The Lallantop

'बड़े मियां छोटे मियां': ये फिल्म अपने ट्रेलर से बेहतर क्यों होने वाली है?

Bade Miyan Chote Miyan Trailer में Akshay Kumar और Tiger Shroff भारत को बचाने निकले हैं. बस मसला ये है कि साढ़े तीन मिनट के ट्रेलर में बहुत कुछ दिखा-बता दिया.

Advertisement
post-main-image
पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में विलन बने हैं.

बीते कुछ महीनों से Akshay Kumar और Tiger Shroff हर जगह साथ नज़र आ रहे हैं. ऐसा उनकी आने वाली फिल्म Bade Miyan Chote Miyan की मार्केटिंग के लिए किया गया. ये फिल्म 10 अप्रैल 2024 को रिलीज़ हो रही है. 26 मार्च की दोपहर फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया. साढ़े मिनट के ट्रेलर का अधिकांश हिस्सा अक्षय और टाइगर की बॉन्डिंग पर ही ध्यान देता है. लगातार आते डायलॉग से पता चलता है कि दोनों एक-दूसरे को और एक-दूसरे के काम करने के तरीके को ज़्यादा पसंद नहीं करते. लेकिन जब ज़रूरत होती है तब साथ आ जाते हैं. 

Advertisement

ट्रेलर की शुरुआत होती है फिल्म के विलन से. चेहरे पर काला मास्क लगाए, लंबा फ़र वाला कोट पहने. उसका चेहरा नहीं दिखाया जाता लेकिन सभी जानते हैं कि पृथ्वीराज सुकुमारन ने वो किरदार निभाया है. खैर वो शख्स इंडिया का सबसे बड़ा हथियार चुरा लेता है. उसे वापस लाने की ज़िम्मेदारी दो फौजियों पर हैं. कहानी के दोनों हीरो जाकर विलन का प्लान खराब कर देते हैं. उसके बाद लात-घूंसे से लेकर बमबारी वाला एक्शन है, सुपर सोल्जर से लेकर रॉकेट लॉन्चर है, कुलमिलाकर बहुत कुछ है. यही ट्रेलर की खामी भी है. कि यहां तीन मिनट 31 सेकंड में बहुत सारी कहानी बता डाली. 

हमें पता चलता है कि अक्षय और टाइगर के किरदार कैसे लोग हैं. उनके एक-दूसरे को बयां करने वाले डायलॉग्स को कम किया जा सकता था. साथ ही ट्रेलर सुपर सोल्जर से जुड़ा एक बड़ा प्लॉट पॉइंट भी दिखा देता है. इसे फिल्म के लिए बचाया जा सकता था. फिर कुछ टिपिकल चीज़ें भी हैं – जैसे एक्शन फिल्मों में IT वाली लड़की का एक किरदार होता है, चश्मा लगाए ‘गीक’ किस्म की. यहां वो रोल अलाया एफ ने किया है. ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के ट्रेलर को देखकर लगता है कि इसे फ्लो में नहीं काटा गया. उसका खुद का नेरेटिव साफ नहीं है. जैसे चीज़ें पॉइंट A से Z तक जाती हुई नहीं दिखतीं. विलन अपना प्लान बताता है. फिर हम हीरोज़ से मिलते हैं. फिर लगातार एक्शन सीक्वेंसेज़ की झलक मिलती है जिन्हें कहीं भी रैंडम ढंग से फिट कर दिया गया है. 

Advertisement
bade miyan chote miyan
‘बड़े मियां छोटे मियां’ के ट्रेलर में पृथ्वीराज सुकुमारन. 

बाकी फिल्म के स्केल को देखकर लग रहा है कि ये ट्रेलर से तो बेहतर होने वाली है. फिल्म में टिपिकल ट्रोप इस्तेमाल किए गए हैं. सेफ रास्ता चुना. और उसी का फायदा भी मिल सकता है. कुछ एक्शन सीक्वेंसेज़ में VFX पर ठीक काम हुआ है. उन्हें देखकर लग रहा है कि बड़े परदे पर वो अपना इफेक्ट डाल पाएंगे. खासतौर पर जहां अक्षय और टाइगर के किरदार आपस में लड़ रहे हैं. फिल्म के डायरेक्टर अली अब्बास ज़फर ने पहले भी एक्शन पर अच्छा काम किया है. ऐसे में यहां निराश होने की आशंका कम है. ‘बड़े मियां छोटे मियां’ कुछ भी नया दिखाने की कोशिश नहीं करती. ये उसी फॉर्मूले पर बनी है जो पहले भी चलकर सफल हो चुका है. फिल्म को जनता खुली बांहों से अपनाती है या नहीं, इसका जवाब 10 अप्रैल को मिलेगा. बता दें कि फिल्म की कास्ट में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, मानुषी छिल्लर, अलाया एफ, पृथ्वीराज सुकुमारन, सोनाक्षी सिन्हा और रॉनित रॉय जैसे नाम शामिल हैं.                         
 

वीडियो: अक्षय कुमार की 10 महीनों में 9 बड़ी फिल्में रिलीज़ होने वाली हैं

Advertisement
Advertisement