Akshay Kumar और Saif Ali Khan स्टारर Haiwaan ने अडवांस बुकिंग में कितने पैसे कमाए? Ramayana के मेकर्स ने प्रमोशन के लिए क्या बंदोबस्त कर लिया है? क्या Prabhas स्टारर Fauzi पर संकट के बादल क्यों मंडरा रहे? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए स्क्रॉल करें.
अक्षय-सैफ स्टारर 'हैवान' की अडवांस बुकिंग देख मेकर्स को सांप सूंघ जाएगा!
'हैवान' की अडवांस बुकिंग ने काफी धीमी शुरुआत की है.

# नेटफ्लिक्स की Lust Stories 3 का ट्रेलर रिलीज़
नेटफ्लिक्स ने 'लस्ट स्टोरीज 3' का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है. इस बार चार अलग-अलग कहानियों के जरिए प्यार, चाहत, शादी और रिश्तों की मुश्किलों को दिखाया जाएगा. इन चार कहानियों को विक्रमादित्य मोटवानी, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज ने डायरेक्ट किया है. कास्ट में अली फज़ल, कोंकणा सेन शर्मा, राधिका आप्टे, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, विजय वर्मा, सिद्धांत और अभिषेक बनर्जी नज़र आ रहे हैं. ये फिल्म 18 सितंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगी.
# 'रामायण' के प्रमोशन में बवंडर उठाने का पूरा इंतजाम
'रामायण: पार्ट 1' के ग्लोबल लेवल पर प्रमोशन का तगड़ा प्लान बन चुका है. मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक एआर रहमान और हांस जिमर 20 अक्टूबर को लंदन में एक खास म्यूजिकल ईवनिंग होस्ट करेंगे. ये इवेंट 'रामायण: पार्ट 1' को डेडिकेट किया जाएगा. इसमें फिल्म की कास्ट के साथ मेकर्स भी शामिल हो सकते हैं. इस इवेंट को फिल्म के दूसरे ट्रेलर रिलीज से पहले रखा जा रहा है. यानी 'रामायण' की ग्लोबल प्रमोशन स्ट्रैटेजी में लंदन का ये म्यूजिकल इवेंट काफी अहम होने वाला है.
# 'हनुमान अंश 2' में दिखेंगे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा?
'हनुमान अंश' की कामयाबी के बाद इसके दूसरे पार्ट को लेकर भी बज़ शुरू हो गया है. खबर है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा 'हनुमान अंश 2' का हिस्सा बन सकते हैं. फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने बॉलीवुड हंगामा के साथ बातचीत में विराट और अनुष्का के फिल्म में शामिल होने की संभावना पर बात की है. उन्होंने कहा कि बाबा के बहुत भक्त हैं. कुछ लोगों से बात की है लेकिन अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है.
# अक्षय और सैफ की 'हैवान' की धीमी शुरुआत
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 'हैवान' की अडवांस बुकिंग में धीमी शुरुआत हुई है. रिलीज़ से एक दिन पहले इसकी अडवांस बुकिंग में 15 हजार 792 टिकट बिकी हैं. फिल्म ने इससे 36.1 लाख रुपए कमा लिए हैं. वहीं ब्लॉक्ड सीट्स के साथ ये आंकड़ा 1.37 करोड़ रुपए पहुंच जाता है. फिल्म 11 सितंबर को रिलीज़ हो रही है.
# 'कल्कि 2' के सेट से अमिताभ बच्चन का लुक वायरल?
'कल्कि 2898 AD' के बाद अब हर किसी की नज़र इसके सीक्वल पर है. और इसी बीच अमिताभ बच्चन की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है. दावा है कि ये 'कल्कि 2' से बच्चन का नया लुक है. इतना ही नहीं, रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है. हालांकि, इन दावों पर मेकर्स ने अभी तक कोई ऑफिशियल मुहर नहीं लगाई है. 'कल्कि 2' में प्रभास के साथ अमिताभ बच्चन और साई पल्लवी दिखाई देंगी. फिल्म को दिसंबर 2027 में रिलीज़ करने की प्लानिंग है.
# प्रभास की 'फौजी' पर मंडरा रहे संकट के बादल!
प्रभास की फिल्म 'फौजी' की रिलीज़ डेट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. फिल्मफेयर की रिपोर्ट के मुताबिक 'फौजी' की 3 दिसंबर 2026 वाली रिलीज़ टल सकती है. हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशियल कन्फर्मेशन नहीं आया है. इसी दिन श्रद्धा कपूर स्टारर 'ईठा' रिलीज होगी. अगर 'फौजी' की रिलीज़ डेट टलती है तो इसका फायदा 'ईठा' को मिल सकता है.
वीडियो: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ का टीज़र हुआ जारी













