The Lallantop

वीर दास से पहले भारी विवादों में फंस चुके हैं ये 5 कॉमेडियन

मुनव्वर फारूकी की दिक्कतें तो अब भी खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं.

Advertisement
post-main-image
अपने हालिया परफॉरमेंस के दौरान वीर दास. बीच में अग्रिमा जोशुआ और आखिरी तस्वीर कॉमेडियन किकू शारदा की.
जब से कॉमेडियन वीर दास का Two Indias वाला वीडियो यूट्यूब पर आया है, सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है. इस वीडियो में वीर ये बताया कि कैसे एक इंडिया में दो देश बसते हैं. जो एक-दूसरे से बिल्कुल उलट हैं. ये वीडियो उस शो का हिस्सा है, जो पिछले दिनों वीर ने वॉशिंगटन के जॉन एफ. केनेडी सेंटर में परफॉर्म किया था. कुछ लोग तो वो बात समझ रहे हैं, जो वीर इस वीडियो के माध्यम से कन्वे करना चाहते हैं. मगर एक तबका उनकी इस हरकत से कतई हर्ट फील कर रहा है. अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और भड़ास निकालने का माध्यम सोशल मीडिया इन दिनों इसी कन्ट्रोवर्सी से गुलज़ार हो रखा है. इस वीडियो से नाराज सेक्शन कह रहा है कि वीर दास दुनियाभर में भारत की इंसल्ट कर रहे हैं.
वीर दास के वीडियोज़ पर जो दो तरह के रिएक्शंस आ रहे, एक्चुअली वीर अपने वीडियो में उन्हीं दो अलग-अलग इंडिया से आने वाले लोगों की बात कर रहे थे. बात निकली तो दूर तक चली गई. वीर दास को अपने वीडियो के बचाव में एक नोट लिखना पड़ा. इसमें उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया पर उनके वीडियो के स्निपेट्स वायरल किए जा रहे हैं. उन्होंने पब्लिक से रिक्वेस्ट की कि उन्हें एडिटेड क्लिप्स पर भरोसा नहीं करना चाहिए. बल्कि पूरा वीडियो देखकर मामले को समझना चाहिए. साथ ही उन्होंने अपने नोट में ये भी लिखा कि उन्हें अपने देश पर गर्व है. वो इसी गर्व के साथ दुनियाभर में घूमते हैं. वीर दास का वो वीडियो आप यहां देख सकते हैं-

अपने कॉमेडी वीडियो के लिए ट्रोल होने और गाली खाने वाले वीर दास पहले या आखिरी कॉमेडियन नहीं हैं. उनसे पहले भी पब्लिक ने कॉमेडियंस को खरी-खोटी सुनाई है और काफी चांसेज़ हैं कि आगे भी ऐसा होता रहेगा. फ्यूचर में जो होगा, वो अपन फ्यूचर में देखेंगे. अभी हम बात करेंगे उन कॉमेडियंस की, पास्ट में जिनके कॉन्टेंट पर विवाद हुआ.
1) तन्मय भट्ट
जब कॉमेडी और विवाद जैसे दो शब्द एक लाइन में आ जाते हैं, तो दिमाग में सबसे पहला नाम तन्मय भट्ट का ही आता है. इंडिया में हंसी-मज़ाक को गंभीरता से लिए जाने में तन्मय का बड़ा हाथ है. उनकी एक कंपनी थी, जिसका नाम था AIB. इंडियन कॉमेडी सीन में क्रांतिकारी बदलाव का बड़ा क्रेडिट इस कंपनी को जाता है. खैर, AIB ने रोस्ट नाम का एक इवेंट मुंबई में ऑर्गनाइज़ हुआ. इसमें रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर और करण जौहर जैसे जाने-माने सेलेब्रिटीज़ ने हिस्सा लिया. ऑडियंस में अनुराग कश्यप, दीपिका पादुकोण, सोनाक्षी सिन्हा जैसे बड़े नाम स्पॉट किए गए. मगर इस रोस्ट के सम्पन्न होते ही तन्मय भट्ट और उनकी कंपनी के खिलाफ FIRs की झड़ी लग गई.
इसके बाद 2016 में तन्मय ने सचिन तेंडुलकर और लता मंगेशकर से जुड़ा एक वीडियो बनाया. इस वीडियो में ऐसा दिखाया गया कि सचिन और लता एक दूसरे को रोस्ट कर रहे हैं. इस प्रोसेस में इन दोनों दिग्गजों पर काफी भद्दे जोक्स बनाए गए. इस बात की शिकायत बीजेपी नेता आशीष शेलार ने मुंबई के पुलिस कमिश्नर से कर दी. जिसके बाद तन्मय के खिलाफ इन्क्वॉयरी का आदेश दिया गया.
तन्मय भट्ट का सचिन तेंडुलकर- लता मंगेशकर वायरल वीडियो का स्क्रीनग्रैब.
तन्मय भट्ट का सचिन तेंडुलकर- लता मंगेशकर वायरल वीडियो का स्क्रीनग्रैब.

