The Lallantop

5 लाख रुपये में क्या बिजनेस करें? ये 5 ऑप्शन कभी पैसे की कमी नहीं होने देंगे

हम आपको बताने जा रहे हैं ऐसे 5 बिजनेस जिन्हें 5 लाख से कम निवेश में शुरू किया जा सकता है. ये बिजनेस शुरू करना न सिर्फ आसान हैं बल्कि अगर ठीक से मेहनत की जाए तो आपको नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं.

Advertisement
post-main-image
हैंडमेड प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ी. (फोटो क्रेडिट: Business Today)

अक्सर लोग सोचते हैं कि बिजनेस शुरू करने के लिए करोड़ों रुपये चाहिए होते हैं. लेकिन ऐसा हर बिजनेस के साथ नहीं है. अगर खुद का बिजनेस शुरू करने के लिए आपके पास बहुत ज्यादा पैसा नहीं है तो भी आप ऐसा कर सकते हैं. हम आपको बताने जा रहे हैं ऐसे 5 बिजनेस जिन्हें 5 लाख से कम निवेश में शुरू किया जा सकता है. ये बिजनेस शुरू करना न सिर्फ आसान हैं बल्कि अगर ठीक से मेहनत की जाए तो आपको नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
डेयरी खोलें, दूध, दही और पनीर बेचें 

रोटी, कपड़ा और मकान की तरह दूध भी हर घर की जरूरत की चीज है. इसलिए अगर आप चाहते हैं कि आपकी रेगुलर कमाई होती रहे और जोखिम भी कम से कम हो तो डेयरी बिजनेस भरोसेमंद विकल्पों में से एक है. देश में दूध की मांग लगातार बनी रहती है. त्योहारों और शादियों के सीजन में तो दूध की मांग और भी बढ़ जाती है. जानकारों का कहना है कि यह ऐसा बिजनेस है जो सदाबहार है. आप चाहें तो खुद के मवेशी यानी गाय या भैंस वगैरा पालकर भी डेयरी पालन के साथ डेयरी बिजनेस चला सकते हैं या आप किसानों से दूध कलेक्ट करके अपनी डेयरी में बेच सकते हैं.

आप डेयरी में दही और पनीर भी बेच सकते हैं. इसके जरिये आप आसपास के इलाकों या परचून की दुकानों में भी दूध की सप्लाई शुरू कर सकते हैं. किसानों से सीधे दूध खरीदने वाली डेयरी के अलावा जो लोग डेयरी बिजनेस कर रहे हैं उनके लिए सरकार ने हाल ही में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) में रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य कर दिया है.

Advertisement

डेयरी बिजनेस शुरू करने के लिए आप नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसमें ट्रेनिंग से लेकर डेयरी चलाने और लोन कैसे मिलेगा, इन सब बातों की जानकारी दी गई है. केन्द्र और राज्य सरकारें पशुपालन और डेयरी शुरू करने के लिए कई तरह की सब्सिडी भी देती हैं.

मोबाइल एक्सेसरीज और रिपेयरिंग शॉप  

आज के समय मोबाइल हर किसी की जरूरत बन चुका है. इस वजह से मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान खोलना फायदे का सौदा साबित हो सकता है. इसमें मोबाइल बेचने की दुकान खोलने से काफी कम निवेश लगता है. नोएडा सेक्टर-62 स्थित 'मोबाइल जोन' नाम से मोबाइल एक्सेसरीज और रिपेयरिंग शॉप के मालिक विकास गुप्ता बताते हैं कि उन्होंने शुरुआत में यह बिजनेस शुरू करने में करीब 3 लाख रुपये का पूंजी निवेश किया था. एक साल बाद दो लाख रुपये और निवेश करके बिजनेस को बढ़ाया है. 

विकास का कहना है कि यह बिजनेस 2-3 लाख रुपये में भी शुरू किया जा सकता है. मोबाइल एक्सेसरीज बेचने के साथ अगर आप खुद मोबाइल रिपेयरिंग का भी काम करते हैं तो कम निवेश में अच्छा बिजनेस खड़ा कर सकते हैं. काम बढ़ने पर रिपेयरिंग के लिए एक या दो कर्मचारियों को भर्ती कर सकते हैं. उनका कहना है कि इस बिजनेस में मार्जिन अच्छा होता है.

