फिल्म की कहानी?
'इंडियाज़ मोस्ट वॉन्टेड' का टीज़र कुछ आतंकवादी हमलों के आंकड़ों का साथ शुरू होता है. इसमें बताया जाता है कि 2007 से 2013 के बीच इंडिया में 52 बम ब्लास्ट हुए,जिनमें 810 लोग घायल हुए और 433 लोगों की जानें गईं. इसके बाद ब्लास्ट की लोकेशन बताई जाती है. इस आतंकवादी को मोस्ट वॉन्टेड साबित कर देने के बाद इसे पकड़ने की बात शुरू होती है. एक इंडियन एजेंट है प्रभात, जो अपनी पांच लोगों की टीम के साथ बिना एक भी गोली चलाए इस टेररिस्ट को पकड़ना चाहता है. उसी के लिए वो अपने सीनियर से परमिशन लेने आया है. इसके बाद इस डेढ़ मिनट के वीडियो में कुछ पकड़म-पकड़ाई वाला सीक्वेंस देखने को मिलता है. इस आतंकवादी को इंडिया का ओसामा बिन लादेन बताया जाता है. ये ऐसा टेररिस्ट है, जो गीता में श्रीकृष्ण की लाइनों की मदद से अपनी बात रखता है. मतलब माहौल फुल इंटेंस है. इन लोकेशंस और फिल्म के टाइम पीरियड को देखते हुए एक आतंकवादी का नाम बार-बार दिमाग में आता है.

फिल्म का अनाउंसमेंट पोस्टर बिलकुल किसी अखबार के पन्ने जैसा था. इसमें अर्जुन के साथ डायरेक्टर राजकुमार गुप्ता भी नज़र आ रहे हैं.
कौन है वो संभावित आतंकी?
नवंबर, 2007 को लखनऊ, बनारस और फैजाबाद कोर्ट में 25 मिनट के भीतर 6 बम ब्लास्ट हुए. इसके ठीक अगले साल मई, 2008 में जयपुर में 15 मिनट में 9 बम ब्लास्ट किए गए. 26 जुलाई, 2008 को गुजरात के अहमदाबाद में 70 मिनट में 21 बम फोड़े गए. इस घटना में 56 लोग मरे और 200 से ज़्यादा लोग घायल हुए. इन सब घटनाओं की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी. अहमदाबाद ब्लास्ट इस संगठन का इंडिया में सबसे बड़ा हमला था. लगातार बड़े हमलों में इंडियन मुजहिद्दीन का नाम आने के बाद 4 जून, 2010 को भारत ने और सितंबर, 2011 में यूएस ने इंडियन मुजाहिदीन को आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया. ये फिल्म इसके फाउंडिंग मेंबर यासीन भटकल को पकड़ने के बारे में हो सकती है. हालांकि पुख्ता अभी तक कुछ भी नहीं है.
कुछ सबूत है?
सबूत के नाम पर एक चीज़ ये है कि इस फिल्म की शूटिंग भी उसी जगह पर हुई है, जहां से यासीन भटकल को पकड़ा गया था. 28 अगस्त, 2013 को यासीन को भारतीय सुरक्षा एजेंसी ने कुछ और आतंकवादियों के साथ बिहार के मोतिहारी जिले में इंडिया-नेपाल बॉर्डर पर पकड़ा था. ये एक सीक्रेट मिशन था. इंडियाज़ मोस्ट वॉन्टेड की शूटिंग मई, 2018 में शुरू हुई थी. इसके कुछ हिस्सों को नेपाल में शूट किया गया था.

फिल्म के एक सीन में अर्जुन कपूर. अर्जुन के किरदार का नाम प्रभात कपूर बताया जा रहा है.
कौन-कौन काम कर रहा है?
फिल्म में अर्जुन कपूर उस ऑफिसर का रोल करेंगे, जिसने इस पूरे मिशन की प्लान करने के साथ अंजाम भी दिया था. साथ में राजेश शर्मा (धोनी, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स), मलयाली फिल्मों के एक्टर प्रशांत, गौरव मिश्रा (वेब सीरीज़ रंगबाज), और अमृता पुरी (आयशा, काय पो छे) जैसे एक्टर्स भी नज़र आने वाले हैं.
कौन बना रहा है?
इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं राजकुमार गुप्ता. राज इससे पहले 'आमिर' (2008), 'नो वन किल्ड जेसिका' (2011) और 'घनचक्कर' (2013) जैसी फिल्में बना चुके हैं. उनकी आखिरी रिलीज़ हुई फिल्म थी अजय देवगन के साथ 'रेड'. इनमें से 'घनचक्कर' को छोड़कर सभी फिल्में असल घटनाओं से प्रेरित थीं. अब वो 'इंडियाज़ मोस्ट वॉन्टेड' लेकर आ रहे हैं. 24 मई को थिएटर्स में लग रही है ये फिल्म.
इंडियाज़ मोस्ट वॉन्टेड का टीज़र आप यहां देख सकते हैं:
वीडियो देखें: करन जौहर की 15 साल से बन रही फिल्म कलंक के ट्रेलर की दिलचस्प बातें











