The Lallantop

Redmi Note 15 Pro: मक्खन डिस्प्ले, 200 मेगा पिक्सल कैमरा, पूरे दिन की बैटरी, बस एक कसर रह गई

हम Redmi Note 15 Pro को महीने भर से चला (Redmi Note 15 Pro Review) रहे हैं. जानते हैं कि बजट में शानदार फोन देने वाले कंपनी के पुराने दावे में कितना दम है. पता करते हैं कि क्या पुराना अनुशासन अभी भी कायम है. देखते हैं ये 'नोट' चलेगा या बंद होगा.

Advertisement
post-main-image
Redmi Note 15 Pro

Xiaomi के सब-ब्रांड Redmi की Note सीरीज में नोट बस यूं ही नहीं लगा है. Redmi Note सीरीज ने कंपनी को बहुत नोट गिनकर दिए. इस सीरीज के कुछ डिवाइस तो ब्लैक मार्केट में भी बिके. सीरीज का जलवा ऐसा कि इसने शाओमी को कई सालों तक इंडिया में नंबर वन बनाए रखा. लेकिन फिर बात थोड़ी बिगड़ गई. कंपनी के हाथ से इंडिया का मार्केट फिसल गया. लेकिन अब कंपनी फिर से वापसी की कोशिश कर रही है. फोन के साथ लाइफ स्टाइल प्रोडक्ट पर दांव लगा रही है. इसी प्रोसेस में Redmi Note 15 के बाद Redmi Note 15 Pro लेकर आई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

हम भी इस डिवाइस को महीने भर से चला रहे हैं. जानते हैं कि बजट में शानदार फोन देने वाले पुराने दावे में कितना दम है. पता करते हैं कि क्या पुराना अनुशासन अभी भी कायम है. देखते हैं ये 'नोट' चलेगा या बंद होगा.

Redmi Note 15 Pro डिजाइन

Note 15 Pro का डिजाइन सब्जेक्टिव है. जैसे मुझे डिवाइस थोड़ा भारी लगा. लगातार इस्तेमाल करने पर हाथ दुखने लगा. मुझे फोन कुछ ज्यादा ही बड़ा लगा लेकिन मेरे भाई को इससे कोई दिक्कत नहीं हुई. हालांकि बैक पैनल को लेकर हम दोनों एक ही तरफ खड़े दिखे. ग्लॉसी बैक पैनल हाथों में पसीना आने पर फिसलने लगता है. इसलिए बॉक्स के साथ में आए बैक कवर को लगाकर रखना ही ठीक है.

Advertisement
Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro 

6.8-inch AMOLED डिस्प्ले बढ़िया काम करता है. भरे उजियारे में भी स्क्रीन साफ नजर आती है. इसी रेंज के दूसरे डिवाइस के मुकाबले इस फोन में कंट्रास्ट डीप है और मोशन मक्खन जैसा फील होता है. 120Hz का रिफ्रेश रेट है. ये बताना नहीं चाहिए लेकिन इसलिए बता दिया क्योंकि जो 60 हर्ट्ज डिस्प्ले को अच्छा बताते हैं उनको ये बात पता होनी चाहिए कि फोन का मतलब ही 120 हर्ट्ज डिस्प्ले होता है. हैंडसेट को Corning Gorilla Glass Victus 2 प्रोटेक्शन भी मिला हुआ है. प्रोटेक्शन की बात हो रही तो अभी बता देते हैं कि फोन में IP66 + IP68 + IP69 + IP69K रेटिंग है. मतलब धूल-पानी के साथ फोन आंधी वाली धूल और बौछार वाला पानी भी झेल जाएगा. बढ़िया बात.

Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro कैमरा

खिचक-खिचक करने के लिए फोन के पीछू तरफ 200MP का मास्टर पिक्सल लेंस लगा हुआ है. 8MP का अल्ट्रा वाइड एंगल सेंसर और 20MP का फ्रंट शूटर भी है. पेपर पर मामला तगड़ा है लेकिन रियल वर्ल्ड में चीजें शानदार नहीं बस ठीक हैं. 

Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro

फोटो के कलर नेचुरल और बाइब्रेंट नहीं लगते. मेन लेंस की तस्वीरों में डिटेल भी कम दिखता है, स्पेशली अल्ट्रा-वाइड तस्वीरों में. पोर्ट्रेट मोड अच्छा है और लो लाइट भी ठीक है. मैंने जीतने फोटो क्लिक किए उसमें रिजल्ट अच्छा दिखा. मेरी राय में कैमरा हार्डवेयर अच्छा है लेकिन सॉफ्टवेयर पर काम होना बाकी है.

Advertisement
Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro

AI फीचर्स जैसे- Al Erase Pro, Al Remove Reflection, Al Image Expansion, Al Sky, Al Bokeh, Al Cutouts,  Al Beautify मिलेंगे, लेकिन मैं इनका मुरीद कभी नहीं रहा. AI से ही फोटो बनाना है तो फिर लेंस की क्या जरूरत.  

Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro बैटरी

फोन में 6,580mAh लगी है जो आराम से पूरे दिन चलती है. पूरे दिन से मतलब शाम को घर जाकर चार्जर में खोंसने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रात तक काम चलेगा. बॉक्स के साथ आया 45W का चार्जर भी अपना काम करता है. चाय बनाकर सुड़कते हुए फोन ठीक-ठाक चार्ज हो जाता है. लेकिन इतनी बड़ी बैटरी के साथ बड़ा चार्जर होना चाहिए था.

Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro
Redmi Note 15 Pro फैसला

Note 15 Pro के 8GB+128GB मॉडल की कीमत 29,999 रुपये है. फोन ओवरप्राइज़ है. इसके साथ में एंड्रॉयड 15 पर बेस्ड HyperOS 2.0 भी पुराना लगता है. कंपनी चार साल का एंड्रॉयड अपडेट देने वाली है, मगर जब एंड्रॉयड 17 आने वाला है तो ऐसे में 15 पुराना लगता है. देखने में जो चार साल का अपडेट लग रहा वो असल में तीन साल का ही हुआ. फोन थोड़ा स्लो भी है. ऐप्स वगैरा ओपन करते समय उतना पता नहीं चलता लेकिन क्यूआर कोड स्कैन करते समय जो चंद सेकंड लगते हैं वो साफ पकड़ में आते हैं. ऐसे में तीस हजार का दाम टीस पैदा करता है. 25 से नीचे होता तो फिर भी चलता. इसी सीरीज का Redmi Note 15 इस पैमाने पर एकदम फिट बैठता है.  

वीडियो: लारीजानी की हत्या पर बौखलाया ईरान, क़तर के नेचुरल गैस प्लांट पर हमला, ट्रंप की धमकी

Advertisement