Salman Khan का करियर विवादों से भरा हुआ है. ऐसा ही एक विवाद लगभग ढाई दशक पहले हुआ था. तब उन्होंने एक पार्टी में वेटरन फिल्ममेकर Subhash Ghai को थप्पड़ मार दिया था. पिछले दिनों सुभाष ने खुद इस बारे में बात की है. उनके मुताबिक, सलमान नशे में धुत होकर उनसे हाथापाई करने लगे थे. साथ ही उन्हें खूब गालियां भी दीं. मगर ये विवाद शुरू कैसे हुआ, बताते हैं.
"सलमान ने नशे में मेरे साथ हाथापाई की..." - सुभाष घई ने सलमान पर क्या आरोप लगाए?
सलमान के मुताबिक, सुभाष घई ने भरी पार्टी में उनके जूतों पर पेशाब कर दिया था.

पिछले दिनों सुभाष ने टाइम्स नाव को एक इंटरव्यू दिया. इसमें सलमान और उनकी फिल्म 'युवराज' का ज़िक्र छिड़ा. बातचीत के दौरान सुभाष ने बताया कि सलमान और उनकी लड़ाई 'युवराज' से कहीं पहले हुई थी. वो कहते हैं,
"हम एक पार्टी में थे. सलमान नशे में था और कुछ गलत बात कर रहा था. मैंने उसे ऐसा करने से मना किया. उसे मुझसे कुछ दिक्कत थी कि ऐसा क्यों किया, वैसा क्यों किया. मैंने कहा कि बतौर डायरेक्टर वो मेरा डिसीजन है. उस बात पर वो नशे में मुझे गालियां देने लगा. मैंने उसे रोका कि ऐसा मत करो, हम किसी दूसरे की पार्टी में है. तो वहां हमारी लड़ाई हो गई."
सुभाष घई इस बातचीत में आगे जोड़ते हैं,
"लेकिन अगली सुबह सलीम साहब का फोन आया. उन्होंने बताया- 'सलमान ने सुबह घर पर अपनी मां को इस लड़ाई के बारे में बताया. मैंने उसे डांटा और कहा कि अभी सुभाष जी के घर जाओ और उनसे माफी मांगो'. सलमान आया. मुझसे माफी भी मांगी. वहां मुझे उस पर प्यार आया कि उसने अपने पिता की इज़्ज़त की. मैंने कहा- 'कोई बात नहीं'. उसके बाद सलमान का आना-जाना बढ़ गया. बाद में हमने युवराज बनाई."
वैसे, सलमान खुद भी इस मुद्दे पर बात कर चुके हैं. 2002 में लहरें को दिए इंटरव्यू में सलमान ने कहा कि उन्होंने आज तक बस एक इंसान को थप्पड़ मारा है. उनसे भी उन्होंने अगले ही दिन माफी मांग ली थी. यहां वो सुभाष घई की बात कर रहे थे. उनके मुताबिक, पार्टी में सुभाष ने उन्हें चम्मच से मारा था. उन्होंने सलमान के चेहरे पर प्लेट तक तोड़ने की कोशिश की थी. यही नहीं, सुभाष ने उनके जूतों पर पेशाब भी किया और गुस्से में उनका गला पकड़ लिया. सलमान के मुताबिक, उस समय वो खुद को संभाल नहीं पाए और सुभाष को थप्पड़ मार दिया. लेकिन अगली सुबह उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने सुभाष से माफी मांगी. बाद में दोनों में अच्छी दोस्ती हो गई.
वीडियो: सलमान खान की 'मॉनस्टर' में दो और धाकड़ एक्टर्स की एंट्री, हीरो-विलेन का पलटा खेल













