Mirzapur: The Movie ने Akshay Kumar की Welcome To The Jungle का कौनसा रिकॉर्ड तोड़ दिया? क्या Ramayana के मेकर्स का OTT वाला दांव Toxic की तरह उल्टा पड़ने वाला है? क्या Hanuman Ansh 200 करोड़ी क्लब में शामिल होने जा रही है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
क्या 'रामायण' के मेकर्स भी 'टॉक्सिक' वाली गलती दोहरा रहे?
यश की एक गलती से 'टॉक्सिक' की डिजिटल कीमत वन-फिफ्थ हो गई है.

# स्टीफन किंग की 'कैरी' का ट्रेलर रिलीज़
स्टीफन किंग की क्लासिक हॉरर स्टोरी 'कैरी' पर बनी नई सीरीज़ का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है. इसे बनाया है माइक फ्लैनगन ने, जो 'द हंटिंग ऑफ हिल हाउस' और 'डॉक्टर स्लीप' के लिए जाने जाते हैं. ट्रेलर में समर एच. हॉवेल, कैरी के रोल में हैं. एक ऐसी लड़की जिसे बुली किया जाता है. घर पर कट्टर धर्मिक मां है जो उसकी खुशियों की राह का रोड़ा है. 8 एपिसोड वाली ये सीरीज़ 7 अक्टूबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर प्रीमियर होगी.
# 'एवेंजर्स: डूम्सडे' ने कमाए 476 करोड़
'एवेंजर्स: डूम्सडे' की रिलीज़ में अभी तीन महीने से ज्यादा का वक्त है. लेकिन फिल्म ने डोमेस्टिक टिकट प्री-सेल्स से 50 मिलियन डॉलर्स यानी करीब 476 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. 'डूम्सडे' इस स्टेज पर 'स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे' से 65 फीसदी आगे चल रही है. फिल्म 18 दिसंबर को रिलीज़ होगी. इसका बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला ड्यून: पार्ट 3' से होगा.
# 'मिर्ज़ापुर' ने 'वेलकम टू द जंगल' को पछाड़ा
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर लगातार दमदार कमाई कर रही है. फिल्म ने सिर्फ छह दिनों में 137.90 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं फिल्म ने वर्ल्डवाइड 193.48 करोड़ रुपए कलेक्ट किये हैं. इसी के साथ इसने अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है. जिसने इंडिया में 134.11 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया था.
# कहीं 'टॉक्सिक' की तरह उल्टा न पड़ जाए 'रामायण' का दांव?
'टॉक्सिक' के मेकर्स ने रिलीज़ से पहले ओटीटी डील फाइनल नहीं की थी. उन्हें उम्मीद थी कि फिल्म थिएटर्स में बंपर कमाई करेगी और बाद में इससे भी बड़ी डील मिलेगी. लेकिन हुआ इसका उल्टा. यश चाहते थे कि फिल्म के ओटीटी राइट्स 200 करोड़ रुपए से ज़्यादा में बिके. मगर अब रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को मात्र 30 करोड़ रुपये का ऑफर मिल रहा है. और इसी वजह से अब सबकी नज़र 'रामायण' पर है. दावा है कि मेकर्स को दोनों पार्ट्स के लिए 700 करोड़ रुपये की ओटीटी डील ऑफर हुई थी. लेकिन नमित मल्होत्रा ने इसे ठुकरा दिया. बताया जा रहा है कि मेकर्स करीब 1000 करोड़ रुपये की डील चाहते हैं. क्योंकि उन्हें भी उम्मीद है कि उनकी फिल्म दुनियाभर से तगड़ी कमाई करेगी. तो क्या ऐसे में 'रामायण' का ये बड़ा दांव काम करेगा? या फिर 'टॉक्सिक' की तरह यहां भी मामला उल्टा पड़ जाएगा?
# विजय देवरकोंडा की 'रणाबाली' का टीज़र रिलीज़!
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदन्ना की फिल्म 'रणाबाली' का टीज़र रिलीज़ हो गया है. इसमें विजय एक बेहद रफ और रुथलेस रोल में हैं. फिल्म की कहानी ब्रिटिश राज में सेट है. जहां विजय का किरदार अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ हिंसा का सहारा लेता है. टीज़र में जबरदस्त एक्शन, खून-खराबे और पीरियड सेटिंग की झलक देखने को मिलती है. फिल्म 16 अक्टूबर, 2026 को थिएटर्स में रिलीज़ होगी.
# 200 करोड़ी क्लब के लिए तैयार 'हनुमान अंश'
'हनुमान अंश' फिल्म ने रिलीज़ के 34वें दिन तक 180 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. ये फिल्म 200 करोड़ी क्लब की तरफ बढ़ रही है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने 153.13 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है. खास बात ये कि अभी भी फिल्म के रोजाना सात हजार से ज़्यादा शोज़ चल रहे हैं. जबकि फिल्म की शुरुआत सिर्फ 25 स्क्रीन्स से हुई थी और पहले दिन इसकी कमाई महज 10 लाख रुपए थी.
वीडियो: 'बाहुबली' की तर्ज पर 'रामायण' के मेकर्स ने सनी देओल के किरदार पर क्या गेम कर दिया?













