The Lallantop

मॉर्निंग शो कैंसल होने के बाद भी 'बॉर्डर 2' ने पहले दिन कितनी कमाई कर डाली?

रिलीज़ से पहले ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान था कि फिल्म 40-50 करोड़ की ओपनिंग लेगी.

Advertisement
post-main-image
'बॉर्डर 2' को 'केसरी' बनाने वाले अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया है.

Border 2 साल 2026 की पहली बड़ी बॉलीवुड फिल्म होगी. Sunny Deol समेत बाकी स्टारकास्ट ओपनिंग डे पर इस बात को सुनिश्चित भी कर रहे हैं. दोपहर बीतने तक फिल्म ने डबल डिजिट में कमाई कर ली है. इस दौरान इसे मिक्स्ड रिस्पॉन्स ज़रूर मिला. फिर भी Border और सनी का ब्रांड नेम दर्शक खींचने में सफ़ल हो रहा है. कोई आश्चर्य नहीं होगा अगर फिल्म अपने पहले वीकेंड तक 100 करोड़ी क्लब में शामिल हो जाए.

Advertisement

सैकनिल्क के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' ने अपने पहले दिन भारत में 16.24 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वो भी तब, जब इसे केवल हिन्दी में रिलीज़ किया गया है. ये आंकड़े दोपहर खत्म होने तक हैं. इवनिंग और नाइट शोज़ के बाद इनमें काफ़ी बड़ा इजाफ़ा देखने को मिल सकता है.

फिल्म को दोपहर के शोज़ में ज्यादा दर्शक मिले हैं. सबसे ज्यादा इसे जयपुर में देखा जा रहा है. खबर लिखे जाने तक वहां फिल्म के 2D वर्जन की 45.50 पर्सेंट ऑक्यूपेंसी रही है. फिल्म को हिन्दी पट्टी, खासकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा से काफ़ी दर्शक मिल रहे हैं. संभव है कि आगे भी मूवी को ज्यादा ऑडियंस इन्हीं चार क्षेत्रों से मिलें.

Advertisement

इतना तो तय था कि फिल्म अपने पहले दिन बड़ी ओपनिंग लेगी. ऐसा इसलिए क्योंकि इसकी फर्स्ट डे अडवांस बुकिंग ही 17.5 करोड़ रुपये की रही थी. इस दौरान फिल्म ने 4 लाख टिकटें बेचीं, सो अलग. हालांकि 23 जनवरी की सुबह मूवी को एक बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ गया था. हुआ ये कि देश के कई सिनेमाघरों में फिल्म की डिलीवरी में देरी हो गई थी. इस कारण बहुत से सिनेमाघरों को मजबूरन फिल्म के मॉर्निंग शोज़ कैंसल करने पड़ गए. यदि ऐसा नहीं होता, तो फिल्म और बड़ी ओपनिंग पाती.

हालांकि इवनिंग और नाइट शोज़ से बड़ा फ़र्क आ सकता है. स्कूल, कॉलेज और दफ़्तरों से फ्री होते ही लोग मूवी देखने पहुंचेंगे. तब इन आंकड़ों में बड़ा उछाल आएगा. रिलीज़ से पहले ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान था कि फिल्म 40-50 करोड़ की ओपनिंग लेगी. मगर सुबह हुई गड़बड़ी के बाद संभावना है कि ये 40 करोड़ रुपये के आसपास की ओपनिंग लेगी. यहां फिल्म के ओवरसीज़ कलेक्शन बड़ा फ़र्क ला सकते हैं. वैसे देखा जाए तो ‘बॉर्डर 2’ जैसी मूवीज़ ओपनिंग डे कलेक्शन से ज्यादा वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी पर निर्भर होती हैं. इसलिए यदि पहले दिन इसे ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला, तो आगे फिल्म लंबी पारी खेल जाएगी.

वीडियो: सनी देओल की 'बॉर्डर 2' के पहले दिन कई शोज हुए कैंसिल, ये है वजह

Advertisement

Advertisement