1. बिग बॉस 1 विजेता: राहुल रॉय

एक फिल्म के सीन में राहुल रॉय. Source: YouTube
बिग बॉस के पहले सीज़न को अरशद वारसी ने होस्ट किया था. ये सीज़न 3 नवंबर 2006 से शुरू होकर 26 जनवरी 2007 को खत्म हुआ था. राहुल रॉय को ये शो जीतने पर 1 करोड़ रुपए मिले थे. राहुल के करियर की सबसे सफल फ़िल्म 1990 में आई उनकी पहली फ़िल्म 'आशिकी' थी.
2006 से वो इस कोशिश में हैं कि उनका एक्टिंग करियर दोबारा चल पड़े. उन्होंने 2006 में 'नॉटी बॉए' जैसी भुला दी गई फ़िल्म भी की. इसके बाद उन्होंने मूवी प्रोडक्शन में भी अपना हाथ आज़माया. 2011 में उनके प्रोडक्शन तले भोजपुरी फ़िल्म 'ऐलान' आई थी, जिसमें उन्होंने और मनोज तिवारी ने एक्टिंग की थी. एक्टिंग और प्रोडक्शन में अपनी धाक न जमा पाने के बाद राहुल ने नवंबर 2017 में बीजेपी जॉइन कर ली.

राहुल रॉय को पार्टी में शामिल होने पर बधाई देते मंत्री विजय गोयल.
2. बिग बॉस 2 विजेता: आशुतोष कौशिक

आशुतोश कौशिक को बिग बॉस 2 के विनर की ट्रॉफ़ी देते अक्षय कुमार.
बिग बॉस के दूसरे सीज़न में अरशद वारसी को रीप्लेस करते हुए शिल्पा शेट्टी होस्ट बनी थीं. ये सीज़न 17 अगस्त 2008 से शुरू होकर 22 नवंबर 2008 को खत्म हुआ था. आशुतोष कौशिक विनर बने तो उन्हें एक करोड़ रुपए की इनामी राशी दी गई थी. बिग बॉस जीतने से पहले आशुतोष 2007 में एमटीवी रोडीज़ सीज़न 5 के विनर रहे थे.
2008 के बाद लगभग पांच साल तक वो किसी फ़िल्म या सीरियल में दिखाई नहीं दिए. 2013 में अरशद वारसी के साथ उन्होंने फ़िल्म 'जिला गाजियाबाद' की. वो सोनी नेटवर्क पर आने वाले रिएलिटी शो 'कॉमेडी सर्कस' और इमेजिन टीवी चैनल के रिएलिटी शो 'राहुल दुल्हनिया ले जाएंगे' में भी दिखाई दिए थे.

2013 में आशुतोष फ़िल्म 'शॉर्टकट रोमियो' में एक छोटे से रोल में नज़र आए थे.
3. बिग बॉस 3 विजेता: बिंदु दारा सिंह

बिंदु दारा सिंह को ट्रॉफ़ी देते अमिताभ बच्चन.
बिग बॉस के तीसरे सीज़न के होस्ट रहे थे बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन. ये सीज़न 4 अक्टूबर 2009 से 26 दिसंबर 2009 तक चला था. इसके विनर बिंदु दारा सिंह ने एक करोड़ रुपए जीते थे. बिंदु मशहूर पहलवान और एक्टर दारा सिंह के बेटे हैं. बिंदु ने कई फ़िल्म्स, सीरियल्स और रिएलिटी शोज़ में काम किया है.
2013 में उन पर आईपीएल में हुई स्पॉट फ़िक्सिंग से लिंक होने के कथित आरोप भी लगे, जिसके चलते उनकी गिरफ़्तारी भी हुई थी. बिग बॉस के 11वें सीज़न में वो शिल्पा शिंडे को सपोर्ट कर रहे हैं. बिग बॉस का तो नहीं पता, लेकिन बिंदु चाहते हैं कि ये सीज़न शिल्पा जीतें.

