Akshay Kumar की नई फिल्म आई है Mission Raniganj. ये फिल्म असल घटनाओं से प्रेरित है. अलग ये हुआ कि अक्षय ने इस फिल्म को वैसे प्रमोट नहीं किया, जैसे वो अपनी पिछली फिल्मों को प्रमोट कर रहे थे. हालिया इंटरव्यू में उन्होंने इस मसले पर बात की है. उनका कहना है कि उन्होंने सब करके देख लिया. ओवर प्रमोशन से किसी फिल्म की कमाई नहीं बढ़ती. इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म Selfiee का उदाहरण भी दिया.
भारी प्रमोशन से फिल्में नहीं चलतीं, ये मैंने 'सेल्फी' करके सीखा - अक्षय कुमार
अक्षय कुमार इन दिनों अपने करियर में ट्रांजिशन के दौर से गुज़र रहे हैं. उनकी फिल्में नहीं चल रही हैं. मगर ये चीज़ उन्हें बहुत कुछ सिखा रही है.


अक्षय ने अपनी फिल्म प्रमोशन स्ट्रैटेजी पर बात करते हुए कहा-
"मैंने 'सेल्फी' को खूब प्रमोट किया था. मगर वो काम नहीं किया. प्रमोशन गलत पहलू है. मैं OMG 2 को प्रमोट करने कहीं नहीं गया. उसका प्रमोशन वर्ड ऑफ माउथ से हुआ. अगर मैं फिल्म प्रमोट करता हूं, तो लोग उसे फॉर ग्रांटेड ले लेते हैं. उन्हें लगता है कि फिल्म प्रमोट करना तो मेरा काम है. मगर वही फिल्म देखकर कोई उसकी तारीफ करता है और अन्य लोगों से उसे देखने को कहता है, तो लोग जाकर फिल्म देख लेते हैं."
अक्षय इस बारे में बात करते हुए बच्चों और पैरेंट्स के संबंधों का उदाहरण इस्तेमाल करते हैं. विस्तार से समझाते हुए वो कहते हैं-
"अगर आप आकर मुझसे कहेंगे कि आपका बेटा पढ़ाई में अच्छा है, तो मुझे लगेगा कि आप पिता हैं, अपने बच्चे के लिए वो आपका प्यार है. वहीं अगर आपके पड़ोसी आकर मुझसे कहेंगे कि आप बच्चा पढ़ने में अच्छा है, तो मैं यकीन कर लूंगा."
अक्षय 'सेल्फी' को प्रमोट करने के लिए देश के कई शहरों में गए. कई इवेंट्स रखे गए. यहां तक की सेल्फी लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तक बना दिया. बावजूद इसके उनकी फिल्म ने पहले दिन मात्र 2.55 करोड़ रुपए कमाए. फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 16.85 करोड़ रुपए पर अटककर रह गया. इसे अक्षय के करियर की सबसे बड़ी डिज़ास्टर फिल्मों में गिना गया.
अक्षय कुमार ने इस इंटरव्यू में आगे कहा-
"ये ट्रेंड है. मैं अपना काम कर रहा हूं. अगर मैं किसी शहर में जाकर अपनी फिल्म के बारे में बात करूंगा, तो वो काम नहीं आएगा. अब ये चीज़ें काम नहीं करतीं. कॉन्टेंट बोलता है. खासकर उस तरह की फिल्मों में, जो कि कॉन्टेंट ड्रिवन हैं. जिन फिल्मों में ढेर सारे गाने और फाइट्स होती हैं, वो अलग किस्म की फिल्में होती हैं. वो (टिकट खिड़की पर) अलग तरीके से काम करती हैं. मैं ये बात समझ गया हूं और उसी हिसाब से काम कर रहा हूं."
अक्षय की लेटेस्ट रिलीज़ 'मिशन रानीगंज' भी कुछ खास कमाई नहीं कर पा रही है. इस फिल्म ने पहले 2.85 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. पहले वीकेंड पर इस फिल्म ने कुल 12.60 करोड़ रुपए की कमाई की है. जो कि अक्षय कुमार के लिहाज से कमज़ोर कमाई मानी जाएगी. 'मिशन रानीगंज' को टिनू सुरेश देसाई ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में अक्षय के साथ परिणीति चोपड़ा, रवि किशन, वरुण बडोला, कुमुद मिश्रा और जमील खान जैसे एक्टर्स ने काम किया है.
वीडियो: वेलकम टू दी जंगल में अक्षय कुमार ने कुछ ऐसा किया, जो वो कभी न करते






















