किस बारे में है ये फिल्म?
'ब्लैंक' एक ऐसे लड़के की कहानी है एक आतंकवादी की. एक ऐसा आतंकवादी, जो अपने सीने पर कोई खतरनाक चीज़ बांधकर कहीं ब्लास्ट करने के की मकसद से निकला था. मतलब वो आत्मघाती हमलावर (सुसाइड बॉम्बर) है. लेकिन उसका मिशन फेल हो गया. उसका एक्सीडेंट हुआ पड़ा है. यहां तक सब ठीक है. दिक्कत तक शुरू होती है, जब वो बताता है कि उसे कुछ भी नहीं याद. एक्सीडेंट के चक्कर में उसकी यादाश्त चली गई है. अब वो कितना सच या झूठ बोल रहा है, इसका पता लगाने के लिए एक पुलिसवाला इस मामले की छानबीन कर रहा है. उसे मेमरी लॉस वाली बात पर शंका है. कहानी सुनकर तो फिल्म सही में काफी दिलचस्प लग रही है. इस फिल्म को एक्शन-थ्रिलर कहा जा रहा है. 'ब्लैंक' दर्शकों के लिए कितना थ्रिल बुन पाती है, ये देखने वाली बात होगी.

'ब्लैंक' के टीज़र में करण कपाडिया. ये करण की पहली फीचर फिल्म है.
कौन-कौन काम कर रहा है?
वैसे तो 'ब्लैंक' करण की डेब्यू फिल्म है लेकिन इससे पहले वो 'क्रेसेंडो' नाम की एक शॉर्ट फिल्म में काम कर चुके हैं, जिसे 2017 कान फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया था. फिल्म में सनी देओल संभवत: पुलिसवाले का रोल कर रहे हैं. इन दोनों के अलावा इशिता दत्ता भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. इशिता 'दृश्यम' में अजय देवगन की बेटी का रोल कर चुकी हैं. आखिरी बार वो कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ फिल्म 'फिरंगी' में नज़र आई थीं. इशिता 'आशिक बनाया' फेम और मीटू को इंडिया में आग की तरह फैलाने वाली एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता की बहन हैं. साथ में 'ज़िद' वाले करणवीर शर्मा और जमील खान (बेबी, बदमाश कंपनी) भी होंगे. 'ब्लैंक' में अक्षय कुमार के स्पेशल अपीयरेंस में होने की भी खबरें चल रही हैं. हालांकि इस बारे में पक्का कुछ भी नहीं है. अगर सनी देओल और अक्षय कुमार फिल्म में साथ आ जाएं, तो मजा डबल हो जाए.

करण कपाडिया अपने सिनेमाई करियर का पहला शॉट देते हुए. अपने को-स्टार सनी देओल के साथ सेट पर करण. कमाल की बात ये कि सनी देओल के बेटे का नाम भी करण ही है, जिसे वो इस साल 'पल पल दिल के पास' नाम की फिल्म से लॉन्च कर रहे हैं.
कौन बना रहा है?
इस फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं बेहज़ाद खंबाटा. बेहज़ाद इससे पहले 2012 में आई उमेश शुक्ला की फिल्म 'ओह माय गॉड' में असिस्टेंट डायरेक्टर रह चुके हैं. इसके अलावा वो 2017 में आई राजकुमार राव और श्रुति हासन की फिल्म 'बहन होगी तेरी' से भी बतौर असोसिएट प्रोड्यूसर भी जुड़े रह चुके हैं.

फिल्म के सेट पर डायरेक्टर बेहज़ाद खंबाटा के साथ करण.
कब आ रही है?
फिल्म अनाउंसमेंट के दौरान बताया ये गया था कि ये 11 जनवरी, 2019 को रिलीज़ होगी. यानी 'उड़ी- दी सर्जिकल स्ट्राइक' और 'दी एक्सीडेंट प्राइम मिनिस्टर' के साथ 2019 की पहली फिल्म होने वाली थी. फिल्म की शूटिंग जनवरी, 2018 में शुरू हुई थी और अब जाकर इसका टीज़र आया है. टीज़र में फिल्म की रिलीज़ डेट 03 मई बताई जा रही है.
फिल्म का टीज़र आप यहां देख सकते हैं:
वीडियो देखें:अक्षय कुमार की फिल्म आ रही है, जिसका सलमान खान से तगड़ा कनेक्शन है