अपनी पत्नी डीना उमारोवा के साथ बिंदु.
4. बिग बॉस 4 विजेता: श्वेता तिवारी

श्वेता तिवारी को बिग बॉस जीतने पर एक करोड़ रुपए मिले थे.
चौथे सीज़न को होस्ट किया था सलमान ख़ान ने. इस सीज़न की विजेता श्वेता तिवारी को भी इनाम में एक करोड़ की राशि मिली थी. इस सीज़न का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2010 को आया था और फ़ाइनल हुआ था 8 जनवरी 2011 को. श्वेता तिवारी को सबसे ज़्यादा पहचाना जाता रहा है 'कसौटी ज़िंदगी की' सीरियल में निभाए गए उनके किरदार प्रेरणा से.
श्वेता को आखिरी बार जिस सीरियल में देखा गया उसका नाम था 'बेगूसराय'(2016). इसमें श्वेता के कैरेक्टर का नाम बिंदिया ठाकुर था.
श्वेता कई फ़िल्मों, रिएलिटी शोज़ और टीवी सीरियल्स में नज़र आ चुकी हैं. उनकी पहली शादी राजा चौधरी से हुई थी. साल 2007 में डाइवोर्स हो गया था. श्वेता ने कई बार मुखर होकर बताया है कि राजा चौधरी उन्हें शराब पीकर पीटा करता था. इन दोनों की बेटी है पलक. तिवारी ने 2013 में एक्टर अभिनव कोहली से शादी कर ली थी. 2016 में उनका बेटा हुआ रेयांश. आगे उनकी फ़िल्म 'Rare & Dare: Six X' आने वाली है.

श्वेता तिवारी और अभिनव कोहली की शोदी की तस्वीर.
5. बिग बॉस 5 विजेता: जूही परमार

टीवी की कुमकुम यानी जूही परमार की बिग बॉस की ट्रॉफ़ी के साथ तस्वीर.
इस सीज़न के होस्ट थे संजय दत्त. ये सीज़न 2 अक्टूबर 2011 से शुरू होकर 7 जनवरी 2012 तक चला था. जूही परमार आखिरी बिग बॉस विजेता थीं, जिन्हें जीतने पर एक करोड़ रुपए मिले थे. जूही को सबसे ज़्यादा 'कुमकुम प्यारा सा बंधन' सीरियल की कुमकुम के तौर पर जाना जाता है. उन्होंने कई टीवी सीरियल्स और रिएलिटी शोज़ में काम किया है.
फ़िलहाल कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले पौराणिक सीरियल 'शनि' में काम कर रही हैं. 2017 के आखिर में वो ख़बरों में रहीं. वजह थी उनके पति सचिन श्रॉफ़ के साथ उनका आपसी सहमति से डाइवोर्स फ़ाइल करना.

जूही परमार और सचिन श्रॉफ़.
6. बिग बॉस 6 विजेता: उर्वशी ढोलकिया

बिग बॉस विनर की ट्रॉफ़ी हाथ में थामे उर्वशी ढोलकिया.
चौथा सीज़न होस्ट करने के बाद बिग बॉस में बतौर होस्ट सलमान ने छठे सीज़न में वापसी की. 7 अक्टूबर 2012 से लेकर ये सीज़न 12 जनवरी 2013 तक चला. उर्वशी ढोलकिया को बिग बॉस 6 जीतने पर 50 लाख रुपए मिले. ढोलकिया ने 'देख भाई देख', 'कभी सौतन कभी सहेली', 'कसौटी ज़िंदगी की' जैसे सीरियल्स में काम किया है.
उर्वशी सबसे ज़्यादा पॉपुलर ही 'कसौटी ज़िंदगी की' सीरियल में निभाए गए नेगेटिव कैरेक्टर कोमलिका बसु से हुईं. फ़िलहाल वो कलर्स टीवी में प्रसारित होने वाले सीरियल 'चंद्रकांता' में रानी इरावती का किरदार निभा रही हैं.

सीरियल 'चंद्रकांता' में रानी इरावती के किरदार में उर्वशी ढोलकिया.
7. बिग बॉस 7 विजेता: गौहर ख़ान

तनीषा मुखर्जी, सलमान ख़ान और गौहर ख़ान.
बिग बॉस 7 भी सलमान ख़ान ने होस्ट किया. गौहर ख़ान को जीतने पर 50 लाख रुपए मिले थे. ये सीज़न 15 सितंबर 2013 से शुरू होकर 28 दिसंबर 2013 को खत्म हुआ था. गौहर ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी. इसके बाद उनकी पहली फ़िल्म रही थी 'रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ़ द ईयर (2009).
गौहर 'गेम', 'इशकज़ादे', 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' जैसी फ़िल्मों में नज़र आ चुकी हैं. उन्हें आखिरी बार 2017 में आई विद्या बालन स्टारर फ़िल्म 'बेगम जान' में देखा गया था. बिग बॉस 11 में भी उन्होंने गेस्ट अपीयरेंस दिया था.

