The Lallantop

LPG Cylinder: एलपीजी कनेक्शन है तो जरूरी अपडेट जान लें, नहीं तो हो जाएगी बड़ी मुश्किल

LPG Aadhaar e-KYC: अगर आप एलपीजी कनेक्शन का इस्तेमाल करते हैं तो 16 अगस्त से पहले जरूरी काम कर लें. ई-केवाईसी कराना जरूरी है और अगर डेडलाइन तक ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो घरेलू सिलेंडर वाली दरों पर सिलेंडर नहीं ले सकेंगे.

Advertisement
post-main-image
घरेलू गैस सिलेंडर के लिए ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख 16 अगस्त है (फोटो क्रेडिट: Business Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • इंडियन ऑयल ने ग्राहकों को 16 अगस्त, 2026 तक घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर पाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
  • सरकार ने एलपीजी कनेक्शनों के दुरुपयोग और कालाबाजारी रोकने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी अनिवार्य किया है, ताकि सब्सिडी सीधे वास्तविक लाभार्थियों को मिले।
  • यदि ग्राहक 16 अगस्त तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो वे घरेलू दर पर सिलेंडर प्राप्त करने के पात्र नहीं रहेंगे और अस्थायी रूप से व्यावसायिक दरों पर खरीदना होगा।

क्या आपको भी एलपीजी (LPG) सिलेंडर की ई-केवाइसी (e-KYC) कराने के लिए फोन या मैसेज आया है? क्या ऐसा न करने पर गैस कनेकशन बंद होने की बात कही गई है? अगर हां,  तो आप इस तरह की सूचना पाने वाले अकेले आदमी नहीं हैं. गैस कंपनियां लाखों एलपीजी कनेक्शन होल्डर्स को ये जरूरी मैसेज भेज रही हैं.

Advertisement
16 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने का निर्देश

बिजनेस टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक एलपीजी ग्राहकों के पास अभी 5 दिनों का समय है. घरेलू सिलेंडर मिलने में परेशानी न हो, इसके लिए आधार बेस्ड बायोमेट्रिक अथेंटिकेशन पूरा करने के लिए डेडलाइन 16 अगस्त है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि इंडियन ऑयल ने ग्राहकों से 16 अगस्त, 2026 तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है. सरकार एलपीजी कनेक्शनों के वेरिफिकेशन को लेकर सख्ती बरत रही है. यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत न आने वाले ग्राहकों पर भी लागू होती है.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, ई-केवाईसी कराने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी वाले या घरेलू दर वाले सिलेंडर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचें. साथ ही, पारदर्शिता बढ़ाने और एलपीजी कनेक्शनों के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर अंकुश लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें: महंगाई की मार! तेल-साबुन से लेकर चाय और बिस्कुट भी होंगे महंगे, FMCG कंपनियां देंगी बड़ा झटका!

16 अगस्त की डेडलाइन चूकने पर क्या होगा?

इंडियन ऑयल ने चेतावनी दी है कि अगर ग्राहक तय तारीख तक ई-केवाईसी नहीं कराते हैं, तो घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर नहीं ले सकेंगे. 

Advertisement

इंडियन ऑयल ने ग्राहकों को संदेश भेजा है. इसमें लिखा है, "प्रिय ग्राहक, घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने के लिए आपको ई-केवाईसी करना अनिवार्य है. पहले भी याद दिलाने के बावजूद आपने अभी तक ई-केवाईसी नहीं किया है. 

आप इंडियन ऑयल वन ऐप के जरिये घर बैठे, अपने वितरक के पास जाकर या डिलीवरी बॉय के माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं. 16 अगस्त, 2026 तक ई-केवाईसी न करने पर, ई-केवाईसी पूरा होने तक आप घरेलू दरों पर सिलेंडर प्राप्त करने के पात्र नहीं रहेंगे. कृपया जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरा करें."

इसका मतलब यह नहीं है कि एलपीजी कनेक्शन रद्द ही होगा. हालांकि, सत्यापन पूरा होने तक ग्राहकों को घरेलू दर वाले सिलेंडर अस्थायी रूप से नहीं मिल पाएंगे. खबरों में यह भी कहा गया है कि इस दौरान ग्राहकों को व्यावसायिक दरों पर सिलेंडर खरीदने पड़ सकते हैं.

