Ajay Devgn की Drishyam: The Conclusion 02 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. इसकी अडवांस बुकिंग अपने उफ़ान पर है. मगर इस बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जो मेकर्स और दर्शक, दोनों को परेशान कर सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, 'दृश्यम' फ्रैंचाइज़ कॉपीराइट के एक मामले में मद्रास हाई कोर्ट के चक्कर लगा रही है. इसका असर अजय की 'दृश्यम 3' की रिलीज़ पर भी पड़ सकता है.
अजय देवगन स्टारर 'दृश्यम 3' की रिलीज़ दो दिन पहले कैंसिल हो जाएगी?
इसी विवाद के कारण कोर्ट ने मोहनलाल वाली 'दृश्यम 3' की OTT रिलीज़ पर भी रोक लगा दी थी.

डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 में राजकुमार थिएटर प्राइवेट लिमिटेड नाम की प्रोडक्शन कंपनी ने मद्रास हाईकोर्ट में एक शिकायत दर्ज़ करवाई थी. इसमें उन्होंने मोहनलाल वाली ओरिजिनल 'दृश्यम 3' पर कॉपीराइट क्लेम किया था. उन्होंने कहा कि ओरिजिनल 'दृश्यम' के तेलुगु राइट्स उनके पास हैं. इसलिए मेकर्स उसका तेलुगु रीमेक या डब नहीं कर सकते. देखा जाए तो यहां राजकुमार थिएटर की अजय देवगन वाली 'दृश्यम 3' से कोई सीधी लड़ाई नहीं थी. मगर डेक्कन हेराल्ड ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट में बताया कि कंपनी ने फिल्म के हिंदी वर्जन पर भी रोक लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक इस विवाद का फैसला नहीं हो जाता, तब तक फिल्म को सिनेमाघरों में आने न दिया जाए.
मद्रास हाई कोर्ट में ये मामला पिछले कुछ महीनों से लगातार चल रहा है. 29 सितंबर (मंगलवार) को भी इस पर सुनवाई हुई. मगर कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका. इसलिए कोर्ट ने ये मामला 01 अक्टूबर तक के लिए टाल दिया है. अभी फिल्म पर कोई रोक नहीं लगी है. दरअसल, कोर्ट ये जांचना चाहता है कि दोनों पक्ष के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट में किस तरह के राइट्स का लेन-देन हुआ था. इसके बाद ही फिल्म की रिलीज़ रोकने-बढ़ाने को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा. सुनवाई 01 अक्टूबर को है और अजय देवगन की 'दृश्यम 3' 02 अक्टूबर को आएगी. लेकिन रिलीज़ का ये मामला अब कोर्ट के अगले फैसले पर निर्भर करेगा.
वैसे, जून 2026 में जब राजकुमार थिएटर ने मोहनलाल वाली 'दृश्यम 3' पर सवाल खड़े किए थे, तो कोर्ट ने उसकी OTT रिलीज रोक दी था. वो भी फिल्म की डिजिटल रिलीज़ से ठीक एक दिन पहले. बाद में इस कंपनी ने ओरिजिनल मेकर्स के साथ आउट-ऑफ-कोर्ट सेटलमेंट कर लिया. तब जाकर मोहनलाल वाली फिल्म OTT पर आ पाई थी. अजय देवगन वाली 'दृश्यम 3' केस में सबसे बड़ा प्लस-पॉइंट ये है कि वो मोहनलाल वाली फिल्म से अलग कहानी पर बनी है. इसलिए स्टोरीलाइन के मामले में उसे अपरहैंड मिलेगा. हालांकि फ्रैंचाइज़ के नाम को लेकर मामला थोड़ा फंस सकता है. मगर संभव है कि मलयालम की तरह हिंदी वर्जन के इस विवाद को भी कोर्ट के बाहर ही निपटा लिया जाए.
वीडियो: 'दृश्यम 3' के डायरेक्टर ने अक्षय खन्ना को क्या ताना मारा?












