WhatsApp पर भद्दे मैसेज से हैं परेशान, आ गया है ये काम का फीचर
WhatsApp पर आ गए हैं फ्लेश कॉल और मैसेज लेवल रिपोर्टिंग फीचर्स.
Advertisement

UPI सर्विस के माध्यम से ऐसा हो सकता है
इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp में दो नए फीचर और आ गए हैं. ये दोनों ही फीचर्स यूज़र्स की सेफ्टी से संबंधित हैं. आम यूज़र्स की भाषा में कहें तो ये नए फीचर्स वॉट्सऐप एंड्रॉयड यूज़र्स के अकाउंट की सुरक्षा को और मजबूत करने का काम करेगें. अब आप अपने ऐप में फ्लैश कॉल्स और मैसेज रिपोर्टिंग फीचर्स इस्तेमाल कर सकेंगे. बता दें कि WhatsApp में पहले से ही यूजर्स के अकाउंट को पूरी तरह से सुरक्षित रखने के लिए फेस आईडी या टच स्क्रीन लॉक और टू स्टेप वेरिफिकेशन जैसे फीचर्स मौजूद हैं. Meta के इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने अब इसी प्रकिया को और आगे बढ़ाते हुए दो नए फीचर जोड़ दिए हैं. बता दें कि WhatsApp द्वारा इन फीचर्स में से एक फीचर फ्लेश कॉल्स को अभी एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर लाया गया है. फ्लैश कॉल्स फीचर्स iPhone पर आएगा या नहीं, इस पर स्थिति साफ नहीं है. जबकि मैसेज लेवल रिपोर्टिंग पहले से आईओएस ऐप में मौज़ूद है.
WhatsApp Android ऐप में फ्लैश कॉल्स
फ्लैश कॉल्स फीचर यूज़र को उनके फोन को वैरिफाई करने के लिए ऑटोमेटेड कॉल का विकल्प देता है. दरअसल अब तक आप जब भी WhatsApp अपने मोबाइल पर एक्टिवेट करते थे या रीइंस्टॉल करते थे तो अपने फोन नंबर के वेरिफिकेशन के लिए आपको टेक्स्ट मैसेज का सहारा लेना होता था. एक ओटीपी आता है जिसे वॉट्सऐप पर डालना होता था. कई लोगों के लिए यह प्रक्रिया थोड़ी उबाऊ थी और कभी-कभार SMS आता भी नहीं था या देर से आता था. अब नए फीचर फ्लैश कॉल्स से ऑटोमेटेड कॉल के साथ ही आपका नंबर वैरिफाई हो जाएगा. बस आपको ये विकल्प चुनना है. फिर आपके फोन पर WhatsApp की तरफ से एक कॉल आएगा, मिस्ड कॉल जैसा और वेरिफिकेशन पूरा. ध्यान रखें कि ये भी एक विकल्प है जिसको आप चुन सकते हैं पुराने टेक्स्ट मैसेज वाले विकल्प के साथ.
वॉट्सऐप में मैसेज लेवल रिपोर्टिंग
WhatsApp ने फर्जी मैसेज या आपत्तिजनक मैसेज पर बीते दिनों काफी काम किया है और अब इसको रिपोर्ट करना और भी आसान हो जाएगा. किसी भी मैसेज को WhatsApp को रिपोर्ट करने के लिए आपको सिर्फ उस मैसेज पर लॉन्ग प्रेस करना है और ब्लॉक या रिपोर्ट का पॉप अप आपको दिखने लगेगा. सबसे अच्छी बात ये है कि जिसने भी आपको ये मैसेज भेजा है, रिपोर्ट करने पर WhatsApp उस व्यक्ति को कोई नोटिफिकेशन नहीं भेजेगा. आपको दोनों फीचर का इस्तेमाल करने के लिए मैसेजिंग ऐप के लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करना होगा. आप गूगल प्ले स्टोर पर जाकर ऐसा कर सकते हैं.
Advertisement









