Salman Khan ने कुछ समय पहले ही Raj and DK की सुपरहीरो फिल्म को थंब्स-अप दिया है. वो SVC63 की शूटिंग खत्म होते ही नवंबर से इस फिल्म पर काम शुरू करने वाले थे. लेकिन खबर आ रही है कि मेकर्स ने इस सुपरहीरो प्रोजेक्ट को दो महीने के लिए पोस्टपोन कर दिया है.
सलमान की सुपरहीरो मूवी शूटिंग शुरू होने से पहले ही पोस्टपोन क्यों हो गई?
इस प्रोजेक्ट के टलने की एक वजह शाहिद कपूर की 'फर्ज़ी 2' भी है.

मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान अब नवंबर 2026 नहीं बल्कि जनवरी 2027 में राज एंड डीके की सुपरहीरो फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. फिल्म दो महीने आगे इसलिए बढ़ी क्योंकि राज एंड डीके फिलहाल शाहिद कपूर स्टारर 'फर्ज़ी 2' सीरीज़ पर काम कर रहे हैं. इसी हफ़्ते उसका फाइनल शेड्यूल शुरू हुआ है. शूटिंग खत्म होने के बाद वो कुछ समय तक शो के पोस्ट प्रोडक्शन में व्यस्त रहेंगे. उससे फ्री होकर ही वो अपनी सुपरहीरो फिल्म पर काम शुरू कर पाएंगे.
वैसे, सलमान की सुपरहीरो मूवी की शूटिंग भले दो महीने आगे बढ़ गई हो. लेकिन राज एंड डीके इस समय को जाया नहीं करने वाले. रिपोर्ट है कि वो नवंबर और दिसंबर में फिल्म का प्री-प्रोडक्शन करेंगे. चूंकि ये एक बिग बजट प्रोजेक्ट है, इसलिए मेकर्स इसकी तैयारी में पर्याप्त समय लेना चाहते हैं. खुद सलमान भी हड़बड़ी में इस फिल्म पर काम शुरू करने से बच रहे. सूत्र के मुताबिक, अभी SVC63 के 50 दिनों की शूटिंग बाकी है. इसके अलावा वो जल्द ही 'बिग बॉस 20' को होस्ट करेंगे. इन दोनों कामों से फ्री होने के बाद ही वो राज एंड डीके के प्रोजेक्ट पर अपना ध्यान लगाएंगे.
सलमान की इस सुपरहीरो मूवी को 'पुष्पा' फ्रैंचाइज़ बनाने वाली मैत्री मूवी मेकर्स प्रोड्यूस करेगी. इसमें रील लाइफ प्रोडक्शन के अतुल अग्निहोत्री भी उनका साथ देंगे. वो सलमान के बहनोई भी हैं. रिपोर्ट्स हैं कि सलमान इस मूवी में एक ऐसे उम्रदराज सुपरहीरो का रोल करेंगे, जो हीरोपंती करते-करते पूरी तरह थक चुका है. ये कहानी कुछ हद तक विल स्मिथ की 'हैनकॉक' से भी प्रेरित है. सलमान और राज एंड डीके एक बार अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स से फ्री हों जाएं, उसके बाद वो ऑफ़िशियली इस फिल्म की अनाउंसमेंट भी कर देंगे.
वीडियो: सलमान खान और राज एंड डीके की फिल्म कन्फर्म, पहली बार करियर में बनेंगे सुपरहीरो












