Aamir Khan के भांजे और एक्टर Imran Khan लगातार इंटरव्यूज़ दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि वो जल्द ही अपना कमबैक भी करने वाले हैं. ऐसे ही एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने Ranbir Kapoor के बारे में बात की है. उन्होंने बताया कि मीडिया रिपोर्ट्स ने हमेशा उन्हें रणबीर के खिलाफ खड़ा कर दिया था. हालांकि उन्होंने कभी भी ऐसी बकवास बातों को तवज्जोह नहीं दी. बता दें कि इमरान ने साल 2008 में आई ‘जाने तू या जाने ना’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था. वहीं 2007 में आई ‘सावरिया’ रणबीर की पहली फिल्म थी. दोनों के डेब्यू की टाइमलाइन में ज़्यादा बड़ा अंतर नहीं था. यही वजह है कि मीडिया ने दोनों की तुलना करनी शुरू कर दी थी.
रणबीर कपूर से होने वाली तुलना पर बोले इमरान खान, "ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था"
मीडिया रिपोर्ट्स ने Ranbir Kapoor और Imran Khan को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर दिया था. इमरान ने बताया कि इससे दोनों के रिश्ते पर क्या असर पड़ा.

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में इमरान ने रणबीर को लेकर कहा,
ये हमेशा ही बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है. ये बुरा भी रहा है, क्योंकि मैंने कभी इसे दूसरे तरीके से नहीं देखा. मेरी रणबीर के साथ बातचीत होती थी. मुझे ये भी याद है उन्होंने कभी उन चीजों पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया. मुझे उनके बारे में एक बात याद है कि उन्होंने अपनी कला (क्राफ्ट) को बहुत गंभीरता से लिया था. वो एक सिनेप्रेमी हैं, वे कभी भी उन चीज़ों में शामिल नहीं होते थे.
उन्होंने आगे बताया,
ये सब बहुत मसालेदार चीजें हैं, जिनके बारे में सिर्फ गॉसिप मैगज़ीन में बाते होती थीं. मुझे याद है कि इसमें कुछ अजीब बातें सामने आई थीं. वो हमेशा ये कोशिश करते थे कि ये चीजें (एक्टर्स तक) पहुंचें और वो कहें, ‘अरे सुनो..ऐसा-ऐसा हुआ’.
इमरान और रणबीर ने करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के तीसरे सीज़न में साथ शिरकत की थी. साथ ही दोनों ने फिल्मफेयर अवॉर्ड शो भी होस्ट किया था. बाकी इमरान के फिल्मी करियर की बात करें तो वो आखिरी बार ‘कट्टी-बट्टी’ नाम की फिल्म में नज़र आए थे. वो अब करीब नौ साल बाद कमबैक करने जा रहे हैं. इमरान ‘हैप्पी पटेल’ नाम की फिल्म में नज़र आएंगे. हालांकि वो यहां सिर्फ कैमियो करने वाले हैं. ये एक सैटायर और स्पाय कॉमेडी फिल्म होगी जिसे आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं. आमिर सिर्फ इस फिल्म के प्रोड्यूसर ही नहीं, बल्कि वो भी फिल्म में कैमियो करेंगे. ये पहला मौका होगा जब वो किसी फिल्म में इमरान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे. बताया जा रहा है कि आमिर फिल्म में एक डॉन बनेंगे. ‘हैप्पी पटेल’ को वीर दास डायरेक्ट करेंगे. वो फिल्म में लीड रोल में भी दिखाई देंगे. इमरान और वीर ने इससे पहले ‘डेल्ही बेली’ में भी साथ काम किया था. बताया जा रहा है कि इन दोनों के अलावा मिथिला पालकर, मोना सिंह और शारिब हाशमी भी फिल्म में अहम रोल्स निभा रहे हैं. ये फिल्म कब रिलीज़ होगी, इसे लेकर अभी कोई अपडेट नहीं आया है.
वीडियो: हर्ष वर्धन कपूर ने इमरान खान को 'थार' से किया था रिप्लेस, वजह आई सामने












