इंस्पेक्टर लक्ष्मीनारायण रेड्डी. जिन्होंने न केवल लॉकडाउन की वजह से फंसे हुए व्यक्ति को अस्पातल में भर्ती कराया बल्कि उसके मेडिकल का खर्च भी उठाया.
कोरोना काल में मदद की उन कहानियों को भी याद रखा जाएगा, जिसके दम पर इंसानियत जिंदा है. इस दौर में ऐसी कई कहानियां सामने आई हैं, जो इंसानियत में भरोसे को और मजबूत करती हैं. वर्दी पर आम लोगों का विश्वास बढ़ाती हैं. ऐसी ही एक सच्ची कहानी हैदराबाद के इंस्पेक्टर लक्ष्मीनारायण रेड्डी की है. इन्होंने न केवल लॉकडाउन की वजह से फंसे हुए व्यक्ति को अस्पातल में भर्ती कराया, बल्कि उसके मेडिकल का खर्च भी अपनी जेब से भरा.
क्या है मामला? 16 अप्रैल, 2020. तेलंगाना में कुकटपल्ली डिविजन से COVID-19 कंट्रोल रूम में एक कॉल आई. बताया गया कि एक दूसरे राज्य का कोई व्यक्ति है, जिसे मेडिकल सुविधाओं की जरूरत है. कंट्रोल रूम ने मामले को कुकटपल्ली पुलिस थाने को रेफर कर दिया. ये मामला इंस्पेक्टर लक्ष्मीनारायाण रेड्डी के पास गया. वो ललित कुमार के पास पहुंचे. पता चला कि ललित हिमाचल के रहने वाले हैं. लॉकडाउन की वजह से फंसे हुए हैं. अपेंडिक्स के दर्द से कराहते हुए मिले. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की जरूरत है. लेकिन ललित के पास पैसे नहीं थे. ये जानने के बाद इंस्पेक्टर लक्ष्मीनारायण ने न केवल ललित को अस्पातल में भर्ती कराया, बल्कि अपने पॉकेट से 20 हजार का बिल भी भरा. किसी तरह ये बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय को पता चल गई. इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद रेड्डी को फोन कर उनके इस नेक काम के लिए उनकी तारीफ की. उन्हें धन्यवाद दिया. इतना ही नहीं, सीएम जयराम ठाकुर ने लक्ष्मीनारायण रेड्डी के लिए एक लेटर भी भेजा और उन्हें थैंक्यू कहा.
क्या है लेटर में? लेटर में लिखा है कि आपने (रेड्डी) न केवल लॉकडाउन में फंसे व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उसके ऑपरेशन का 20 हजार का खर्च भी उठाया. आप COVID-19 की लड़ाई में शामिल सभी लोगों के लिए एक प्रेरणा हैं. आपका शुक्रिया.

लक्ष्मीनारायण रेड्डी ने बताया,
मैंने सिर्फ अपने पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार के आदेश का पालन किया, जो हर मीटिंग में हमें याद दिलाते हैं कि राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति की जान कीमती है. हर व्यक्ति की जिंदगी की रक्षा करना पुलिस की ड्यूटी है, ये मायने नहीं रखता कि वो कहां का है.
कमिश्नर ऑफ पुलिस, साइबराबाद, वीसी वीसी सज्जनार ने रेड्डी के इस काम की तारीफ की है. साथ ही पुलिसकर्मियों से आग्रह किया कि इन कठिन समय के दौरान लोगों के जीवन को बचाने के लिए ऐसे ही काम करते रहें.
मुरादाबाद में पुलिस और हेल्थ टीम पर पत्थरबाज़ी करने वालों का कोरोना टेस्ट हुआ, 5 पॉजिटिव मिले