Akshay Kumar और Priyadarshan की जोड़ी, Haiwaan के साथ एक बार फिर लौटी है. आज इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ किया गया है. इसमें Saif Ali Khan एक ऐसे हीरो के रोल में हैं, जो देख नहीं सकता. वहीं अक्षय, कहानी के हैवान यानी विलन बने हैं. ये ट्रेलर कैसा है, आइए समझने की कोशिश करते हैं.
रोएं खड़े कर देने वाला अक्षय-सैफ की 'हैवान' का खूंखार ट्रेलर आया
'हैवान' का ट्रेलर तगड़ा है. मगर ये एक चीज़ मेकर्स ने गड़बड़ कर दी.

'हैवान' मोहनलाल स्टारर मलयाली फिल्म 'ओप्पम' का रीमेक है. उसे भी प्रियदर्शन ने ही डायरेक्ट किया था. फिर भी उन्होंने 'हैवान' को ओरिजिनल फिल्म से अलग ट्रीट किया है. अपने पहले सीन से ही ये फिल्म डार्क और डेंजरस लगती है. अक्षय ने फिल्म में एक खूंखार सीरियल किलर का रोल किया है. उनका कैरेक्टर अपने बदले के लिए एक के बाद एक कई लोगों की जान ले लेता है. इस कड़ी में उसका अगला टार्गेट है एक छोटी बच्ची. मगर उस बच्ची को सैफ अली खान का संरक्षण मिला है. उन्होंने फिल्म में एक ऐसे मार्शल आर्टिस्ट का रोल किया है, जो देख नहीं सकता. लेकिन उसके सुनने और महसूस करने की क्षमता आम लोगों से ज़्यादा है. उसकी बदौलत ही वो उस बच्ची को अक्षय से बचाने की कोशिश करता है. इसमें वो सफ़ल हो पाता है या नहीं, ये जानने के लिए आपको फिल्म देखना होगा.
सैफ अक्सर अपने कैरेक्टर्स के साथ एक्सपेरिमेंट करते हैं. लेकिन अक्षय पहली बार फुल फ्लेजेड विलन के रोल में नज़र आ रहे हैं. उन्हें इस तरह का खून-खराबा करते आपने पहले कभी नहीं देखा होगा. वो जब-जब स्क्रीन पर आते हैं, सबको खा जाते हैं. उनकी हंसी भी बहुत क्रीपी लगती है. दूसरी तरफ़, सैफ भी एक नेत्रहीन के रोल में अच्छे लगे हैं. उनके चेहरे का डर और बेबसी, काफी रियल लगता है. खुद सैफ भी इसे अपने करियर का सबसे चैलेंजिंग रोल बता चुके हैं.
अक्षय और सैफ के अलावा 'हैवान' का तीसरा सबसे बड़ा कैरेक्टर है इसका बैकग्राउंड म्यूजिक. वो फिल्म के डार्क थीम पर फिट बैठता है. साथ ही कहानी को एलिवेट भी करता है. हालांकि ट्रेलर की एडिटिंग थोड़ी बेहतर हो सकती थी. वो इसलिए क्योंकि मेकर्स ने काफी बड़ा हिस्सा इसमें ही रिवील कर दिया. 'हैवान' की सिनेमैटोग्राफी भी इसका प्लस पॉइंट है. लेकिन फिल्म इतनी ज्यादा डार्क है कि कई बार अंधेरे वाले सीन्स में कुछ नज़र नहीं आता. ये बात 3D स्क्रीन, जहां लोग काले चश्मे पहने रहते हैं, वहां दर्शकों का एक्सपीरियन्स थोड़ा खराब कर सकती हैं.
'हैवान' का ट्रेलर पहले सेकेंड से ही अपने नाम को जस्टीफाई करता है. मेकर्स ने प्रोडक्शन कंपनियों के नाम पर भी खून के छींटे दिखाए हैं. अगर नाम न दिखता, तो शायद जनता ये बता भी नहीं पाती कि ये प्रियदर्शन की फिल्म है. दूसरी तरफ़, अक्षय और सैफ को इतने सालों बाद भी अपने कैरेक्टर्स से एक्सपेरिमेंट करते देखना, एक सुखद अनुभव है.
ये बात हम इसलिए कह रहे कि क्योंकि 'हैवान' की मार्केटिंग सही ढंग से नहीं हो पा रही. कुछ दिन पहले इसका टीज़र आया, जो काफी अच्छा होने के बावजूद नज़रों से ओझल हो गया. ट्रेलर से उम्मीद थी, मगर मेकर्स ने उसे बिना किसी खास प्री-अनाउंसमेंट के रिलीज़ किया. इसलिए फिल्म का बज थोड़ा कमज़ोर है. कल अक्षय ने अनाउंस किया कि वो अपनी अगली फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग शुरू कर रहे हैं. और आज ‘हैवान’ का ट्रेलर डाल दिया.
ब्रीदिंग स्पेस न मिलने से अक्सर अच्छी कहानियां भी नज़रंदाज़ हो जाती हैं. एक गलती ये भी हुई कि मेकर्स ने इस ट्रेलर को आज यानी 25 अगस्त को रिलीज़ किया. 26 अगस्त को यश की 'टॉक्सिक' आएगी. उसके बाद अगले कुछ दिनों तक इंटरनेट पर उसकी ही चर्चा चलती रहेगी. उसके बीच 'हैवान' आउट ऑफ साइट, आउट ऑफ माइंड हो जोएगी. जो फिल्म के भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है.
वीडियो: अक्षय कुमार का सैफ अली खान के साथ नया वीडियो सामने आया, देख 'हेरा फेरी 3' फैन्स को बुरा लगेगा










