उत्तर प्रदेश के कौशांबी स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से 11 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि हादसे में मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है. पांच लोग घायल हैं, जिनका इलाज स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में किया जा रहा है.
कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में धमाके से 11 लोगों की मौत हो गई, कई मकान ढहे
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं. धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए; पुलिस ने फैक्ट्री संचालक समेत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

अधिकारियों ने बताया कि मरने वाले लोग फैक्ट्री के आसपास ही रहते थे. फिलहाल मामले में फैक्ट्री संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस की एक टीम उसकी तलाश कर रही है.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना कौशांबी के पिपरी थाना इलाके के मनौरी बाजार में हुई. पावर हाउस के पास पटाखा फैक्ट्री थी, जिसमें विस्फोट हो गया. इससे आसपास की बिल्डिगों को भी काफी नुकसान पहुंचा है.
धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के 5 से 6 मकान ढह गए. घटना वाली जगह के पास से दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन भी जाती है. खबर के मुताबिक, यहां से गुजरने वाली रेलगाड़ियों को घंटे भर के लिए रोक दिया गया. दिल्ली से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को घटनास्थल से एक स्टेशन पहले ही सैयद सरवां में रोक दिया गया.
डीएम ने क्या कहा?जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रियांजलि, प्रवीण सिंह, जाह्नवी, आधित्य, रवि, अंजू, ज्ञान सिंह, विक्रम सरोज, अंश और नन्हा के रूप में हुई है. उन्होंने आगे कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, प्रयागराज और कौशांबी दोनों जिलों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और मौके पर एंबुलेंस और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी हैं.
जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक जीवित निकाले गए 5 लोगों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू (SRN) मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया है.
ये भी पढ़ेंः राम मंदिर को दिया करोड़ों का चेक बाउंस, महिला श्रद्धालु के खाते में सिर्फ 3 रुपये मिले
जिलाधिकारी के मुताबिक, पहली नजर में इस घटना में तीन घर प्रभावित हुए दिख रहे हैं. घटना के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल, प्रशासन का पूरा फोकस रेस्क्यू ऑपरेशन के ज़रिए अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाने पर है.
इंडिया टुडे से जुड़े आनंद राज की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस ने अब तक 6 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हादसे पर गहरा दुख जताया है. केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के SRN अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना. वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है.
वीडियो: नेपाल बाढ़ में डूब गया पूरा बैंक, 8 घंटे के रेस्क्यू में मिला 50 करोड़ का सोना और कैश












