सितंबर में रिटेल महंगाई दर बढ़कर 5.54% पर पहुंच गई है. इसका असर आम आदमी की रसोई से लेकर रोजमर्रा के खर्चों पर दिख रहा है. अगस्त में रिटेल महंगाई दर 4.83% रही थी. सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है. सितंबर की महंगाई दर नई सीरीज के तहत 2026 में अब तक की सबसे ज्यादा है. सरकार ने रिटेल महंगाई दर के लिए बेस ईयर 2024 रखा है. इससे पहले अगस्त में उपभोक्ता कीमतों में 4.83% और जुलाई में 4.45% की वृद्धि हुई थी.
सितंबर में 5.54% बढ़ी खुदरा मंहगाई दर, 23 महीने का रिकॉर्ड टूटा, फीकी हुई त्योहारों की रंगत
सितंबर में महंगाई के तगड़े अटैक ने त्योहारों की रौनक फीकी कर दी है. खाने-पीने की चीजों के दाम तेजी से बढ़ें हैं. आम आदमी के रोजमर्रा के ही बजट पर नहीं, बल्कि फेस्टिव सीजन की खरीदारी पर इसका असर दिख रहा है.

इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक यह चौथा महीना है जब महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 4% के टारगेट से ऊपर बनी हुई है. रिटेल महंगाई दर पहली बार जून में RBI के 4% के टारगेट से ऊपर गई थी.
ये भी पढ़ें: कैंसर की 100 रुपये की दवा 30 रुपये में मिलेगी? सरकार ट्रेड मार्जिन 70% तक कम करेगी
सितंबर में खाने-पीने की चीजों से जुड़ी महंगाई दर (रिटेल फूड इंफ्लेशन) बढ़कर 7.74% हो गई. अगस्त में 5.97% थी. प्रमुख सब्जियों और दूसरे खाने-पीने के चीजों के दाम लगातार बढ़ने से रिटेल महंगाई दर में इजाफा हुआ है. खाने-पीने की चीजों की बात करें, तो प्याज की महंगाई दर अगस्त में 48.78% से बढ़कर सितंबर में 108.09% हो गई. इस वजह से यह सरकारी आंकड़ों में शामिल पांच महंगी चीजों में प्याज है. प्याज ही है जिसकी कीमत इस दौरान सबसे ज्यादा बढ़ी है.
लहसुन की महंगाई दर अगस्त के 43.60% के मुकाबले सितंबर में बढ़कर 54.62% हो गई. हालांकि, अदरक कुछ सस्ती हुई है. अगस्त में अदरक की मुद्रास्फीति 73.82% रही थी लेकिन सितंबर में यह घटकर 62.85% हो गई. वहीं नींबू महंगा हुआ है. नींबू की महंगाई दर अगस्त में 15.15% से बढ़कर सितंबर में 36.41% हो गई.
RBI ने बढ़ाया महंगाई का अनुमानरिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए अपने महंगाई दर के अनुमान को पहले के 5% से बढ़ाकर 5.2% कर दिया है. आरबीआई का कहना है कि कच्चे तेल, खाने-पीने की चीजों के बढ़ते दामों और कमजोर रुपये के चलते इस दौरान महंगाई दर ऊंची रह सकती है.
वहीं, ध्यान देने वाली बात ये है कि सितंबर महंगाई दर के आंकड़े RBI के रेपो रेट में बढ़ोतरी के बाद आए हैं. 7 अक्टूबर को आरबीआई ने बेंचमार्क रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट्स का इजाफा किया था. आरबीआई ने रेपो रेट 5.25% से बढ़ाकर 5.5% कर दिया था. इसका असर दिखना अभी बाकी है.
वीडियो: 'मुझे अरेस्ट, डिटेन नहीं, किडनैप किया गया', ध्रुव राठी ने रिहा होने के बाद गंभीर आरोप लगाए










