' के बाद दूसरे नंबर पर है.

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' भारत में 30 जुलाई को रिलीज़ हुई थी. पहले दिन यानी गुरुवार को इसने ग्रॉस 72.44 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. रविवार को ये आंकड़ा 92.98 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. इस तरह पहले वीकेंड तक मूवी ने भारत में 308.46 करोड़ रुपए कमा लिए थे. मंडे टेस्ट में गिरावट जरूर आई. फिर भी इसने 28.44 करोड़ रुपए पीट लिए. ये एक बड़ा आंकड़ा है. रिलीज़ के छठे दिन भी मूवी को खूब दर्शक मिले और इसने 25.71 करोड़ रुपए कमा लिए.
'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' की रिलीज़ को अब छह दिन बीत गए हैं. इस दौरान मूवी का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कुछ ऐसा रहा,
पहला दिन (गुरुवार) - 72.44 करोड़
दूसरा दिन (शुक्रवार) - 59.03 करोड़
तीसरा दिन (शनिवार) - 84.01 करोड़
चौथा दिन (रविवार) - 92.98 करोड़
पांचवां दिन (सोमवार) - 28.44 करोड़
छठा दिन (मंगलवार) - 25.71 करोड़
टोटल - 362.61 करोड़ रुपए (ग्रॉस कलेक्शन)
फिल्म की रिलीज़ को अभी पहला हफ्ता भी पूरा नहीं हुआ है. इस बीच 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने भारत में ही 362.61 करोड़ रुपए कमा लिए. अब ये 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' और 'एवेंजर्स: एंड गेम' के बाद भारत में सबसे अधिक कमाई करने वाली तीसरी हॉलीवुड फिल्म बन गई है. 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' ने यहां 478 करोड़ रुपए कमाए थे, वहीं 'एवेंजर्स: एंड गेम' ने 445 करोड़. 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' की रफ़्तार देख अनुमान लगाया जा रहा है कि ये दोनों मूवीज़ को पछाड़कर भारत में हाइएस्ट ग्रॉसिंग हॉलीवुड मूवी बन जाएगी.
जहां तक वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात है, 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने अब तक 10,925 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. ऐसा करने में फिल्म को केवल छह दिन का समय लगा. इस तरह ये 'एवेंजर्स: एंड गेम' के बाद सबसे तेज 10 हजार करोड़ रुपए कमाने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है. टॉम हॉलैंड कुछ समय पहले क्रिसटोफर नोलन की 'द ओडिसी' में नज़र आए थे. उस मूवी ने 20 दिनों में 9200 करोड़ रुपए कमाए हैं. लेकिन 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' ने उससे एक-तिहाई में ही ज्यादा पैसे छाप दिए. ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि ये मूवी बड़ी आसानी से 20 हजार करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लेगी.
वीडियो: स्पाइडरमैन ने क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ओडिसी के कलेक्शन को पीछे छोड़ा









