The Lallantop

जावेद अख्तर ने लाहौर में पाकिस्तान को घेरा, 26/11 पर कहा: "वो लोग अभी भी आपके मुल्क में घूम रहे हैं"

जावेद साहब ने हमलावरों के लिए कहा: "वो लोग नॉर्वे से तो नहीं आए थे, न इजिप्ट से आए थे."

Advertisement
post-main-image
जावेद साहब ने नुसरत और लता को लेकर भी मारक बात कही है

जावेद अख्तर हमेशा चर्चा में रहते हैं. कभी अपने काम को लेकर, कभी अपनी बात को लेकर. इस समय वो अपनी बात को लेकर चर्चा में हैं. ये बात उन्होंने भारत में नहीं, पाकिस्तान में कही है. वो फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की याद में रखे गए, फेस्टिवल में हिस्सा लेने के लिए लाहौर में थे. यहां उन्होंने भारत-पाक संबंधों पर जो बात कही, वायरल है. जावेद साहब ने 26/11 हमले को लेकर भी कुछ कहा है. उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भयंकर चल रहा है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

उन्होंने भारत-पाक संबंधों पर कहा:

लाहौर और अमृतसर के जो सेंटर हैं, उनके बीच सिर्फ 30 किमी का डिस्टेंस है. पता नहीं कितने लोग ये बात जानते हैं. उसके बावजूद इन दोनों शहरों में और दोनों मुल्कों में एक-दूसरे के बारे में जो लाइल्मी है, वो हैरतअंगेज है. ये तो अफसोस की बात है, इस तरह के जो कल्चरल एक्सचेंज होने चाहिए थे, या स्टूडेंट एक्सचेंज होने चाहिए थे, वो नहीं हुए. जो कम्यूनिकेशन होने चाहिए थे, वो नहीं हैं.

Advertisement

इसके आगे जो जावेद अख्तर ने कहा, मामला वही वायरल हुआ है. इसमें उन्होंने मुंबई में हुए हमले को लेकर बात की है. जावेद अख्तर से ऑडियंस में किसी ने कहा: 

आप कई बार पाकिस्तान आ चुके हैं. जब इस बार आप भारत जाएं, तो अपने लोगों से कहिएगा, ये लोग अच्छे लोग हैं. ये लोग सिर्फ बम नहीं मारते, बल्कि हमारा मालाओं और प्रेम से स्वागत भी करते हैं.

इस पर जवाब देते हुए जावेद साहब ने कहा:

Advertisement

मैं यहां तकल्लुफ से काम नहीं लूंगा. हमने तो नुसरत के बड़े-बड़े फ़ंक्शन किए हैं. मेहदी हसन के बड़े-बड़े फ़ंक्शन किए. आपके मुल्क में तो लता मंगेशकर का कोई फ़ंक्शन नहीं हुआ.

जावेद अख्तर की ये बात कहते ही जनता ने तालियां बजा दीं. यहां गौर करने जैसा ये है, जावेद साहब भारत में नहीं पाकिस्तान में बोल रहे थे. उन्होंने आगे कहा:

तो हक़ीकत ये है. चलिए हम एक-दूसरे को इल्ज़ाम न दें. इससे कुछ सॉल्व नहीं होगा. अहम बात ये है कि ये जो फिज़ा आजकल गरम है, वो कम होनी चाहिए. हम तो मुंबई के लोग हैं. हमने देखा, हमारे शहर पर कैसे हमला हुआ? वो लोग नॉर्वे से तो नहीं आए थे. न इजिप्ट से आए थे. वो लोग अभी भी आपके मुल्क में घूम रहे हैं. ये शिकायतें अगर हिन्दुस्तानी के दिल में हों, तो आपको बुरा नहीं मानना चाहिए.

इसके अलावा जावेद साहब का एक और वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वो पाकिस्तानी कलाकारों के साथ बैठे हैं. पाकिस्तानी सिंगर-ऐक्टर अली ज़फर उनके सामने गाते दिख रहे हैं. वो जावेद साहब का लिखा गाना, 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' गा रहे हैं. ये वीडियो खुद अली ज़फर ने अपने इंस्टाग्राम से भी पोस्ट किया. 

इसमें उन्होंने लिखा:

मुझे दिग्गज जावेद अख्तर साहब के सामने अपनी लव लाइफ आयशा फ़ाज़ली के लिए, उन्हीं का लिखा अपना फेवरेट लव सॉन्ग गाने का मौका मिला.

दोनों ही देशों के बीच ऐसे मधुर संबंध बने रहने चाहिए. बने रहने चाहिए कि नहीं बने रहने चाहिए मित्रों! आप क्या सोचते हैं, कमेंट में बताइए. 

वीडियो: जावेद अख्तर ने पाकिस्तान के शायर फैज अहमद फैज से मुलाक़ात का किस्सा सुनाकर मज़मा लूट दिया

Advertisement