सिंगर और म्यूजिक कंपोज़र Amaal Mallik, Salman Khan के प्रोडक्शन हाउस पर बुरा भड़क गए हैं. उन्होंने Main Hoon Hero Tera गाने के सेलिब्रेशन पोस्ट में उन्हें क्रेडिट न दिए जाने पर सवाल उठाया है. उन्होंने Salman Khan Films (SKF) की सोशल मीडिया टीम से ये भी कहा कि वो अमाल का कमेंट डिलीट न करें. वो इसलिए ताकि सलमान खुद भी देख सकें कि उनकी टीम ने कितनी बड़ी गड़बड़ी कर दी है.
सलमान की प्रोडक्शन कंपनी पर बिफ़रे अमाल मलिक, कहा- "साउथ इंडस्ट्री से सीखो..."
अमाल ने SKF की सोशल मीडिया टीम से कहा कि वो उनका पोस्ट डिलीट न करें. ताकि सलमान खान भी देख सकें.

'मैं हूं हीरो तेरा' 2015 में रिलीज़ हुई सूरज पंचोली और आथिया शेट्टी स्टारर 'हीरो' फिल्म का गाना है. इसे सलमान खान ने प्रोड्यूस किया था. गाना भी उनकी आवाज़ में ही है, जिसके लिरिक्स कुमार ने लिखे थे. वहीं अमाल मलिक इसके म्यूजिक कम्पोज़र हैं. पिछले दिनों इस फिल्म के 11 साल पूरे हो गए हैं. इस मौके पर SKF ने सोशल मीडिया पर ये गाना शेयर किया. कैप्शन में उन्होंने सलमान, आथिया, सूरज और निखिल आडवाणी को टैग किया था.
अब मसला ये हुआ कि यहां उन्होंने अमाल को मेंशन नहीं किया. इस बात पर वो नाराज़ हो गए हैं. पोस्ट के नीचे कमेंट करते हुए अमाल लिखते हैं,
"जो भी सलमान खान फिल्म्स का सोशल मीडिया या ये पेज संभाल रहा है, उसकी हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी कि उसने गाने के कंपोज़र और लिरिसिस्ट का ज़िक्र तक नहीं किया. अच्छा नहीं लगता जब किसी गाने को, जिसे एक म्यूजिक कंपोज़र और लिरिक्स राइटर ने अपने दर्द, खून, पसीने और आंसुओं से बनाया हो, उन्हें सम्मान दिए बिना प्रमोट किया जाए. कम-से-कम बेसिक्स तो सीखो वरना ये पेज ही डिलीट कर दो. मेरा कमेंट डिलीट मत करना. सलमान सर को भी ये देखने दो ताकि उन्हें भी पता चले कि आप लोगों ने क्या खेल किया है."

इस कमेंट के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर सिलसिलेवार ढंग से कुछ स्टोरीज़ शेयर की. वहां उन्होंने लिखा,
"क्रेडिट मांगकर नहीं, छीनकर लेना होगा. मगर कब तक? जब तक ये इंडस्ट्री डर नहीं जाती? कांप नहीं जाती? रोज-रोज ये ड्रामा और कंट्रोवर्सी भला कोई क्यों ही करना चाहेगा?"

एक अन्य स्टोरी में अमाल ने स्पष्ट किया कि उनका कमेंट सलमान खान को लेकर नहीं था. बल्कि वो तो उनकी प्रोडक्शन कंपनी, PR और डिजिटल टीम से सवाल कर रहे हैं. उन्होंने SKF को साउथ की फिल्म इंडस्ट्रीज़ से सबक लेने की नसीहत दी. साथ ही ये भी कहा कि वो केवल शुरुआत हैं. अगली पीढ़ी अपने हक के लिए और भी ज्यादा ब्रूटल होगी.
अमाल ने कहा कि उन्हें और उनके भाई अरमान मलिक को सलमान की वजह से इंडस्ट्री में ब्रेक मिला था. मगर इंटरनेट पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ हद से ज्यादा नफ़रत फैलाई जा रही है. लोगों का ये कहना है कि उन्हें रोटी और कपड़ा सलमान की वजह से मिला. मगर वो इस बात का एहसान नहीं मानते. अमाल ने इस बात को बेतुका बताते हुए कहा कि वो बेवजह बगावत करने वालों में से नहीं हैं. वैसे, उनके इस पोस्ट का असर देखने को मिला है. सलमान खान फिल्म्स ने ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाने के इंस्टाग्राम पोस्ट में अमाल और कुमार को फाइनली क्रेडिट दे ही दिया है.
वीडियो: अरिजीत करोड़ों के गाने क्यों ठुकरा देते हैं? अमाल मलिक ने बताई वजह