फ़िल्म 'बेगम जान' के एक सीन में विद्या बालन और गौहर ख़ान.
8. बिग बॉस 8/ हल्ला बोल विजेता: गौतम गुलाटी

बिग बॉस 8 के विनर गौतम गुलाटी.
21 सितंबर 2014 से 3 जनवरी 2015 तक ये रिएलिटी शो सलमान ने होस्ट किया. उनके बाद 3 जवनरी से 31 जनवरी तक बाकी बचे पांच कंटेस्टेंट के साथ इस शो का नाम हो गया 'हल्ला बोल' और होस्ट बन गईं फ़राह ख़ान. 'हल्ला बोल' में बिग बॉस के पुराने सीज़न्स के पांच पार्टिसिपेंट्स भी जुड़े. से शो जीतकर गौतम गुलाटी को 50 लाख रुपए की इनामी राशि मिली.
बिग बॉस से पहले गौतम गुलाटी को 'दिया और बांति' सीरियल से पॉपुलेरिटी मिल गई थी. 2015 में वो 'झलक दिखला जा रीलोडड' के पार्टिसिपेंट भी रहे. उन्होंने कुछ फ़िल्मों में भी काम किया है. 2016 में गौतम ने मोहम्मद अजहरुद्दीन की बायोपिक 'अज़हर' में रवि शास्त्री का किरदार निभाया था. वो आखिरी बार 2017 में आई राजकुमार राव और श्रुति हासन स्टारर फ़िल्म 'बहन होगी तेरी' में नज़र आए थे.

'कपिल शर्मा' शो में 'बहन होगी तेरी' फ़िल्म के प्रोमशन के लिए आई स्टार कास्ट.
9. बिग बॉस 9 विजेता: प्रिंस नरूला

प्रिंस नरूला ने अपना करियर पीटीसी मिस्टर पंजाब 2014 में पार्टिसिपेंट के तौर पर शुरू किया था.
सीज़न 9 को भी सलमान ख़ान ने होस्ट किया था. इसका पहला एपिसोड आया 11 अक्टूबर 2015 को और फ़ाइनल एपिसोड आया था 23 जनवरी 2016 को. प्रिंस नरूला को भी बिग बॉस जीतने पर 50 लाख रुपए मिले थे. प्रिंस मॉडल और एक्टर हैं.
प्रिंस नरूला ने अपना करियर पीटीसी मिस्टर पंजाब 2014 में पार्टिसिपेंट के तौर पर शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक तीन रिएलिटी शोज़ जीते. रोडीज़ सीज़न 12, स्प्लिट्सविला 8 और बिग बॉस 9. फ़िलहाल वो एंड टीवी चैनल पर प्रसारित होने वाले सीरियल 'बढ़ो बहू' में लकी नाम के लड़के का कैरेक्टर प्ले कर रहे हैं.

एंड टीवी चैनल पर प्रसारित होने वाला सीरियल 'बढ़ो बहू'.
10. बिग बॉस 10 विजेता: मनवीर गुर्जर

बिग बॉस 10 विनर की ट्रॉफ़ी थामे मनवीर गुर्जर.
इस सीज़न में आम लोगों की भी पार्टिसिपेंट के तौर पर एंट्री हुई थी. इस शो के भी होस्ट थे सलमान ख़ान. ये सीज़न 16 अक्टूबर 2016 से 28 जनवरी 2017 तक चला. बिग बॉस जीतने के बाद न सिर्फ़ मनवीर गुर्जर को 50 लाख रुपए मिले बल्कि उनकी ज़िंदगी ही बदल गई. नोएडा के रहने वाले मनवीर बताते हैं कि वो पहले किसान थे और उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी.
मनवीर जल्द ही एक बॉलीवुड फ़िल्म में भी नज़र आने वाले हैं. फ़िल्म का नाम होगा 'आज की अयोध्या'. शूटिंग शुरू भी हो चुकी है. इसे डायरेक्ट कर रहे हैं नरेश दुदानी और स्क्रिप्ट लिखी है अनंत कुमार ने. फ़िल्म की हीरोइन हैं श्रद्धा दास, जिन्हें इससे पहले नवाज़ुद्दीन सिद्धीकी की फ़िल्म 'बाबूमोशाय बंदूकबाज़' में देखा गया था.

'आज की अयोध्या' फ़िल्म की पहले दिन की शूटिंग की तस्वीर. लाल जैकेट पहले मनवीर.
ये भी पढ़ें:
सट्टा बाजार में शिल्पा शिंदे पर इतने पैसे लगे हैं कि जीरो गिनना मुश्किल है
ये है साउथ का वो ओछा सिनेमा जिस पर हंसिका मोटवानी को गर्व है
बिग बॉस-10 के विनर मनवीर गुर्जर को अब उनके फैंस ने फंसाया
वीडियो देखें:










