यूपी की झांसी पुलिस ने रेलवे अधिकारी को ब्लैकमेल करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है. महिला कथित तौर पर अधिकारी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से आपत्तिजनक तस्वीर बनाकर 15 लाख रुपये की मांग कर रही थी. यह कार्रवाई पीड़ित की पत्नी की शिकायत के आधार पर की गई है.
महिला ने AI तस्वीरों से रेलवे अधिकारी को किया ब्लैकमेल, पत्नी ने सबक सिखा दिया
उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि वह एक बड़े रेलवे अधिकारी की AI से तस्वीर बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रही थी और 15 लाख रुपये मांग रही थी.

आरोपी महिला की पहचान मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेस्सी के रूप में हुई है. उम्र है 27 साल. वह कर्नाटक के हुबली की रहने वाली है. उसे प्रयागराज से अरेस्ट किया गया.
इंडिया टुडे से जुड़े प्रमोद कुमार गौतम की रिपोर्ट के मुताबिक, झांसी के नवाबाद थाने में अफसर की पत्नी ने यह शिकायत दर्ज कराई थी. उसने आरोप लगाया कि मरीना लगातार उसके पति और परिवार को ब्लैकमेल करके 15 लाख रुपये की मांग कर रही है.
मरीना कथित तौर पर अब तक उनके परिवार से 13 जनवरी से कई बार पैसे ले चुकी है. शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 जुलाई को आरोपी मरीना ने उसके अफसर पति की AI से बनी आपत्तिजनक तस्वीरें उसे भेजकर पैसों की मांग की.
उसने धमकी देते हुए कहा कि परिवार की अन्य अविवाहित महिलाओं की तस्वीरें भी उसके पास है. उनकी फोटोज को सोशल मीडिया पर वायरल कर इमेज को खराब कर देगी. आरोप है कि मरीना ने पीड़िता को घर जाकर जान से मारने की भी धमकी दी. और 15 लाख रुपये की डिमांड की.
अफसर की पत्नी की शिकायत पर झांसी पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की. बुधवार, 9 सितंबर को उसकी लोकेशन प्रयागराज में मिली. पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार किया.
ये भी पढ़ें: पंजाबी इंफ्लुएंसर मंजीत कौर को सेक्टर 34 में ही जिंदा जलाया गया, आरोपी से रिलेशनशिप में थीं
दूसरी तरफ महिला का कहना है कि यह फेक FIR है. वह सबूतों के साथ अपनी बात साबित करेगी.
दो फोन, एक लैपटॉप बरामदअपर पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह ने बताया,
"नवाबाद पुलिस ने AI से फोटो एडिट करने, ब्लैकमेल करने और अवैध पैसों की वसूली करने वाली एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है. उसका नाम मरीना लाजरस उर्फ मरीना जैसी है. वह हुबली कर्नाटक की रहने वाली है. झांसी पुलिस ने अभियुक्ता की गिरफ्तारी प्रयागराज से की है."
पुलिस ने बताया है कि आरोपी के पास से दो मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया गया है. महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया. वहां से उसे जेल भेजा जाएगा.
वीडियो: चीन पर भड़के फिलीपींस के रक्षा मंत्री, बोले- 'शर्म करो, लिहाज सीखो', क्या है पूरा मामला?













