Kapil Sharma देश के सबसे पॉपुलर कॉमेडियन्स में से एक हैं. मगर उनका विवादों से भी खूब नाता रहा है. ऐसा ही एक विवाद 2018 में हुआ था, जब वो फिल्म जर्नलिस्ट Vickey Lalwani से भिड़ गए थे. विकी ने उन्हें अपनी कुछ रिपोर्ट्स में लेट-लतीफ़ बताया था. इस बात से नाराज़ हुए कपिल कॉल पर उन्हें गालियां देने लगे. दोनों की बातचीत वाला ये ऑडियो तब मीडिया में भी आ गया था. विकी ने पिछले दिनों इस विवाद से जुड़ी पूरी कहानी बताई है.
"कपिल शर्मा भद्दी गालियां दे रहे थे..." - जर्नलिस्ट ने कॉमेडियन से अपनी लड़ाई का किस्सा सुनाया
विकी लालवानी ने कहा कि कपिल ने उनकी बेटी के बारे में भी काफी घटिया बातें कही थीं.


तो बात कुछ ऐसी है कि 2018 में विकी ने कपिल पर कुछ आर्टिकल्स लिखे थे. उनमें उन्होंने आरोप लगाया कि कपिल अपने शो के सेट पर देरी से आते हैं. इस वजह से कई बॉलीवुड स्टार्स को घंटों तक इंतज़ार करना पड़ता है. कुछेक मौकों पर तो उन्होंने अपने काम को इतना लटकाया कि शूटिंग तक रद्द करनी पड़ गई. कपिल उस दौर में अपने करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर कर रहे थे. रिकॉर्डिंग में उन्होंने कहा भी था कि वो डिप्रेशन और फिजिकल प्रॉब्लम्स का सामना कर रहे थे. इसलिए विकी के आर्टिकल्स पढ़कर वो और ज्यादा भड़क गए. कपिल ने आरोप लगाया कि विकी पैसों के लिए उनके खिलाफ़ ऐसी बातें लिख रहे हैं. पर जब इससे डैमेज कंट्रोल नहीं हुआ तो उन्होंने देर रात विकी को फोन घुमा दिया.
सिद्धार्थ कनन से हुई बातचीत में विकी बताते हैं कि अप्रैल 2018 में उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया था. सामने वाले ने खुद को कपिल शर्मा बताया. बातचीत की शुरुआत नॉर्मल हुई. मगर फिर माहौल इतना गर्म हुआ कि कपिल मां-बहन की गालियां देने लगे. विकी बताते हैं कि कपिल का ये बर्ताव उनके लिए काफी शॉकिंग था. वो 25 सालों से फिल्म जर्नलिज़्म कर रहे हैं. इस दौरान किसी ने भी उन्हें कॉल करके गालियां नहीं दीं. फिर चाहे उनके बारे में कुछ नेगेटिव ही क्यों न लिखा गया हो.
विकी ने बताया कि उन्होंने कपिल को समझाने की बहुत कोशिश की मगर वो सुनने को तैयार ही नहीं थे. मजबूरन उन्हें दोनों की बातचीत वाली रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर डालनी पड़ी. उनके मुताबिक, "मैं चाहता था कि पब्लिक ये देखे कि उनका हीरो कैसा है." विकी ने कहा कि उन्होंने अपने आर्टिकल में कपिल के लेट आने पर सवाल उठाया था. लेकिन वो इस बात से बुरी तरह नाराज़ हो गए. वो कहते हैं,
"कपिल शर्मा ने मेरी बेटी के बारे में भी भद्दी बातें कही थीं. सब कुछ रिकॉर्डिंग में है. मैं इन सबमें दोबारा नहीं पड़ना चाहता. आप एक लिमिट कैसे क्रॉस कर सकते हैं? कपिल ने सारी हदें पार कर दी थीं."
इस घटना का जिक्र करते हुए विकी ने कहा कि सलमान और गोविंदा जैसे बड़े एक्टर्स भी किसी को कॉल करके गालियां नहीं देते. लेकिन कपिल ने किसी भी तरह का परहेज़ नहीं किया. वैसे, इस पूरे वाकये के दौरान उन्होंने विकी के खिलाफ़ ट्विटर (अब X) पर भी काफी कुछ लिखा था. वहां उन्होंने गालियों का इस्तेमाल करते हुए विकी से उनकी खबर का सोर्स मांगा था. हालांकि समय के साथ ये घटना लोगों के ध्यान से उतर गई मगर इंटरनेट पर कपिल का वो ऑडियो आज भी तैर रहा है.
वीडियो: अब कपिल शर्मा पर क्यों भड़के मुकेश खन्ना?


















