The Lallantop

'मैदान' की रिलीज़ फिर टलेगी? प्रोड्यूसर बोनी कपूर के खिलाफ शिकायत दर्ज

सिर्फ बोनी कपूर ही नहीं 'मैदान' के दूसरे प्रोड्यूसर्स के खिलाफ भी शिकायत की गई है.

Advertisement
post-main-image
अजय देवगन की 'मैदान' का क्लैश अक्षय कुमार की फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' से होने वाला है.

Ajay Devgn की Maidaan इस साल की कुछ बड़ी फिल्मों में से एक है. लंबे समय से टलती आ रही इस फिल्म को 10 अप्रैल को रिलीज़ किया जाना है. मगर रिलीज़ से पहले ये फिल्म एक और मुसीबत में घिर गई है. प्रोड्यूसर Boney Kapoor के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज करवायी गई है. ये शिकायत कैमरा वेन्डर्स की तरफ से करवाई गई है. उनका आरोप है कि बोनी ने एक करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया है. क्या है पूरा मामला आइए समझते हैं.

Advertisement

मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक बोनी कपूर के खिलाफ ये शिकायत निनाद नयामपल्ली नाम के शख्स ने की है. वो कैमरा वेन्डर हैं. जो कैमरे और उससे जुड़े इक्वीपमेंट्स फिल्ममेकर्स को प्रोवाइड करवाते हैं. सिर्फ बोनी कपूर ही नहीं उन्होंने 'मैदान' के दूसरे प्रोड्यूसर्स के खिलाफ भी शिकायत की है. साथ ही मुंबई सिविल कोर्ट से ये अपील भी की है कि 'मैदान' की रिलीज़ पर तब तक रोक लगाई जाए, जब तक उनका पैसा उन्हें नहीं मिल जाता.

निनाद ने मिड डे से बात करते हुए बताया कि बोनी कपूर और उनकी टीम ने फिल्म की शूटिंग के लिए कैमरे से जुड़े कुछ उपकरण लिए थे. उन्होंने ये भी बताया कि शुरुआत में उनकी तरफ से भेजे जाने वाले पैसे और इनवॉइस में कोई समस्या नहीं थी. मगर दिसंबर 2020 के बाद उनकी पेमेंट रोक दी गई. निनाद ने इस विषय पर बोनी कपूर से बात भी की. बोनी ने उस वक्त निनाद को दिलासा भी दिलाया कि उनकी बची हुई पेमेंट्स क्लियर कर दी जाएंगी. मगर बाद में उनके करीब एक करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया गया. जिसके बाद वेंडर ने मेकर्स के खिलाफ लीगल एक्शन लेने का निर्णय लिया.

Advertisement

निनाद ने मिड डे को बताया,

''हमारे पास कोई रास्ता नहीं बचा था. हमने लीगल रास्ता अपनाया और उनकी कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज की है. हमें अभी तक लीगल नोटिस का भी जवाब नहीं मिला है. हमारी रिकवरी के लिए हमारे पास यही एक रास्ता बचा था.''

निनाद की कंपनी के एक और शख्स Easiah Dhanpal Xavier ने भी मिड डे से बात की. कहा,

Advertisement

'' 'मैदान' के प्रोड्यूसर्स ने हमें ये भरोसा दिलाया था कि रिलीज़ से पहले हमारा जो भी बकाया है वो उन्हें चुका देंगे. मगर इसके बजाय प्रोड्यूसर्स और उनकी टीम ने हमसे बातचीत ही बंद कर दी है. हमारे मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया है.''

निनाद की तरफ से कुछ व्हॉटसऐप स्क्रीनशॉट्स भी दिए गए हैं. जिसमें बोनी कपूर से उनकी बातचीत है. जिसमें वेन्डर अपने पेमेंट की डिमांड करते दिख रहे हैं. 

मिड डे की रिपोर्ट में इस स्क्रीनशॉट को शेयर किया गया है. 

इस पूरे मुद्दे पर बोनी कपूर की तरफ से भी जवाब आया है. उनका कहना है कि उनकी तरफ से 63 लाख रुपए का बकाया है, एक करोड़ का नहीं. मिड से बात करते हुए बोनी कपूर ने कहा है,

''मैंने मेरी टीम से बात की है. निनाद और उनकी टीम को फिल्म रिलीज़ से पहले उनके सारे बचे हुए पैसे दे दिए जाएंगे. जिसमें अभी एक महीना बचा हुआ है. सिर्फ उन्हीं से नहीं बल्कि बाकी वेन्डर्स से भी हमने ये वादा किया है कि रिलीज़ से पहले सभी के पेमेंट्स पूरे कर दिए जाएंगे. सभी जानते हैं कि कोविड की वजह से ये फिल्म सालों-साल लटकी रही थी.''

बोनी ने आगे जोड़ा,

''मैंने 45 फिल्में बनाई हैं और कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई है. कभी ऐसा नहीं हुआ कि कभी किसी की पेमेंट छूटी हो. ये कुछ नहीं बस बातों को घुमाया जा रहा है. जो भी बिल है मैं उसे क्लियर कर दूंगा वो भी ब्याज़ के साथ. बाकी हम उनके नोटिस का जवाब कोर्ट में देंगे.''

ख़ैर, 'मैदान',  2024 में ईद के मौके पर रिलीज़ होगी. 'मैदान' के डायरेक्टर अमित रविन्द्रनाथ शर्मा हैं. जिन्होंने 'बधाई हो' बनाई थी. अजय देवगन भारतीय फुटबॉल टीम के कोच रहे सैय्यद अब्दुल रहीम की भूमिका में नजर आने वाले हैं. 'मैदान' में अजय देवगन के अलावा प्रियमणि और गजराज राव भी दिखेंगे. 

वीडियो: अजय देवगन की 'मैदान' के मेकर्स का बड़ा दांव, रिलीज से पहले ही दिखा दी

Advertisement