ये भी पढ़ें: कल्याण ज्वेलर्स के शेयर हुए रॉकेट, महीनेभर में 63% की तेजी, एक्सपर्ट्स की राय भी जान लें

आधार e-KYC क्यों लागू किया जा रहा है?

बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का उद्देश्य है कि एलपीजी कनेक्शन का उपयोग करने वाले ग्राहक फर्जी न हों. सरकार घरेलू एलपीजी आपूर्ति में पारदर्शिता बढ़ाने और दुरुपयोग को रोकने के प्रयासों के तहत इस प्रक्रिया को बढ़ावा दे रही है.

ई-केवाईसी मार्च 2026 में गैर-उज्ववला योजना के ग्राहकों के लिए अनिवार्य हो गई थी. लेकिन कई उपभोक्ताओं ने अभी तक सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं की है. इसके चलते, ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 16 अगस्त की समय सीमा से याद दिलाने के लिए सूचना भेज रही हैं.

इंडियन ऑयल ने 11 अगस्त को इस बात पर जोर देते हुए कहा है कि बिना रुकावट एलपीजी के लिए आज ही अपना बायोमेट्रिक आधार अथेंटिफिकेशन (ईकेवाईसी) पूरा करें!" इसने ग्राहकों को इंडियनऑयल वन ऐप का इस्तेमाल करने, डिलीवरी कर्मियों द्वारा प्रक्रिया पूरी करवाने या इंडेन वितरक के पास जाने का निर्देश दिया है.

Indane गैस ई-केवाईसी कैसे पूरा करें

इंडेन के ग्राहक इंडियन ऑयल वन ऐप और आधार फेसआरडी ऐप का उपयोग करके घर बैठे ही इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं. सबसे पहले, अपने खाते से जुड़े मोबाइल नंबर और ईमेल का उपयोग करके इंडियनऑयल वन ऐप पर पंजीकरण करें. कैश मेमो या सदस्यता वाउचर पर दिए गए 16 अंकों के एलपीजी आईडी को जोड़ें.

 उपभोक्ता विवरण दिखाई देने के बाद, 'मेरी प्रोफ़ाइल' पर जाएं और पुनः केवाईसी विकल्प चुनें.निर्देशों और सहमति संबंधी जरूरतों को स्वीकार करने के बाद, फेस अथेंटिफिकेशन का विकल्प चुनें और FaceRD एप्लिकेशन के माध्यम से आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा करें. इसके अलावा, ग्राहक वैकल्पिक रूप से अपने इंडेन गैस एजेंसी जाकर या सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान डिलीवरी कर्मियों के साथ इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: केंद्र सरकार ने गोबर्धन बायोगैस योजना शुरू की, खास बातें जान लीजिए

भारत गैस के ग्राहक ई-केवाईसी कैसे पूरा कर सकते हैं

भारत गैस के ग्राहक हेलो बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड) ऐप का उपयोग कर सकते हैं. पंजीकरण करने के बाद, होम स्क्रीन पर ई-केवाईसी विकल्प चुनें. इस प्रक्रिया में पंजीकृत मोबाइल नंबर का उपयोग करके ओटीपी सत्यापन शामिल है. इसके बाद लागू नियमों और शर्तों को स्वीकार करना होता है. फिर ग्राहक प्रमाणीकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकते हैं.

एचपी गैस के ग्राहक ई-केवाईसी कैसे पूरा कर सकते हैं

एचपीसीएल यानी हिन्दुस्तान पेट्रोलिय कारपोरेशन लिमिटेड गैस के ग्राहक एचपी पे ऐप या आधार फेसआरडी ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. एलपीजी खाते से जुड़े मोबाइल नंबर से एचपी पे पर पंजीकरण करने के बाद, ग्राहकों को ओटीपी के माध्यम से खाते का सत्यापन करना होगा . 

साथ ही एक एमपीआईएन बनाना होगा. इसके बाद वे माई एचपी सेक्शन में जाकर एलपीजी का चयन कर सकते हैं और ई-केवाईसी चुन सकते हैं. सहमति देने के बाद, 'फेस कैप्चर करें' चुनें. आधार फेसआरडी ऐप खुल जाएगा और ग्राहक को चेहरे की पहचान की प्रक्रिया में मदद करेगा.

वीडियो: कांस्टेबल की मौत के 42 दिन बाद आया आयुष्मान भारत का मैसेज

Advertisement