Advertisement
होम मेड फूड सर्विस शुरू करें

नौकरी की लंबी शिफ्ट के चलते शहरों में नौकरी या दूसरे काम करने वाले लोगों के लिए घर जैसा खाना मिलना मुश्किल होता जा रहा है. यही इस बिजनेस का सबसे बड़ा मौका है. अगर आपके पास खाने बनाने की कला है या आपको इस बिजनेस में थोड़ी भी रुचि है तो आप घर से ही टिफिन सर्विस शुरू कर सकते हैं. शुरुआत में भले ही इसमें कम मुनाफा हो, लेकिन जैसे जैसे नेटवर्क बढ़ेगा आपको इससे बढ़िया कमाई हो सकती है. 

आप अपना खाना ऑनलाइन बेचने के लिए जोमैटो या स्विगी जैसे फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से भी जुड़ सकते हैं. इसमें शुरुआती इनवेस्टमेंट 1-2 लाख रुपये से शुरू हो सकता है. शुरुआत में आपको खाना बनाने के बर्तन और टिफिन आदि खरीदने होंगे. इसके अलावा एक कर्मचारी भी रखना होगा जो कि आपके खाने की आसपास के इलाकों में सप्लाई कर सके.

छोटा किराना स्टोर कराएगा बड़ा फायदा 

ग्रॉसरी का बिजनेस ऐसा है जो हर हाल में चलता ही है. आप शुरुआत में घर में रोजाना की जरूरत वाली चीजों से एक मिनी ग्रॉसरी स्टोर से शुरुआत कर सकते हैं. अगर अपने घर के आसपास या मार्केट में छोटी सी दुकान खोल लेते हैं तो भी 4-5 लाख रुपये के निवेश से 100–150 प्रोडक्ट रखकर इस बिजनेस की शुरुआत कर सकते हैं. मांग बढ़ने पर आप धीरे-धीरे स्टॉक बढ़ा सकते हैं. शुरुआत में ज्यादा बड़ा स्टॉक रखने की जरूरत नहीं होती, बल्कि आप अपने इलाके की जरूरत के हिसाब से चुनिंदा सामान बेच सकते हैं.

दिल्ली यूनीवर्सिटी के राजधानी कॉलेज में अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर शिवा जी लल्लनटॉप से बताते हैं कि किराना बिजनेस छोटे शहरों खासतौर से कस्बों में काफी लोकप्रिय बिजनेस है. ग्रॉसरी का सामान जैसे कि आटा, दाल, तेल हो या छोटे-मोटे घरेलू सामान की मांग हमेशा रहती है. यही वजह है कि यह बिजनेस हमेशा चलने वाला और ठीक ठाक कमाई देने वाला माना जाता है.

उनका कहना है कि सामान्य किराना के सामान के अलावा इन दिनों ऑर्गेनिक दालों और दूसरे खाने की चीजों की भी मांग बढ़ी है. आप इन उत्पादों को किसानों से सीधे खरीदकर अपने स्टोर में बेच सकते हैं. किसानों से सीधे खरीदने पर ज्यादा मुनाफा कमाया जा सकता है.

हैंडमेड प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ी

जिस तरह से बीमारियों से बचने के लिए आजकल लोग ऑर्गेनिक फूड को तेजी से अपना रहे हैं, उसी तरह हाथ से बने सामान की मांग भी बढ़ी है. इसी वजह से इन उत्पादों का बिजनेस काफी फल फूल रहा है. हैंडमेड मोमबत्तियां, कंगन, झुमके, मग, नोटबुक, फ्रेम, साबुन हों या क्रोशिए से बने बैग और कपड़े, आप इन्हें खुद बनाकर या बनवाकर अपनी दुकान में बेच सकते हैं. या इन्हें ऐमजॉन, फ्लिटकॉर्ट या मीशो जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर आसानी से बेच सकते हैं.

घर पर बेकरी शुरू करें

घर पर बेकरी शॉप खोलकर आप केक और मिठाइयों से इस बिजनेस की शुरुआत कर सकते हैं . बर्थ डे, वेडिंग एनीवर्सिरी और दूसरे मौकों पर केक का चलन काफी बढ़ रहा है. इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इस बिजनेस को शुरू करने से पहले आपको अच्छी क्वालिटी वाले किचन के अप्लाइसेंज खरीदने होंगे. इसके अलावा आपको FSSAI में इस बिजनेस को शुरू करने से पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा. अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से भी जुड़ सकते हैं.

वीडियो: स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज पर टोल वसूलने की तैयारी, ईरानी संसद में बिल प्रस्ताव होगा?

Advertisement