गुरुग्राम में एक फ्लैट 271 करोड़ रुपये का बिका है. इसे रियल एस्टेट कंपनी DLF ने बनाया है. इस रिहायशी परियोजना का नाम है ‘The Dahlias’. इसमें एक पेंटहाउस कथित तौर पर 271 करोड़ रुपये में खरीदा गया है. गुरुग्राम में 50-100 करोड़ रुपये के फ्लैट बिकने की अक्सर चर्चा होती रही है. लेकिन इस बार मामला 200 करोड़ रुपये के पार चला गया है.
गुरुग्राम में एक फ्लैट ₹271 करोड़ में बिका, पता है खरीदार कौन है?
ये सुपर लग्जरी रेजीडेंशियल प्रोजेक्ट गुरुग्राम के डीएलएफ फेज -5 में स्थित है. इस सोसायटी में फ्लैटों की कीमत 100 करोड़ से शुरू होती है.

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत के आवासीय बाजार में किसी सिंगल फ्लैट की ये अब तक की सबसे बड़ी डील है. क्षेत्रफल के हिसाब लगाने पर यह सौदा लगभग 1.58 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट और कारपेट एरिया के हिसाब से करीब 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट बैठता है. प्रति वर्ग फुट के हिसाब से ये देश के सबसे महंगे आवासीय सौदों में से एक भी हो सकता है.
किसने ये फ्लैट खरीदा ?न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक 17,200 वर्ग फुट का यह पेंटहाउस मानव सरदाना ने खरीदा है. ये पेंटहाउस का सुपर एरिया है. कारपेट एरिया 10,500 वर्ग फुट है. मानव सरदाना कारोबारी हैं और इंपीरियल ऑटो कंपनी के साथ लंबे वक्त से जुड़े हैं.
DLF ने अक्टूबर 2024 में गुरुग्राम के DLF फेज 5 में इस सुपर लग्जरी रेजीडेंशियल प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी. यह योजना 17 एकड़ में फैली है. इस प्रोजेक्ट में 420 अपार्टमेंट और पेंटहाउस शामिल हैं. इस प्रोजेक्ट में हर फ्लैट की कीमत 100 करोड़ रुपये से 170 करोड़ रुपये के बीच है.
पेंटहाउस की कीमत इससे भी ज्यादा है. DLF को उम्मीद है कि इस प्रोजेक्ट से कुल राजस्व 40,000 करोड़ रुपये से अधिक होगा. इस आवासीय योजना के 65% से अधिक फ्लैट्स पहले ही बिक चुके हैं. माना जाता है कि उनकी इस योजना का नाम डहलिया फूल के नाम पर रखा गया है.
ये भी पढ़ें: नोएडा में प्रॉपर्टी है तो दिल्ली-मुंबई वालों के आगे भी इतरा सकते हैं, कीमतें आसमान पर हैं
द डहलियाज से पहले, DLF की एक और लग्जरी रेजीडेंशियल सोसायटी ‘द कैमेलियाज’ का भी खूब नाम उछलता रहता है. यहां भी फ्लैट की कीमत 100 करोड़ के आसपास हैं. कई फ्लैट तो इससे भी महंगे हैं. दिसंबर 2024 में एक बिजनेसमैन ऋषि पार्टी ने द कैमेलियाज में 16,290 वर्ग फुट का पेंटहाउस खरीदा था. इस फ्लैट की उस वक्त कीमत 190 करोड़ रुपये बताई गई थी. यह डील प्रति वर्ग फुट लगभग 1.8 लाख रुपये के हिसाब से हुई थी.
कैमेलियाज में अन्य बड़े सौदे भी हुए हैं. इनमें लगभग 11,000 वर्ग फुट के अपार्टमेंट की 114 करोड़ रुपये में बिक्री शामिल है. कई अन्य घरों ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. द कैमेलियाज के जाने-माने खरीदारों में से एक बर्कशायर हैथवे के वाइस प्रेसीडेंट और वॉरेन बफेट के सबसे करीबी अधिकारियों में से एक अजीत जैन हैं. अजीत जैन ने लगभग 85 करोड़ रुपये में 7,400 वर्ग फुट का अपार्टमेंट खरीदा था.
वीडियो: अहमदाबाद में PG की छत पर महिला का रेप, CCTV में गार्ड क्या करता दिखा?