2) कुणाल कामरा
कुणाल कामरा स्टैंड अप कॉमिक हैं. यूं तो वो ऑब्ज़रवेशनल कॉमेडी करते हैं. मगर उन्हें पॉलिटिकल बिट्स के लिए ज़्यादा जाना जाता है. वो अपने सेट्स में हाइपर नेशनलिज़्म पर बात करते हैं. सरकार की आलोचना करते हैं. इस वजह से उन्हें कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा. 2017 में उनके वीडियो का एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इस वीडियो का नाम था- Patriotism & The Government. इस वीडियो में कुणाल ने एंटी-नेशनल्स के मसले पर बात की थी. इस वीडियो में वो बेसिकली ये कह रहे थे कि कोई भी सरकार के खिलाफ बात करता है, तो उसे एंटी-नेशनल करार दिया जाता है. ये चीज़ समय के साथ बढ़ती ही जा रही है. बीच-बीच में इस कल्चर में सरकार के रोल पर भी वो बात कर रहे थे.
इस वीडियो के वायरल होने के बाद कुणाल को खूब ट्रोल किया गया. जिस चीज़ का विरोध वो अपने वीडियो में कर रहे थे, उन्हें वही कहा गया- एंटी नेशनल. इस वीडियो के लिए उन्हें जान से मारने की धमकी तक मिली. कुणाल कामरा का वो वीडियो आप नीचे देख सकते हैं-

3) मुनव्वर फारूकी
मुनव्वर फारूकी सटायरिकल कॉमेडी करते हैं. 2020 के आखिर में मुनव्वर ऑल-इंडिया टुअर पर निकले थे. इस दौरान वो देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म करने वाले थे. 1 जनवरी, 2021 को इंदौर में उनका शो था. मुनरो कैफे में चल रहे उनके शो को बीच में रोक दिया गया. ये सब किया बीजेपी एमएलए मालिनी गौर के बेटे एकलव्य सिंह गौर ने, जो हिंद रक्षक संगठन का हिस्सा हैं. मुनव्वर पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं और भारत के गृह मंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी की. इस मामले में 2 जनवरी को मुनव्वर गिरफ्तार कर लिए गए. 3 जनवरी को पुलिस ने कहा कि देवी-देवताओं के अपमान वाला उनका कोई भी वीडियो नहीं मिला.
फारूकी और उनके साथियों एडविन एंटनी, प्रकाश व्यास, प्रीतम व्यास और निलिन यादव के खिलाफ IPC की धारा 295-A, 298, 269, 188 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद सेशंस कोर्ट और मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने मुनव्वर की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. तभी फिर वो सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे. 6 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी और वह रिहा हो गए. मुनव्वर इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं. उनके एक के बाद एक शोज़ कैंसिल हो रहे हैं. क्योंकि उन्हें राइट विंग ग्रुप्स से धमकियां मिल रही हैं.
गिरफ्तारी से ठीक पहले इंदौर के मुनरो कैफे में मुनव्वर फारूकी.
गिरफ्तारी से ठीक पहले इंदौर के मुनरो कैफे में मुनव्वर फारूकी.

4) अग्रिमा जोशुआ
अग्रिमा जोशुआ ने अप्रैल 2019 में मुंबई के कॉमेडी एंड म्यूज़िक कैफे में एक स्केच परफॉर्म किया था. इसमें उन्होंने कथित तौर पर छत्रपति शिवाजी महाराज का मज़ाक उड़ाया था. परफॉर्म करने के एक साल बाद अग्रिमा के उस वीडियो के कुछ क्लिप्स वायरल होने शुरू हुए. इसमें वो अरेबियन सी में बनने वाले शिवाजी स्टैच्यू प्रोजेक्ट के बारे में बात करती सुनी जा सकती थीं. उस वीडियो में अग्रिमा आगे कहती हैं कि इस प्रोजेक्ट के बारे में और जानकारी पाने के लिए वो नॉलेज शेयरिंग वेबसाइट Quora पर पहुंचीं. वहां इस प्रोजेक्ट को मोदी जी का मास्टरस्ट्रोक बताया गया था. जब ये वीडियो कायदे से वायरल हुआ, तो महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कुछ कार्यकर्ताओं ने उस कैफे में तोड़फोड़ की, जहां सालभर पहले ये वीडियो शूट किया गया था.
बात इतनी बढ़ गई कि महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्य गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पुलिस को अग्रिमा के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दे दिया. अग्रिमा ने अपने उन जोक्स के लिए माफी मांगी और वीडियो हटा लिया.
अग्रिमा जोशुआ की सोशल मीडिया अपॉलोजी का स्क्रीनग्रैब.
अग्रिमा जोशुआ की सोशल मीडिया अपॉलोजी का स्क्रीनग्रैब.

5) किकू शारदा
2016 में 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में 'पलक' का किरदार निभाने वाले एक्टर किकू शारदा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. किकू, शो के एपिसोड में डेरा सच्चा सौदा चीफ गुरमीत राम रहिम के गेट अप में उनका मज़ाक उड़ा रहे थे. गुरमीत के एक समर्थक ने किकू के खिलाफ केस दर्ज करवाया. इसके बाद धार्मिक भावनाओं को आहत करने मामले में किकू को मुंबई से हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उन्हें मुंबई से दिल्ली लाया गया और कैथल के एक कोर्ट में एक पेश किया गया. कोर्ट से किकू को 14 दिन के लिए जूडिशियल रीमांड में भेज दिया गया. मगर उसी दिन उन्हें जमानत मिल गई.
अपने बचाव में किकू ने मीडिया से बात करते हुए माफी मांगी. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि वो प्रोड्यूसर्स और चैनल के कहने पर परफॉर्म कर रहे थे.
गुरमीत के गेट अप में कॉमेडियन किकू शारदा.
गुरमीत के गेट अप में कॉमेडियन किकू शारदा.

Advertisement
इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement