30 जुलाई को सुबह सवा 4 बजे मेकर्स ने Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana का ट्रेलर रिलीज़ किया. तबसे अब तक ये इंटरनेट पर हर तरफ़ ट्रेंड कर रहा है. लोगों ने इसे इतनी बार देखा कि मात्र चार दिनों में इसे 800 मिलियन यानी 80 करोड़ से ज़्यादा व्यूज़ मिल गए हैं. जल्द ही ये Avengers: Doomsday और Spider-Man: Brand New Day जैसे ट्रेलर्स को भी टक्कर देती नज़र आएगी. चांसेज़ हैं कि ये उन्हें जल्द ही पीछे भी छोड़ सकती है.
चार दिन में 800 मिलियन व्यूज़! 'रामायण' ट्रेलर ने इंटरनेट पर गर्दा उड़ा दिया
'रामायण' के पास 100 करोड़ व्यूज़ हासिल करने का अच्छा मौका है. ये कारनामा आज तक कोई भी भारतीय फिल्म नहीं कर सकी है.

मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' के ट्रेलर को शुरुआती छह घंटों में 5 मिलियन यानी 50 लाख बाद देखा गया था. सुबह 4 से 7 बजे के बीच काफी लोग सोए रहते हैं. बावजूद इसके ट्रेलर ने 50 लाख व्यूज़ पीट दिए. जो कि अपने आप में बड़ी बात है. अगले 50 लाख व्यूज़ हासिल करने में इसे मात्र तीन घंटे लगे. यानी 10 मिलियन व्यूज़ तक पहुंचने में 'रामायण' को केवल 9 घंटे का समय लगा.
शुरुआती 24 घंटों में 'रामायण' के ट्रेलर को यूट्यूब पर 45 मिलियन यानी 4.5 करोड़ व्यूज़ मिल गए थे. इनमें से 36.4 मिलियन हिंदी वर्जन से आए. बाकी कन्नड़ा समेत अन्य भाषाओं से आए. कन्नड़ा भाषा में इस फिल्म की भारी डिमांड है. क्योंकि इस फिल्म में कन्नड़ा फिल्मों के सुपरस्टार यश काम कर रहे हैं. ख़ैर, इतने व्यूज़ पाने के बावजूद 'रामायण' शुरुआती 24 घंटों में सबसे ज्यादा व्यूज़ पाने वाले ट्रेलर्स की लिस्ट में 21वें नंबर पर रही. टॉप पर प्रभास स्टारर 'सलार' है, जिसने पहले दिन 113.2 मिलियन व्यूज़ हासिल किए थे.
लेकिन 'रामायण' के ट्रेलर ने असली रफ्तार पकड़ी दूसरे दिन. दरअसल, इसे टी-सीरीज़, वर्ल्ड ऑफ रामायण और सोनी पिक्चर्स समेत अलग-अलग चैनल्स पर रिलीज़ किया गया. जिसकी वजह से इसके व्यूज़ बंट गए. इसके अलावा फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी इसे खूब देखा गया. अगर सभी प्लैटफॉर्म्स के आंकड़े मिला लें, तो पहले 48 घंटे में इसे 350 मिलियन यानी 35 करोड़ व्यूज़ मिले.
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज़ के चार दिन बाद भी 'रामायण' ट्रेलर के व्यूअरशिप की रफ़्तार थमी नहीं है. इन चार दिनों में इसने रिकॉर्ड 800 मिलियन यानी 80 करोड़ व्यूज़ हासिल कर लिए हैं. और ट्रेलर अब भी देखा जा रहा है. आज तक किसी भी भारतीय फिल्म के ट्रेलर ने इतने व्यूज़ नहीं कमाए हैं. हाल ही में 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' के ट्रेलर को तमाम प्लेटफॉर्म्स पर 1.1 बिलियन व्यूज़ मिले थे. वहीं 'एवेंजर्स: डूम्सडे' ने 936 मिलियन व्यूज़ हासिल किए. लोगों का अनुमान है कि ‘रामायण’ देर-सवेर 1 बिलियन यानी 100 करोड़ व्यूज़ का आंकड़ा छू लेगी. अगर ऐसा हुआ, तो रणबीर कपूर की मूवी के नाम एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा. चूंकी अभी फिल्म की रिलीज़ में तीन महीने का वक्त है, इसलिए ये इसके लिए बहुत मुश्किल चीज़ नहीं लग रही.
वीडियो: 'रामायण' में विष्णु का किरदार किसने किया?











