The Lallantop

स्टॉप क्लॉक, मॉड्युलर स्टेडियम, T20 World Cup 2024 में क्या-क्या होगा जो पहले कभी नहीं हुआ?

2 जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले T20 world cup 2024 में बहुत कुछ नया और पहली बार होगा. 'स्टॉप क्लॉक ' चलेगी तो मैच मॉड्युलर स्टेडियम में खेले जाएंगे. पिच ऑस्ट्रेलिया से समुंदर का रास्ता तय करके आएगी तो टी-20 में 20 टीमों का तड़का भी लगेगा.

Advertisement
post-main-image
इस बार t20 world cup 2024 में बहुत कुछ पहली बार होगा.

क्रिकेट में गेम जीतने के लिए टीम और उसके खिलाड़ी (t20 world cup 2024) जितनी मेहनत करते हैं उतनी ही तिकड़म भी लगाते हैं. तिकड़मों का इतिहास काफी पुराना है. मसलन 1932–33 Ashes सीरीज की बॉडीलाइन गेंदबाजी हो या फिर 1981 की ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड मैच की underarm बॉलिंग. ज्यादा दूर नहीं जाएं तो कुछ महीने पहले खत्म हुए वनडे वर्ल्ड कप में पाक कप्तान बाबर आजम ने भी कुछ ऐसा किया था. पाकिस्तान के 270 रन के जवाब में साउथ अफ्रीका ने 4 विकेट पर 200 रन बना लिए थे. लग रहा था कि साउथ अफ्रीका आराम से मैच जीत लेगा. मगर तभी बाबर आजम ने गेम को स्लो कर दिया. बाबर की ट्रिक काम की और अफ्रीकी बल्लेबाजों का मोमेंटम टूट गया. स्कोर 260/9 हो गया. हालांकि जैसे-तैसे साउथ अफ्रीका ने मैच जीत लिया.

Advertisement

अब जो आपको लगे कि हम आज 30 मई 2024 को क्या इतिहास और वर्तमान कर रहे तो बात दरअसल एक नियम से जुड़ी हुई है. ये नियम अगर होता तो फिर बाबर आजम ऐसा कछु नहीं कर पाते. कोई बात नहीं, तब ना सही अब सही. जब जागे तब सवेरा. नया नियम 2 जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में लागू होगा. 'स्टॉप क्लॉक ' लगेगी और इसके साथ कई और चीजें पहली दफा होंगी इस वर्ल्ड कप में. आप जान लीजिए.

स्टॉप क्लॉक

किसी ICC टूर्नामेंट में पहली बार स्टॉप क्लॉक नियम लागू होगा. बॉलिंग टीम को 2 ओवर के बीच 60 सेंकेड का ही टाइम मिलेगा. इधर ओवर खत्म उधर थर्ड अंपायर मैदान में लगी टीवी स्क्रीन पर टाइमर शुरू कर देगा. अगर अगला ओवर स्टार्ट होने में 60 सेकेंड से ज्यादा लगे तो फील्ड अंपायर 2 बार फील्डिंग टीम के कप्तान को वॉर्निंग देगा. पारी में 3 बार अगर ऐसा हुआ तो फिर 5 रन की पेनल्टी लगेगी. ये 5 रन बैटिंग टीम के स्कोर में जुड़ेंगे. पारी में हर तीसरी गलती पर बॉलिंग टीम पर पेनल्टी लगेगी. इस नियम को पिछले साल दिसंबर में शुरू किया गया था और अब ये स्थाई हो गया है.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर
अलग-अलग बोर्ड करेंगे मेजबानी

वनडे वर्ल्ड कप में तो ऐसा कई बार हो चुका है, मगर टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार होगा जब दो बोर्ड टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे. वेस्टइंडीज और USA क्रिकेट एसोसिएशन मिलकर इस टूर्नामेंट का आयोजन करने वाले हैं. इसके पहले अभी तक आठ वर्ल्ड कप हुए हैं जिनका मेजबान सिर्फ एक बोर्ड रहा है. वेस्टइंडीज तो पुराना चावल है, लेकिन अमेरिका को पहली बार किसी भी ICC इवेंट की मेजबानी मिली है. अमेरिका 2028 में ओलिंपिक भी होस्ट करेगा, जिसमें क्रिकेट को शामिल किया गया है.

टी-20 में 20 टीमों का तड़का

टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार 20 टीमें खेलने वाली हैं. 5-5 टीमों के 4 अलग ग्रुप. हर ग्रुप की 2-2 टॉप टीमें सुपर-8 स्टेज के 2 ग्रुप में जाएंगी. यहां दोनों ग्रुप की 2-2 टॉप टीमों के बीच सेमीफाइनल होंगे, जिन्हें जीतने वाली टीमों के बीच 29 जून को बारबाडोस में फाइनल खेला जाएगा. बस फाइनल भी दो बार खेला जाता तो कसम से पढ़ते समय राइमिंग का मजा मिलता.

मॉड्युलर स्टेडियम

अब अमेरिका ठहरा बेसबॉल, बास्केटबॉल वाला देश. तो वहां ग्राउन्ड तो खूब हैं, मगर क्रिकेट स्टेडियम नहीं. इसका तोड़ निकाला गया मॉड्युलर स्टेडियम बनाकर. एकदम मॉड्युलर किचन के जैसे. कहीं की ईंट और कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा वाला फॉर्मूला अपनाया गया. ऑस्ट्रेलिया से पिच और स्टैंड्स फॉर्मूला-1 से उठा लिए गए. जहां पिछले साल तक अमेरिका में एक भी ढंग का स्टेडियम नहीं था, वहीं अब सब तैयार हो चुका है. नसाउ काउंटी स्टेडियम क्रिकेट का पहला मॉड्युलर स्टेडियम है. न्यूयॉर्क के इस स्टेडियम में 34 हजार दर्शक बैठ सकेंगे. हां, ये व्यवस्था स्थाई नहीं है. मैच खत्म होते ही सब अपनी जगह और स्टेडियम की जगह पार्क नजर आएंगे.

Advertisement
ड्रॉप-इन पिच

जब स्टेडियम ही नहीं था तब पिच कहां से होती भला. इसलिए ड्रॉप-इन पिच वाला फॉर्मूला लगाया गया. एकदम नाम के माफिक. कहीं से पिच उठा लाओ और ड्रॉप कर दो. कुल 10 पिचें ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर में बनाई गईं फिर करीब 30 टन वजनी पिचों को समुंदर के रास्ते अमेरिका के फ्लोरिडा शहर पहुंचाया गया. फ्लोरिडा में 5 महीने तक इनके ऊपर काम करके इसी महीने नसाउ स्टेडियम में फिट कर दिया गया. पिच को एडिलेड ओवल टर्फ सॉल्यूशन कम्पनी ने अमेरिका की ही द लैंडटेक कम्पनी के साथ बनाया है. इस प्रोजेक्ट को एडिलेड स्टेडियम के हेड पिच क्यूरेटर डैमियन हॉग ने लीड किया. जेहन में अगर सवाल कौंध रहा हो कि मैच न्यूयॉर्क में होने हैं तो पिचें फ्लोरिडा से क्यों. क्योंकि न्यूयॉर्क का मौसम पिच को तैयार रखने लायक नहीं है. वहां जाड़ा बहुत पड़ता है.

चलिए जानकारी खत्म. अब 2 जून से मैच का आनंद लेने को तैयार रहिए.

वीडियो: Shah Rukh Khan ने IPL 2024 की जीत के बाद बताया कि KKR के क्या मायने हैं

Advertisement