The Lallantop

"तुम्हारे छक्के इंडिया में गिरे, मेरा छक्का पाकिस्तान में", सचिन से क्या बोले राकेश बेदी?

'धुरंधर' में राकेश बेदी का काम देखने के बाद सचिन तेंदुलकर ने उन्हें फोन करके उनकी तारीफ़ की.

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर' में राकेश बेदी को देख कर सचिन इतने इम्प्रेस हो गए, कि उन्होंने राकेश बेदी को फोन करके उनकी तारीफ़ की.

Dhurandhar के लिए फिल्म के हर एक्टर ने तारीफ़ें बटोरीं. Ranveer Singh, Akshaye Khanna, Arjun Rampal. हर एक एक्टर सराहा गया. मगर इस फिल्म में ऐसा एक्टर भी रहा, जिसके लिए सिनेमाघर में बजी तालियों के साथ गर्व का भाव भी शामिल था. एक तरफ़ जहां दर्शक Jameel Jamali के चुटीले अंदाज़ पर लहालोट हो रहे थे, वहीं दूसरी तरफ़, आंखों में उस चक्रवर्ती चक्रम की छवि भी उभर रही थी, जिसे सालों पहले Kamal Haasan और Rati Agnihotri की फिल्म Ek Duuje Ke Liye में देखा था. जी हां... वो एक्टर हैं Rakesh Bedi. उनकी इस जीत में आम आदमी अपनी जीत देख रहा है. और वजह है, दशकों की उनकी तपस्या. थिएटर, टीवी सीरियल, डबिंग... जाने कहां-कहां की ख़ाक छानी. फांके किए. कल कुछ उधार मिल जाने के बाद खाना खा लूंगा, कई रातें इसी उम्मीद के सहारे बिताईं. ख़ूब तपे, और तब जाकर इंजीनियर पिता के इस बेटे ने एक्टिंग में अपना मुक़ाम बनाया. हाल ही में राकेश बेदी The Lallantop के ख़ास कार्यक्रम Guest In The Newsroom में आए, तो लंबी बतकही हुई. क्या नहीं था, इस गुफ्तगू में. बेलौस कहकहे. संजीदगी. अपने काम से अनुराग भी और जो काम कर चुके, उससे वैराग भी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

राकेश जितने अच्छे अभिनेता हैं, उतने ही रसिक क़िस्सागो भी हैं. और ऐसे ही कई मज़ेदार क़िस्से उन्होंने इस इंटरव्यू में सुनाए. बीच इंटरव्यू में जब ‘धुरंधर’ में उनके काम की तारीफ़ करने के लिए Vicky Kaushal का फ़ोन आया, तब इस फोन कॉल से ज़िक्र निकला महान क्रिकेटर Sachin Tendulkar के कॉल का. 

सचिन ने भी राकेश बेदी को फोन करके उनकी तारीफ़ की. सचिन से जो बात हुई उसके बारे में राकेश बेदी ने कहा,

Advertisement

“वो बोले राकेश जी मज़ा आ गया. क्या छक्का मारा आपने. मैंने कहा हां, तुमने बहुत छक्के मारे हैं. पर तुम्हारे छक्के इंडिया में गिरे हैं, मेरा छक्का पाकिस्तान में गिरा है.”

इस बातचीत में उन्होंने ये भी बताया कि उन्होंने जमील जमाली के किरदार के लिए तैयारी कैसे की? कितना होमवर्क किया? कितने पाकिस्तानी नेताओं को सुना? उनके तौर-तरीके देखे. और फिर उनके लहजे में बोलते हुए फोन में कुछ रिकॉर्डिंग्स भी कीं. बिल्कुल उसी लहजे में, जिस लहजे में पाकिस्तान को ‘पाकस्तान’ और इंडिया का ‘एंडिया’ कहा जाता है. 

बहरहाल, राकेश बेदी के बॉडी ऑफ वर्क की बात करें, तो फिल्मों में उनकी शुरुआत संजीव कुमार स्टारर ‘हमारे तुम्हारे’ से हुई. हालांकि उन्हें पहले मिली ‘एहसास’ थी. जो GP सिप्पी ने राकेश को FTII के कॉन्वोकेशन में ही दे दी थी. मगर ‘हमारे तुम्हारे’ पहले रिलीज़ हुई. फिर ‘चश्म-ए-बद्दूर’ और ‘एक दूजे के लिए’ ने उन्हें पहचान दिलाई. उनके टीवी सिटकॉम ‘श्रीमान श्रीमती’ और ‘यस बॉस’ भी सफल रहे. हालिया कामों पर नज़र डालें तो ‘भाभी जी घर पर हैं’ में उन्होंने डैडू का मज़ेदार किरदार निभाया. फिर ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में नज़र आए. और उसके बाद ‘धुरंधर’ में जमील जमाली बन कर छा गए. उनका ये पूरा मज़ेदार और यादगार इंटरव्यू आप दी लल्लनटॉप के यूट्यूब चैनल और वेबसाइट पर देख सकते हैं. 

Advertisement

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: 'धुरंधर' के जमील जमाली ने सुनाए मजेदार किस्से, रणवीर-अक्षय खन्ना पर क्या बोले राकेश बेदी?

Advertisement